‘लेडी डॉन’ मिंटू चौधरी की हत्या का आज ही खुलने वाला है राज? पति के साथ बेटे को भी पुलिस ने लिया हिरासत में
Who was Minty Chaudhary: जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में डेढ़ साल से लापता सीमा चौधरी उर्फ मिंटू चौधरी का शव करीब 200 फीट गहरे कुएं से मिला है. पुलिस के मुताबिक शव करीब 15 महीने पुराना है और परिजनों ने कपड़ों के आधार पर पहचान की. मिंटू को सांगानेर, श्याम नगर और मुहाना इलाके में ‘लेडी डॉन’ के नाम से जाना जाता था. उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे. अब पुलिस उसकी मौत की परिस्थितियों और शव कुएं तक पहुंचने की जांच कर रही है.
Rajasthan Crime News: जयपुर के मुहाना इलाके में कुएं से मिले करीब 15 महीने पुराने शव की पहचान ‘लेडी डॉन’ मिंटू चौधरी के रूप में हुई है. मिंटू के खिलाफ हत्या और मारपीट समेत 13 आपराधिक मामले दर्ज थे. पुलिस ने मामले की दोबारा जांच शुरू करते हुए उसके पति और बेटे को हिरासत में लिया है. प्रारंभिक जांच में आपसी अनबन को हत्या की वजह माना जा रहा है. डीसीपी साउथ राजर्षि राज के निर्देश पर कार्रवाई जारी है. पुलिस आज दोपहर 1 बजे प्रेस वार्ता कर हत्याकांड का खुलासा करेगी.
जयपुर के सांगानेर, श्याम नगर और मुहाना इलाके में कभी ‘लेडी डॉन’ के नाम से चर्चित रही सीमा चौधरी उर्फ मिंटू चौधरी का शव करीब डेढ़ साल बाद एक गहरे कुएं से मिला है. मुहाना थाना क्षेत्र के बलखण्डी बालाजी चौराहे के पास 200 फीट गहरे कुएं में बुधवार दोपहर शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस के अनुसार शव करीब 15 महीने पुराना बताया जा रहा है. अब पुलिस मिंटू की मौत की परिस्थितियों और शव कुएं तक पहुंचने की गुत्थी सुलझाने में जुटी है.
कौन थी मिंटू चौधरी?
मिंटू चौधरी का असली नाम सीमा चौधरी था. वह जयपुर के कुछ इलाकों में अपराध की दुनिया से जुड़े मामलों के कारण ‘लेडी डॉन’ के नाम से जानी जाती थी. पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे. मूल रूप से देवराजनगर की रहने वाली सीमा का बचपन भी मुश्किलों से भरा रहा. बचपन में ही उसकी मां का निधन हो गया था. परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. उसके पिता भी कमाई के लिए घर से बाहर चले गए थे.
शादी के बाद बदली जिंदगी
सीमा परिवार की इकलौती बेटी थी. उसकी शादी लालाराम से हुई थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका. शादी के कुछ समय बाद ही पति से अलगाव हो गया. सीमा का एक छह साल का बेटा भी है. इसके बाद धीरे-धीरे उसका नाम अपराध से जुड़े मामलों में सामने आने लगा. उपलब्ध पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2009 से अब तक उसके खिलाफ 13 से ज्यादा मामले दर्ज हुए थे.
डेढ़ साल से थी लापता
मिंटू करीब डेढ़ साल से लापता थी. उसके पति लालाराम, निवासी मुहाना, ने करीब सात महीने पहले मुहाना थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी. बुधवार को पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि बलखण्डी बालाजी चौराहे के पास स्थित गहरे कुएं में मिंटू का शव पड़ा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया.
कपड़ों से हुई पहचान
पुलिस ने कुएं से शव बाहर निकलवाया. परिजनों ने पजामा-शर्ट के आधार पर शव की पहचान मिंटू चौधरी के रूप में की. शव काफी पुराना होने के कारण पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
हत्या के एंगल से जांच
मिंटू की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव करीब 200 फीट गहरे कुएं तक कैसे पहुंचा, पुलिस इसकी जांच कर रही है. मुहाना थाना पुलिस हत्या के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है. पुलिस पति समेत संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है.