SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कौन थे बंकर रॉय? दून स्कूल से पढ़ाई, स्क्वैश में नेशनल चैंपियन और 30 लाख ग्रामीणों को बनाया आत्मनिर्भर

बंकर रॉय कौन थे? राजस्थान के तिलोनिया में बेयरफुट कॉलेज की स्थापना कर उन्होंने करीब 30 लाख ग्रामीणों को कौशल प्रशिक्षण दिया. दून स्कूल और सेंट स्टीफेंस से पढ़े बंकर रॉय स्क्वैश के राष्ट्रीय चैंपियन भी रहे. उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.

Written By Ansh Raj
Published: Nov 11, 2026, 09:02 AM IST | Updated: Nov 11, 2026, 09:07 AM IST
Image Credit: Bunker Roy
Join

 

 

 

 

राजस्थान के छोटे से गांव तिलोनिया को दुनिया में पहचान दिलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता और बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक पद्मश्री संजीत उर्फ बंकर रॉय का मंगलवार सुबह निधन हो गया. उन्होंने सुबह 6:30 बजे तिलोनिया स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. निधन के समय वे बेयरफुट कॉलेज के ग्रामीण प्रशिक्षुओं के साथ बैठे थे. बंकर रॉय ने अपना पूरा जीवन ग्रामीणों को हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाने में लगा दिया. उनके प्रयासों से करीब 30 लाख ग्रामीणों को कौशल प्रशिक्षण मिला.

कौन थे बंकर रॉय, कैसे शुरू हुआ ग्रामीण विकास का सफर?

बंकर रॉय देश के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता थे. उन्होंने किशनगढ़ के पास स्थित छोटे से गांव तिलोनिया में बेयरफुट कॉलेज की स्थापना की. उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले निरक्षर और कम पढ़े-लिखे लोगों को हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर बनाना था. उन्होंने ग्रामीणों को कौशल प्रशिक्षण देने का अभियान चलाया. उनके प्रयासों से करीब 30 लाख लोगों को प्रशिक्षण मिला और उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का मौका मिला. तिलोनिया में शुरू हुआ उनका यह काम देश-विदेश में पहचान बनाने में सफल रहा.

 

 

दून स्कूल और सेंट स्टीफेंस से की पढ़ाई

बंकर रॉय ने दून स्कूल और सेंट स्टीफेंस कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से पढ़ाई की थी. सामाजिक कार्यों के अलावा खेल के क्षेत्र में भी उनकी अलग पहचान थी. वे भारत के प्रसिद्ध स्क्वैश खिलाड़ी रहे और राष्ट्रीय चैंपियन भी बने. उन्होंने तीन बार विश्व चैंपियनशिप प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. इस तरह शिक्षा और खेल के क्षेत्र में पहचान बनाने के बाद उन्होंने अपना जीवन ग्रामीण विकास के लिए समर्पित कर दिया.

पद्मश्री मिला, टाइम की 100 प्रभावशाली हस्तियों में शामिल हुए

ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए गए कामों के चलते बंकर रॉय को कई बड़े सम्मान मिले. वर्ष 1996 में तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था. इसके बाद वर्ष 2010 में टाइम पत्रिका की 100 प्रभावशाली हस्तियों की सूची में भी उन्हें जगह मिली. यह सम्मान उनके सामाजिक कार्यों और ग्रामीण समुदायों के लिए किए गए प्रयासों के चलते मिला.

अरुणा रॉय के जीवनसाथी थे बंकर रॉय

बंकर रॉय का निजी जीवन भी सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा. वे मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता और सूचना के अधिकार आंदोलन की प्रमुख हस्ती अरुणा रॉय के जीवनसाथी थे. दोनों ने सामाजिक बदलाव और ग्रामीण समुदायों के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया.

तिलोनिया में होगा अंतिम संस्कार

बंकर रॉय के निधन से तिलोनिया, किशनगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में शोक है. उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को तिलोनिया गांव में किया जाएगा. ग्रामीणों को हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर बनाने की उनकी कोशिशों को लंबे समय तक याद किया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES