)
सीमावर्ती जिले जैसलमेर की ग्रामीण राजनीति में बुधवार को नया इतिहास दर्ज हुआ. महज 21 साल की उम्र में पोकरण विधानसभा क्षेत्र की जीती हुईं संतोष कुमारी भील निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं. साथ ही वह जैसलमेर जिले की सबसे युवा जिला प्रमुख बन गई हैं. कांग्रेस ने वरिष्ठ नेताओं की सहमति से उन्हें जिला प्रमुख पद की जिम्मेदारी सौंपी. संतोष कुमारी ने बुधवार सुबह जिला परिषद पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर, पंचायतीराज चुनाव प्रभारी प्रहलाद गुंजल, पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद और पूर्व विधायक रूपाराम धंदेव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
संतोष कुमारी ने जिला परिषद वार्ड संख्या 21 से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर जिला परिषद में प्रवेश किया था. जिला परिषद की कुल 21 सीटों में से कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत हासिल किया. इसी के चलते उनके निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हुआ. आजादी के बाद पहली बार जिला प्रमुख पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद 21 वर्षीय महिला का इस पद पर निर्विरोध निर्वाचन जिले की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है.
नवनिर्वाचित जिला प्रमुख संतोष कुमारी भील ने इस जिम्मेदारी के लिए जैसलमेर की जनता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया. उन्होंने कहा कि वे सभी को साथ लेकर चलेंगी और जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी. ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य करवाना और महिलाओं को शिक्षा से जोड़कर आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी. उन्होंने कहा कि वे जनता के साथ खड़ी रहकर विकास कार्यों में सहयोग करेंगी.
कांग्रेस पंचायतीराज चुनाव प्रभारी प्रहलाद गुंजल ने चुनाव परिणामों को भाजपा सरकार के खिलाफ जनता का जनादेश बताते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के शासन से प्रदेश की जनता निराश है. भाजपा ने डबल इंजन सरकार का भरोसा दिया था, लेकिन जनता को अपने साथ विश्वासघात होने का अहसास हो रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने इन चुनावों को 2028 का सेमीफाइनल बताया था, लेकिन जनता का यह जनादेश सरकार के लिए आईना है. गुंजल ने दावा किया कि राजस्थान की जनता ने सरकार की विदाई का मन बना लिया है. उन्होंने संतोष कुमारी को बधाई देते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में वे बेहतर कार्य करेंगी. उन्होंने उप जिला प्रमुख और पंचायत समितियों के प्रधान-उप प्रधान के चयन में भी आम सहमति बनाने की बात कही.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने चुनाव परिणामों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि जिले की जनता ने कांग्रेस को बड़ा जनादेश दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में सीमांत क्षेत्र के लोगों को पशुओं के चारे, नहरों में पानी और अकाल के दौरान सर्वे जैसे बुनियादी मुद्दों पर परेशानियों का सामना करना पड़ा. जनता की नाराजगी चुनाव परिणामों में सामने आई है. उन्होंने कहा कि जिला परिषद की 21 में से 20 सीटों और सभी 10 पंचायत समितियों में कांग्रेस की जीत जनता के विश्वास को दर्शाती है. पार्टी इस जनादेश का सम्मान करते हुए अगले दो वर्षों में जनसेवा और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देगी. उन्होंने कहा कि युवा और महिला नेतृत्व को अवसर देना कांग्रेस की प्राथमिकता रही है.
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शाले मोहम्मद ने जिले की जनता का आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस को सभी 10 पंचायत समितियों और जिला परिषद की 21 में से 20 सीटों पर मिली जीत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान गांवों और तहसीलों में जनता का जिस तरह समर्थन मिला, वह पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि है. जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि गांव से निकलकर आई पढ़ी-लिखी 21 वर्षीय महिला को जिले की इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना जैसलमेर के लिए गौरव की बात है. पार्टी में गुटबाजी की चर्चाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं ने मिलकर संतोष कुमारी के नाम पर सहमति बनाई है. सभी वरिष्ठ नेता उनके साथ खड़े रहेंगे और विकास कार्यों में सहयोग करेंगे.
जैसलमेर जिला परिषद में कांग्रेस के पूर्ण बहुमत के बीच 21 वर्षीय संतोष कुमारी भील का निर्विरोध जिला प्रमुख बनना जिले की ग्रामीण राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है. युवा उम्र में जिले की सबसे बड़ी ग्रामीण राजनीतिक जिम्मेदारी मिलने से महिला नेतृत्व और नई पीढ़ी को भी प्रतिनिधित्व मिला है. अब जिले की जनता की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि संतोष कुमारी अपनी नई जिम्मेदारी में ग्रामीण विकास, महिला शिक्षा, पेयजल, पशुपालन और अन्य जनसमस्याओं के समाधान को किस तरह आगे बढ़ाती हैं.
(जैसलमेर से शंकरदान की रिपोर्ट)