SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Udaipur Vande Bharat: उदयपुर से सूरत दौड़ेगी वंदे भारत, 3 अक्टूबर से शुरू होगी नियमित सेवा

Udaipur Vande Bharat: उदयपुर से सूरत के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवा 3 अक्टूबर से शुरू होगी. इससे पहले 2 अक्टूबर को ट्रेन सूरत से शाम करीब 5:30 बजे उदयपुर पहुंचेगी, जहां रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी. उदयपुर से यह दोपहर 3:35 बजे रवाना होकर रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी. वापसी में सूरत से सुबह 6:10 बजे चलकर दोपहर 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी. ट्रेन के सूरत तक विस्तार से मेवाड़ और गुजरात के बीच रेल कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद है.

Written By Ansh Raj
Published: Sep 24, 2026, 01:45 PM IST | Updated: Sep 24, 2026, 01:46 PM IST
Image Credit: Rajasthan News
Join

Vande Bharat Express: उदयपुर के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. उदयपुर से सूरत के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवा 3 अक्टूबर से शुरू होगी. उदयपुर-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस के सूरत तक विस्तार की घोषणा के बाद अब इसके संचालन का शेड्यूल भी सामने आ गया है. उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय ने ट्रेन को उदयपुर से सूरत के बीच चलाने की घोषणा की है. ट्रेन के सूरत तक विस्तार से उदयपुर और आसपास के यात्रियों को तेज रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है.


2 अक्टूबर को उदयपुर पहुंचेगी ट्रेन

वंदे भारत एक्सप्रेस 2 अक्टूबर को सूरत से शाम करीब 5:30 बजे उदयपुर पहुंचेगी. उदयपुर पहुंचने के बाद ट्रेन का यहीं ठहराव रहेगा. ट्रेन के आगमन पर उदयपुर में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में रेलवे के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. इसके बाद 3 अक्टूबर से वंदे भारत एक्सप्रेस घोषित समय-सारणी के अनुसार उदयपुर से सूरत के लिए नियमित रूप से रवाना होगी.


मंगलवार को छोड़कर छह दिन संचालन

नई व्यवस्था के तहत उदयपुर-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी. मंगलवार को ट्रेन का संचालन नहीं होगा. सूरत तक ट्रेन के विस्तार से मेवाड़ और गुजरात के बीच रेल संपर्क बढ़ने की उम्मीद है. सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने वंदे भारत के सूरत तक विस्तार के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया. उन्होंने कहा कि मेवाड़ के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है. उनके मुताबिक, ट्रेन के संचालन से व्यापार, रोजगार और आवागमन के क्षेत्र में मेवाड़ को लाभ मिलेगा.


उदयपुर से दोपहर 3:35 बजे होगी रवाना

घोषित समय-सारणी के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस उदयपुर से दोपहर 3:35 बजे रवाना होगी. इसके बाद ट्रेन 4:03 बजे जावर, 4:50 बजे डूंगरपुर, 5:27 बजे शामलाजी रोड, 6:18 बजे हिम्मतनगर और 7:25 बजे असारवा पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन 8:58 बजे मणिनगर, 9:50 बजे आणंद और 10:22 बजे भरूच पहुंचेगी. यहां से आगे बढ़ते हुए ट्रेन रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी.


वापसी में सुबह 6:10 बजे सूरत से चलेगी

वापसी में वंदे भारत एक्सप्रेस सूरत से सुबह 6:10 बजे रवाना होगी और निर्धारित स्टेशनों पर ठहरते हुए दोपहर 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी. इससे दोनों शहरों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को दिन में ही यात्रा पूरी करने की सुविधा मिलेगी.


दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को भी फायदा

सूरत तक वंदे भारत के विस्तार से मेवाड़ के उन यात्रियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है, जो व्यापार और रोजगार के सिलसिले में सूरत के अलावा दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों में आते-जाते हैं. वर्तमान में कई यात्रियों को उदयपुर से सूरत तक पहुंचने के लिए बस या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है. सूरत तक सीधी वंदे भारत सेवा शुरू होने से उदयपुर और दक्षिण गुजरात के बीच तेज रेल संपर्क उपलब्ध होगा. साथ ही सूरत के माध्यम से दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी आगे की रेल कनेक्टिविटी आसान हो सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES