)
झीलों की नगरी उदयपुर में घूमने आई थाईलैंड की एक महिला यूट्यूबर के साथ छेड़छाड़ और बदतमीजी का सनसनीखेज मामला सामने आया. आरोपी ऑटो चालक की ये शर्मनाक हरकत युवती के रिकॉर्ड किए जा रहे व्लॉग (वीडियो) में कैद हो गई, जिसमें वो युवती को 'किस' करने की बात कहता हुआ नजर आ रहा है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उदयपुर की सूरजपोल थाना पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपी ऑटो ड्राइवर को गिरफ्तार भी कर लिया है.
व्लॉग शूट करते समय कैमरे में कैद हुई करतूत
थाईलैंड की रहने वाली महिला यूट्यूबर उदयपुर घूमने आई थी और शहर में घूमने के लिए उसने किराए पर एक ऑटो किया था. युवती दो से तीन दिनों तक आरोपी ऑटो चालक आफताब खान के ही ऑटो में शहर की अलग-अलग जगहों पर घूमी. इसी दौरान जब युवती नगर निगम मेले में पहुंची, तो आरोपी ऑटो ड्राइवर भी उसके साथ मौजूद था. मेले में युवती अपने कैमरे से वीडियो शूट कर रही थी, तभी मौका पाकर आरोपी ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अश्लील हरकत की. युवती के कैमरे में आरोपी की ये पूरी हरकत रिकॉर्ड हो गई.
इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर लिखी दिल जीतने वाली बात
मेले में हुई इस घटना के बाद विदेशी युवती ने आरोपी की अश्लील हरकत का वीडियो एक संदेश के साथ अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कर दिया. हालांकि, इस कड़वे अनुभव के बावजूद युवती ने भारत और यहां के लोगों की मेहमाननवाजी की जमकर तारीफ की. युवती ने अपने पोस्ट में लिखा कि, "एक व्यक्ति की इस हरकत से पूरे भारत को जज नहीं किया जा सकता, ये एक इंसान पूरे देश का प्रतिनिधित्व नहीं करता"
पुलिस के हत्थे चढ़ते ही निकली सारी हेकड़ी
जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, उदयपुर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपोल थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ऑटो चालक आफताब खान की पहचान की और उसे धर दबोचा. थाने में आरोपी आफताब अपनी करतूत पर हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया. आरोपी का कहना है कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई है और वो भविष्य में दोबारा कभी ऐसी हरकत नहीं करेगा. फिलहाल, सोशल मीडिया पर ये वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और यूजर्स उदयपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर तारीफ कर रहे हैं.