)
बिग बॉस 20 में इन दिनों मनीष गोयल और काजी तौकीर के बीच की टेंशन साफ नजर आ रही है, अब इस मामले पर मनीष की पत्नी पूनम नरूला गोयल का गुस्सा फूट पड़ा है और उन्होंने काजी की जमकर क्लास लगाई है.
रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में हर दिन नए ड्रामा और झगड़े देखने को मिल रहे हैं. शो के कंटेस्टेंट मनीष गोयल और काजी तौकीर के बीच चल रही अनबन अब घर के बाहर भी चर्चा का बड़ा टॉपिक बन गई है. लगातार काजी तौकीर के तानों और पोक करने से परेशान होकर अब मनीष की पत्नी पूनम नरूला गोयल सामने आई हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए काजी को आड़े हाथों लिया है और उन पर एज-शेमिंग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं.
शो में अक्सर देखा गया है कि काजी तौकीर जब भी मनीष को 'प्रोफेसर' या 'ज्ञानी बाबा' कहते हैं, तो मनीष का पारा हाई हो जाता है. इस बात की असली वजह बताते हुए पूनम ने अपने पोस्ट में लिखा कि वह एक महीने से ज्यादा समय से चुप थीं और सब्र कर रही थीं, लेकिन अब सच सामने लाना बहुत जरूरी हो गया है. पूनम के मुताबिक, जब से मनीष ने घर में एंट्री ली है, काजी उन्हें 'ज्ञानी बाबा' और 'प्रोफेसर' जैसे नामों से चिढ़ा रहे हैं. शुरुआत में यह सब एक प्रैंक की तरह शुरू हुआ था, जिसमें बाकी घरवाले भी शामिल थे. उस वक्त मनीष को इस प्रैंक के बारे में कुछ नहीं पता था, फिर भी उन्होंने इसे स्पोर्टिंगली लिया और सबके साथ डांस भी किया, हालांकि वह हिस्सा टीवी पर नहीं दिखाया गया. लेकिन बाद में काजी ने हद पार कर दी और नीचा दिखाने वाले कमेंट्स करने लगे. जब मनीष ने उन्हें रुकने के लिए कहा, तो काजी ने कैमरे के सामने कहा कि वह मनीष को रुला कर रहेंगे और बिल्कुल नहीं रुकेंगे. पूनम ने साफ कहा कि यही असली वजह है कि मनीष 'प्रोफेसर' शब्द सुनकर इतना रिएक्ट करते हैं.
कई लोगों का मानना है कि मनीष स्क्रीन टाइम और फुटेज के लिए ऐसा करते हैं, जिस पर पूनम ने करारा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि उनके पति कभी भी जानबूझकर काजी के पास लड़ाई करने नहीं जाते. अगर उन्हें सिर्फ फुटेज ही चाहिए होती, तो वह घर में कुछ और ही कर रहे होते. पूनम ने मनीष की पर्सनैलिटी के बारे में बात करते हुए बताया कि वह 70 के दशक में पैदा हुए एक नॉर्थ इंडियन आदमी हैं, जो काफी इमोशनल हैं और कभी-कभी थोड़े ड्रामेटिक भी हो जाते हैं. बोलने का तरीका थोड़ा तेज जरूर है, लेकिन वह दिल के बहुत साफ और फैमिली मैन हैं. पूनम ने आगे कहा कि हो सकता है आज की यंग जनरेशन उनके बात करने के अंदाज से रिलेट न कर पाए, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह कोई एक्टिंग कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए पूनम ने काजी तौकीर के सपोर्टर्स को भी सीधा मैसेज दिया. उन्होंने लिखा कि जब कोई लगातार पोक करेगा, उम्र का मजाक उड़ाएगा या फिर आसपास बेहद घटिया जोक्स मारेगा, तो कोई भी शांत इंसान रिएक्ट करेगा क्योंकि यह मनीष की क्लास नहीं है. पूनम ने फैंस से कहा कि आप काजी से प्यार कर सकते हैं, लेकिन उनके सपोर्ट में इतने अंधे मत बन जाइए कि दूसरे इंसान का पक्ष ही नजर न आए. उन्होंने याद दिलाया कि अगर मनीष को एलिमिनेशन या गेम की इतनी ही चिंता होती, तो वह काजी के लिए अपनी लाइफलाइन कभी कुर्बान नहीं करते.
अपने बयान के आखिर में पूनम ने समाज की सोच पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि साल 2026 में भी अगर लोग एक सीधे-सादे और अच्छे 51 साल के इंसान को वैसा ही नहीं अपना सकते जैसा वह है, तो यह बेहद निराशाजनक और बचकाना है. उन्होंने सवाल किया कि क्या शो में टिकने के लिए हर किसी से यह उम्मीद की जाती है कि वह उछल-कूद करे, दूसरों को गालियां दे या हर तरह की बेवकूफी में साथ दे. फिलहाल पूनम के इस बेबाक बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और फैंस दो हिस्सों में बंटकर अपने रिएक्शन दे रहे हैं.