उदयपुर के 5 साल के विराज ने उठाया 47 किलो वजन: वेटलिफ्टिंग में बनाया रिकॉर्ड, CM भजनलाल ने जयपुर बुलाया
Udaipur News: उदयपुर के महज 5 साल 11 महीने के विराज शर्मा ने 47 किलो वजन उठाकर सबको हैरान कर दिया. करीब 17.5 किलो वजन वाले विराज का नाम इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है. विराज अब तक 7 रिकॉर्ड और सम्मान हासिल कर चुका है. CM भजनलाल शर्मा ने विराज को जयपुर बुलाया है.
Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर के महज 5 साल 11 महीने के विराज शर्मा ने अपनी ताकत और हुनर से सबको हैरान कर दिया है. करीब साढ़े 17 किलो वजन वाले विराज ने 47 किलो वजन उठाकर नया रिकॉर्ड बनाया दिया है. विराज ने यह उपलब्धि 5 सितंबर 2026 को उदयपुर के लवकुश स्टेडियम स्थित वेटलिफ्टिंग सेंटर में हासिल की. इसके साथ ही उसका नाम इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया.
विराज के पिता वैभव शर्मा के अनुसार, वेटलिफ्टिंग और पावर लिफ्टिंग में उनका बेटा विराज अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 7 रिकॉर्ड और सम्मान हासिल कर चुका है. विराज का नाम नेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है.
35 किलो से शुरू हुआ रिकॉर्ड बनाने का सफर
विराज ने रिकॉर्ड बनाने की शुरुआत 35 किलो वजन उठाने से की थी. 25 अगस्त को उसने 35 किलो वजन 14 सेकेंड में 3 बार उठाया था और नेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया. इसके करीब 5-6 दिन बाद उसने 38 किलो वजन उठाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड बनाया. इसके बाद विराज ने 42 किलो और फिर 47 किलो वजन उठाकर अपने ही रिकॉर्ड को पछाड़ दिया. फिलहाल विराज लवकुश इंडोर स्टेडियम की व्यायामशाला में जूनियर ट्रेनर ओमप्रकाश पटेल की देखरेख में ट्रेनिंग ले रहा है.
पिता को देखकर वेटलिफ्टिंग में आया मन
विराज के पिता वैभव शर्मा एक होटल चलाते हैं. इसके साथ ही विराज के पिता खुद भी वेटलिफ्टिंग कर चुके हैं. विराज के पिता वैभव शर्मा 12 बार राजस्थान, एक बार नेशनल और 2 बार अंतरराष्ट्रीय चैंपियन रह चुके हैं. वैभव बताते हैं कि करीब 6 महीने पहले वह विराज को बेसबॉल खेलने के लिए ले गए थे. तभी पास में वेटलिफ्टिंग सेंटर देखकर विराज ने भी यह इसे खेल को सीखने की इच्छा जताई. लेकिन पिता ने उसकी उम्र कम होने की बात कही, लेकिन विराज का मन वेटलिफ्टिंग में ही लग गया और उसने अपनी प्रैक्टिस शुरू कर दी. अब 5 बजते ही विराज जिम के लिए घर से निकल जाता है.
CM भजनलाल ने बुलाया जयपुर
विराज की प्रतिभा की पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया भी तारीफ कर चुके हैं. पिता के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विराज को जयपुर बुलाया है. नई दिल्ली में होने वाले खेलो इंडिया आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने विराज के वेटलिफ्टिंग और पावर लिफ्टिंग प्रदर्शन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है.