Bhilwara News: राजस्थान के अजमेर-भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH ) 48 के समीप लांबिया कलां में चल रहे प्रसिद्ध भेरुनाथ जी के मेले में रविवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. आसपास के करीब 50 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मेले में पहुंचे और भेरुनाथ जी के दर्शन किए. मेले में झूले, मौत का कुआं, बच्चों की ट्रेन, चकरी, खिलौने, मनिहारी, आइसक्रीम, पकौड़ी, चाट, शिकंजी, मिठाई और प्रसाद की दुकानें सज गई हैं.
मेले में पशुओं की खरीद-फरोख्त आकर्षण का केंद्र
भेरुनाथ जी मेले में मनोरंजन के साथ पशुओं की खरीद-फरोख्त भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. मेले में अच्छी नस्ल के पशु बिक्री के लिए पहुंचे हैं. पशुओं से संबंधित सामग्री और पशुओं के सींगों से जुड़ी दुकानें भी मेले में लगी हैं. इसके साथ ही मेले में कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं. मेला कमेटी की ओर से सोमवार शाम को ग्रामीणों के मनोरंजन के लिए घोड़ा रेस, साइकिल रेस, बोरी रेस सहित विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है. प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को मेला कमेटी की ओर से पुरस्कार भी दिए जाएंगे.
मेला क्षेत्र में विशेष पुलिस जवानों की तैनाती
मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है. वहीं भेरुनाथ जी मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रायला पुलिस की ओर से विशेष पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के साथ भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी रख रहे हैं. इस मेले का आयोजन 2 से 5 अक्टूबर तक किया जा रहा है.
विद्युत लाइन के चपेट में आने से दो युवक झुलसे
भेरुनाथ जी मंदिर में मेले के दौरान रविवार रात्रि को लांबिया चौराहे से बागरिया समाज के कुछ लोग भेरुनाथ जी के लिए ध्वज लेकर जुलूस के रूप में मंदिर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान ध्वज मंदिर के प्रवेश द्वार के पास से गुजर रही 132 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया. विद्युत लाइन के संपर्क में ध्वज आने से दो युवक करंट की चपेट में आ गए. करंट की चपेट में आने से दोनों युवक मौके पर ही झुलस गए. इस खौफनाक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हालांकि मौके से दोनों घायल युवकों को 108 एंबुलेंस के सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायला पहुंचाया गया. जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों युवकों को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया.