'मेरे बेटे से कैसे की मारपीट?' पूछना पड़ा भारी, पिता पर कुल्हाड़ी-लाठी से हमला
टोंक के पीपलू बस स्टैंड पर पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष हो गया. लाठी और कुल्हाड़ी से हुए हमले में रामकल्याण मीणा, उनके बेटे कन्हैयालाल और गोपाल घायल हो गए. रामकल्याण के अनुसार, बेटे से खेत पर हुई मारपीट का विरोध करने पर हमला किया गया.
Published: Nov 08, 2026, 10:57 AM IST
| Updated: Nov 08, 2026, 11:03 AM IST
पीपलू शहर के बस स्टैंड पर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई. इस दौरान लाठी और कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिसमें एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए. घायलों में रामकल्याण मीणा (45), उनके बेटे कन्हैयालाल मीणा (20) और गोपाल मीणा (55) शामिल हैं. घायलों में कुछ को गंभीर चोटें आई हैं.
खेत पर बेटे के साथ मारपीट का लगाया आरोप
गंभीर घायल रामकल्याण मीणा ने बताया कि सिसोला में मनराज और मुकेश पुत्र रणजीत मीणा ने एकराय होकर खेत पर उनके बेटे कन्हैयालाल के साथ मारपीट की थी. इसके बाद कन्हैयालाल घर पहुंचा और पिता को पूरी घटना की जानकारी दी. रामकल्याण के अनुसार, इस घटना के बाद उन्हें पता चला कि आरोपी पीपलू में गन्ने बेचने आए हुए हैं. इसके बाद वह खेत पर बेटे के साथ हुई मारपीट के बारे में पूछने के लिए उनके पास पहुंचे.
लाठी और कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप
रामकल्याण मीणा का आरोप है कि जब उन्होंने मनराज और मुकेश से बेटे के साथ हुई मारपीट के बारे में पूछा तो दोनों ने कथित तौर पर पहले से बनाई गई योजना के तहत उन पर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इस दौरान वहां मारपीट हुई और तीन लोग घायल हो गए. रामकल्याण ने बताया कि हमले में उनके बेटे कन्हैयालाल के हाथ में फ्रैक्चर हो गया. वहीं, उनके खुद के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं.
ये भी पढ़ें- उधर पुलिस तलाशती रही... इधर नरेश मीणा ने फरार होकर भी कर डाली चुनावी सभा, जीतने के लिए मोबाइल से मांगे वोट