Churu News: राजस्थान के चूरू जिले में सुजानगढ़ के निकटवर्ती गांव सूरवास के राजकीय विद्यालय में मिड-डे मील के दौरान बच्चों को परोसे गए भोजन में छिपकली निकलने की बात सामने आई है. इसके बाद बच्चों में हड़कंप मच गया और फूड प्वाइजनिंग से बीमार हुए करीब तीन दर्जन से अधिक बच्चों को राजकीय बगड़िया अस्पताल लाया गया है.
राजकीय बगड़िया अस्पताल में बच्चों का उपचार
राजकीय बगड़िया अस्पताल तक बच्चों को निजी संसाधनों व एंबुलेंस के जरिए लाया गया. जहां पर इमरजेंसी वार्ड में उनका भेटि करवाकर उपचार करवाया गया है. स्कूल की शिक्षिका मोनिका ने बताया कि ये नॉर्मल घटना है हर घर में हो जाती है. हमने बच्चों को तुरंत दिखाया है. छिपकली का छोटा बच्चा था जो खाना परोसने के दौरान गिर गया, ये बच्चों के सामने आ गया इसलिए उनके मन में वहम बैठ गया. बच्चे ठीक हैं ज्यादा कुछ दिक्कत नहीं है.
खाना बनाते समय छिपकली गिरने का आरोप
वहीं अभिभावक मगाराम ने बताया कि खाना बनाते समय लापरवाही से छिपकली गिर गई, जिसके कारण काफी सारे बच्चे बीमार हो गए. दूसरी ओर एडीएम संतोष कुमार, एसडीएम ओमप्रकाश वर्मा, तहसीलदार अर्जुन लाल सालोदिया, सीबीईओ रणजीत सिंह अस्पताल पहुंचे और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली है. चिकित्सा विभाग और शिक्षा विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. वहीं बच्चों के बीमार होने की सूचना से ग्रामीण अभिभावकों में हड़कंप मचा हुआ है.
पढ़ें एक और बड़ी खबर
भीलवाड़ा के फुलिया कला थाना क्षेत्र के रूपपुरा ग्राम पंचायत स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में चोरों ने पोषाहार कक्ष को बीती रात निशाना बनाया. अज्ञात चोर ताला तोड़कर कक्ष में घुसे और बच्चों के मिड-डे मील के लिए रखी खाद्य सामग्री और रसोई का सामान चोरी कर ले गए.
चोर पोषाहार कक्ष से 3 गैस सिलेंडर (एक भरा, एक आधा भरा), 200 किलो गेहूं, 35 किलो चावल, 10 लीटर का कुकर, 30 स्टील की गिलास, स्टील का धामा, आटा, नमक, मिर्च, हल्दी, तेल, दालें और आटा छलनी तक ले गए. घटना का पता शनिवार सुबह स्टाफ के स्कूल पहुंचने पर चला. ताला टूटा देख अंदर जाकर देखा तो सारा सामान गायब था.
पोषाहार प्रभारी मधु शर्मा, शिक्षक दिनेश कहार और साकिर हुसैन ने इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी. सूचना पर फुलिया कला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की. विद्यालय प्रभारी ने चोरी गए सामान का विवरण तैयार कर फुलिया कला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई. पिछले वर्षों में तहनाल, खामोर, रूपपुरा बिलिया, शाहपुरा और फूलियाकलां थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में रोष और भय है. ग्रामीणों का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी अधिकांश चोरियों का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है.