SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सुशीला गुप्ता बनीं डूंगरपुर नगर परिषद सभापति: पद संभालने के बाद पति के पैर छूए, बोलीं- 6 महीने में पूरे करेंगे वादे

Dungarpur News: डूंगरपुर नगर परिषद में नवनिर्वाचित सभापति सुशीला गुप्ता और उपसभापति अनिल पटेल ने गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पदभार ग्रहण किया. सभापति की कुर्सी संभालने के बाद सुशीला गुप्ता ने अपने पति केके गुप्ता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया.

Written By Aman Singh
Published: Sep 24, 2026, 03:37 PM IST | Updated: Sep 24, 2026, 03:45 PM IST
Image Credit: Dungarpur Chairperson Sushila Gupta
Join

Dungarpur News: राजस्थान के डूंगरपुर जिले में नगर परिषद डूंगरपुर में नवनिर्वाचित सभापति सुशीला गुप्ता और उपसभापति अनिल पटेल ने आज गुरुवार को पदभार ग्रहण कर किया. वैदिक मंत्रोचार के साथ दोनों ने कुर्सी संभाली. सुशीला गुप्ता ने कुर्सी पर बैठने के बाद अपने पति और पूर्व सभापति स्वच्छता के ब्रांड एम्बेसडर केके गुप्ता के पैर छुए और आशीर्वाद लिया. इस मौके पर उन्होंने जनता से किए वायदों को 6 माह में पूरे करने की बात कही.

छात्राओं ने एयर गन के साथ दी सलामी

डूंगरपुर नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति सुशीला गुप्ता के पदभार ग्रहण को लेकर ऑफिस को सजाया गया. उनके कार्यालय आते ही पुलिस गार्ड की तरह ही छात्राओं ने एयर गन के साथ सलामी दी. सुशीला गुप्ता ने भी उन्हें सैल्यूट किया. दोपहर 12 बजे के बाद पंडितों के वैदिक मंत्रों के साथ ही सभापति सुशीला गुप्ता ने कुर्सी संभाली. आयुक्त ललित सिंह देथा ने उन्हें चार्ज सौंपते हुए शुभकामनाएं दी.

वहीं सुशीला गुप्ता ने अपने पति और स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर केके गुप्ता के पैर छुए. शहर में उज्जैन के सुदर्शन महाराज, रामबोला मठ के महंत शिवशंकर दास महाराज से आशीर्वाद लिया. इसके बाद अनिल पटेल ने भी अपने चेंबर में कुर्सी संभाली.

सड़क, बिजली और पानी पहली प्राथमिकता

पदभार ग्रहण के बाद सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि शहर का विकास और लोगों की समस्याओं का 48 घंटे में समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है. शहर में लोगों को सबसे बड़ी आवश्यकता बिजली, पानी, सड़क और सफाई की है. इसे पूरा किया जाएगा. दिवाली से पहले पूरे शहर की सड़के फिर से चमचमाने लगेगी.

2 नए ट्रैक्टर-ट्रॉली का उदघाटन

उन्होंने कहा कि पति और पूर्व सभापति केके गुप्ता का उनपर आशीर्वाद है, इसलिए वे हर काम को समय पर पूरा करेंगी. वहीं उपसभापति अनिल पटेल ने भी शहर के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया. इसके बाद उन्होंने शहर में सफाई और कचरे को ले जाने के लिए 2 नए ट्रैक्टर ट्रॉली का भी उदघाटन किया.

रथ पर सवार होकर निकाली विजय यात्रा

सभापति सुशीला गुप्ता, उपसभापति अनिल पटेल समेत सभी पार्षद अलग-अलग रथों में सवार हुए. गाजे बाजे और डीजे के साथ ही शहर में विजय जुलूस निकाला गया. ये जुलूस शहर के कई रास्तों से होकर गुजरा और गेपसागर की पाल पहुंचा. रास्ते में लोगों ने स्वागत किया. गेपसागर की पाल पर सभा का आयोजन किया गया.

चित्तौड़गढ़ नगर परिषद की नई टीम ने संभाली कमान

चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी और उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यभार ग्रहण किया. शपथ ग्रहण समारोह में सहकारिता मंत्री गौतम दक, सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

मंत्री गौतम दक ने पार्षदों से टीम भावना के साथ काम करने की अपील की. सांसद सीपी जोशी ने नई परिषद के लिए 100 दिन का रोडमैप तैयार करने और स्वच्छता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया. सभापति अनिल ईनाणी ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ प्रमुख चौराहों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाने की बात कही.

उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया ने भी पूरी मेहनत और ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प जताया. समारोह में 33 भाजपा और 3 निर्दलीय पार्षदों का सम्मान भी किया गया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES