सिरोही संत हत्याकांड का बड़ा खुलासा: गद्दी का विवाद बना हत्या की वजह, SP ने खोले चौंकाने वाले राज
Rajasthan News: सिरोही के शिवगंज में संत त्रिवेणी गिरी महाराज की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, कब्बेश्वर महादेव मंदिर की गद्दी को लेकर विवाद और आपसी रंजिश हत्या की वजह बनी. एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है.
Sirohi News: सिरोही जिले के शिवगंज क्षेत्र में संत त्रिवेणी गिरी महाराज की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. कब्बेश्वर महादेव मंदिर की गद्दी को लेकर चल रहा विवाद और आपसी रंजिश इस हत्याकांड की मुख्य वजह बनी. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों श्रवण कुमार और तोलाराम उर्फ तुलसी गिरी को गिरफ्तार किया है. आखिर संत की हत्या की साजिश कैसे रची गई और पुलिस आरोपियों तक कैसे पहुंची?
गद्दी को लेकर विवाद बना हत्या की वजह
संतों के बीच गद्दी को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार खूनी वारदात में बदल गया. मामला शिवगंज क्षेत्र के कब्बेश्वर महादेव मंदिर का है, जहां संत त्रिवेणी गिरी महाराज की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एसपी डॉ. अजय सिंह ने बताया कि श्रावण माह में संत त्रिवेणी गिरी महाराज और कोलीवाड़ा के तुलसी गिरी महाराज के बीच गुरु के पोस्टर लगाने को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद नागा बाबा होने को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई. पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते तुलसी गिरी ने बदला लेने की योजना बनाई.
अंदरूनी रास्तों से मंदिर पहुंचे आरोपी
पुलिस की जांच में सामने आया कि 29 सितंबर 2026 को आरोपी तुलसी गिरी मोटरसाइकिल से सुमेरपुर पहुंचा. यहां से श्रवण कुमार और उसके साथी को अंदरूनी रास्तों से ले जाकर कानाकोलर गेट से पहले छोड़ दिया गया. इसके बाद दोनों पैदल कब्बेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे. रात के समय आश्रम में सो रहे संत त्रिवेणी गिरी महाराज की हत्या कर दी गई. दोनों ने मिलकर आश्रम में सो रहे संत की हत्या की और वारदात के बाद उनके मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए.
कमरे में सामान बिखेरा, मोबाइल लेकर भागे
हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर आश्रम के कमरे में सामान बिखेरकर तलाशी ली. जब उन्हें कोई सामान नहीं मिला, तो वे संत के दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए. पुलिस ने जांच के दौरान मृतक संत का एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है, ताकि वारदात की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें.
विशेष टीम ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय सिंह राठौड़ के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार और शिवगंज वृत्ताधिकारी पुष्पेंद्र वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में श्रवण कुमार, निवासी निचला थला ढेड़ मारिया, जिला उदयपुर और तोलाराम उर्फ तुलसी गिरी, निवासी कोठार, हाल कोलीवाड़ा, जिला पाली शामिल हैं.
पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
इस कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ साइबर सेल सिरोही तथा पिंडवाड़ा पुलिस का भी सहयोग रहा. कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह की विशेष भूमिका बताई गई है. एसपी ने खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. हालांकि, इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है. अब आगे की जांच में यह स्पष्ट होगा कि वारदात से जुड़ी सभी कड़ियां किस तरह जुड़ती हैं और मामले में अन्य कोई पहलू सामने आता है या नहीं.
Reporter - Sharad Tak