मां की ममता के साथ लोकतंत्र का फर्ज: सीकर की मंजू देवी ने बेटे को जन्म देने के बाद डाला वोट
सीकर के खाटूश्यामजी के पास मदनी ग्राम पंचायत में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली. प्रेमनगर मदनी निवासी मंजू देवी ने गुरुवार रात 1:18 बजे पलसाना सीएचसी में बेटे को जन्म दिया और कुछ ही घंटों बाद एम्बुलेंस से मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला. सब इंस्पेक्टर सरोज पिपलोदा ने मतदान में उनकी मदद की.
सीकर जिले के खाटूश्यामजी की निकटवर्ती ग्राम पंचायत मदनी में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली. यहां प्रेमनगर मदनी निवासी मंजू देवी पत्नी प्रकाश चंद फरडोलिया ने प्रसव पीड़ा के बाद पलसाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेटे को जन्म दिया. डिलीवरी के बाद भी मंजू देवी ने मतदान के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का जज्बा दिखाया.
रात 1:18 बजे दिया बेटे को जन्म
जानकारी के अनुसार, मंजू देवी की पलसाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार रात करीब 1 बजकर 18 मिनट पर डॉ. नीरज चौधरी ने सफल डिलीवरी करवाई, जिसमें उन्होंने बेटे को जन्म दिया.
यह भी पढ़ेंः जैसलमेर चुनाव: BJP-कांग्रेस आमने-सामने, ओरण मुद्दे ने बढ़ाई दोनों की चुनौती !
एम्बुलेंस से पहुंचीं मतदान केंद्र
इसके बाद मतदान के प्रति उनकी इच्छा को देखते हुए एम्बुलेंस से उन्हें मतदान केंद्र पहुंचाया गया. यहां सब इंस्पेक्टर सरोज पिपलोदा ने पुलिस वर्दी का फर्ज निभाते हुए वार्ड संख्या 6 के बूथ पर प्रसूता मंजू देवी का मतदान करवाने में सहयोग किया. इस तरह बेटे को जन्म देने के कुछ ही घंटों बाद मंजू देवी ने मतदान कर गांव की सरकार चुनने में अपनी भागीदारी निभाई.
हर वोट की अहमियत का दिया संदेश
बेटे के जन्म के कुछ ही घंटों बाद मतदान करने पहुंचीं मंजू देवी की यह पहल लोकतंत्र के प्रति उनकी जागरूकता और जिम्मेदारी को दर्शाती है. पंचायत चुनाव में मतदान केवल प्रतिनिधि चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि गांव के विकास और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण अधिकार भी है. मंजू देवी ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर यह संदेश दिया कि लोकतंत्र में हर वोट की अहमियत होती है.
यह भी पढ़ेंः चुनाव में वोटर की तलाश, जीत के बाद सरपंच गायब! जयपुर के गांवों का दर्द
क्षेत्र में चर्चा का विषय बनीं मंजू देवी
मदनी ग्राम पंचायत में उनकी यह पहल मतदान के प्रति जागरूकता की प्रेरणादायक मिसाल बन गई. एक ओर परिवार में बेटे के जन्म की खुशी थी, तो दूसरी ओर गांव की सरकार चुनने में अपनी भागीदारी निभाने का संतोष भी. मंजू देवी के इस जज्बे की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है.
तीसरे चरण में 70 ग्राम पंचायतों में चुनाव
बता दें कि राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 के तीसरे चरण के तहत पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान हुआ. दांतारामगढ़, खाचरियावास और पलसाना पंचायत समितियों की कुल 70 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए चुनाव हुए. दांतारामगढ़ पंचायत समिति की 23 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 173 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे.
वहीं, खाचरियावास की 19 ग्राम पंचायतों में 149 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई. इसी प्रकार पलसाना पंचायत समिति की 28 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 208 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा. मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चली. सुबह से ही मतदाता पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता व्यवस्थाएं की गई. सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. वहीं, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था.