जयपुर पत्नी और 3 बेटियों की हत्या का मामला: रींगस से गिरफ्तार हुआ आरोपी, होटल के लाइव कैमरे में था दिखा
जयपुर के करधनी हत्याकांड में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद फरार आरोपी राहुल झा को जयपुर पुलिस ने रींगस से हिरासत में ले लिया. CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने होटल रींगस राज के सामने से आरोपी को पकड़ा.
Sikar News: जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में पत्नी और तीन बेटियों की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने के बाद फरार हुए आरोपी को जयपुर पुलिस ने रींगस से हिरासत में ले लिया. पुलिस ने 45 वर्षीय आरोपी राहुल झा को मिल तिराहे के पास स्थित होटल रींगस राज के सामने से पकड़ा.
जानकारी के अनुसार, आरोपी राहुल झा ने अपनी पत्नी गीता झा और तीन बेटियों नंदिनी, राधिका और गिरिशा की पत्थर से कुचलकर हत्या की थी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. घटना के बाद जयपुर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी.
कैसे पकड़ा गया पत्नी और तीन बेटियों की हत्या का आरोपी?
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसी दौरान आरोपी के रींगस की तरफ आने की जानकारी पुलिस को मिली. इसके बाद जयपुर पुलिस की टीम रींगस पहुंची और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की. बताया जा रहा है कि होटल रींगस राज के लाइव कैमरे में आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधे हुए नजर आया. फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और होटल के सामने मिल तिराहे से उसे दबोच लिया.
इसके बाद जयपुर पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्याकांड के कारणों सहित वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है. करधनी में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद आरोपी के रींगस पहुंचने को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है.
क्या था पूरा मामला?
यह मामला गोविंद वाटिका स्थित प्लॉट नंबर ए-169 की थी, जहां गुरुवार 10 सितंबर की रात पत्नी और तीन बेटियों की हत्या किए जाने का मामला सामने आया था. वारदात के बाद आरोपी राहुल झा घर से फरार था. पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए जाने वाला पत्थर भी बरामद किया था. पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंची पुलिस को अलग-अलग कमरों से चार शव मिले थे, जिनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले. जांच में सामने आया कि गीता का शव पहली मंजिल के कमरे में मिला, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो कमरों में मिले.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुबह करीब 7 बजे दूध लेने बाहर गया था और लौटकर अपने पिता लक्ष्मीनाथ झा को चाय बनाकर पिलाई थी. इसके बाद वह फरार हो गया था. उसने अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ दिया और उसे स्विच ऑफ कर दिया था. लक्ष्मीनाथ झा के अनुसार, सुबह टॉयलेट से बाहर आने पर उन्हें नीचे के कमरे में खून दिखाई दिया था. उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी.
पुलिस के अनुसार, गीता घर की पहली मंजिल पर ब्यूटी पार्लर चलाती थी. बड़ी बेटी नंदनी पढ़ाई के साथ प्राइवेट नौकरी करती थी, जबकि राधिका 12वीं और गिरीश आठवीं कक्षा में पढ़ रही थी. पड़ोसियों के अनुसार, राहुल शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और कुछ दिन पहले गुजरात से जयपुर आया था.
Report- Ashok Singh Shekhawat