Rajasthan SI Bharti Exam 2021: किसने पढ़वाए लीक सवाल, किसने बैठाया डमी कैंडिडेट? 154 गिरफ्तारियों के बाद फिर बड़ा खुलासा
Rajasthan News: राजस्थान में सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक मामले में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. परीक्षा में लगातार रिश्तों की दीमक की भी जड़ें लगातार सामने आ रही है. राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने इस मामले में दो आरोपियों को पकड़ा है.
SI Bharti Exam-2021: राजस्थान की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप पुलिस लगातार SI भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में आरोपियों पर कार्रवाई करती जा रही है. एसओजी की जांच में जयपुर निवासी देवेंद्र कुमार सैनी की भूमिका सामने आई है. आरोप है कि देवेंद्र ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी राजकुमार यादव के माध्यम से अपने बेटे रविंद्र सैनी को एसआई भर्ती परीक्षा-2021 की लिखित परीक्षा से पहले लीक प्रश्नोत्तर पढ़ने में मदद की. जांच के मुताबिक, लीक प्रश्नोत्तर पढ़ने के बाद रविंद्र ने लिखित परीक्षा पास की और एसआई पद पर अंतिम रूप से चयनित हो गया. देवेंद्र पर राजकुमार यादव के बेटे भरत यादव को भी लीक प्रश्नोत्तर के जरिए मदद पहुंचाने का आरोप है. हालांकि, भरत का अंतिम चयन नहीं हुआ. देवेंद्र लंबे समय से फरार चल रहा था. देवेंद्र और उसके बेटे रविंद्र की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था. देवेंद्र ने जयपुर महानगर-द्वितीय के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में एसओजी को सौंप दिया गया. उसका बेटा रविंद्र अभी फरार है.
दूसरा खुलासा: 10 लाख रुपए में डमी कैंडिडेट का सौदा!
इस मामले में बालोतरा निवासी डूंगर प्रकाश की गिरफ्तारी ने भर्ती परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े की एक और परत खोल दी है. एसओजी के अनुसार, डूंगर प्रकाश ने जालोर निवासी कमलेश कुमार के साथ 10 लाख रुपए में सौदा किया था. आरोप है कि 15 सितंबर 2021 को एसआई भर्ती परीक्षा की दोनों पारियों में कमलेश को अपने जीजा अशोक कुमार की जगह डमी अभ्यर्थी के रूप में बैठाया गया. यानी परीक्षा किसी और ने दी और चयन किसी दूसरे के नाम पर हुआ.
हिंदी में 180.94 अंक, मेरिट में 154वीं रैंक!
एसओजी की जांच के मुताबिक, डमी कैंडिडेट बैठाने के इस कथित फर्जीवाड़े के बाद अशोक कुमार को हिंदी विषय में 200 में से 180.94 अंक और सामान्य ज्ञान में 200 में से 138.36 अंक मिले. वह मेरिट सूची में 154वें स्थान पर पहुंचा और एसआई पद पर चयनित हो गया. इस मामले में अशोक कुमार को एसओजी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. अब डमी अभ्यर्थी बैठाने के आरोप में डूंगर प्रकाश को गिरफ्तार किया गया है. न्यायालय ने उसे 17 अक्टूबर 2026 तक पुलिस अभिरक्षा रिमांड पर भेजा है.
अब तक 154 आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी
एसओजी के मुताबिक, एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक प्रकरण में अब तक कुल 154 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. देवेंद्र कुमार सैनी से पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ की जा रही है, जबकि डूंगर प्रकाश से रिमांड के दौरान मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जाएगी. यह कार्रवाई एसओजी महानिरीक्षक अजयपाल लांबा और उपमहानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह के सुपरविजन में की गई. अनुसंधान अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा मामले की जांच कर रहे हैं.
बड़ा सवाल: भर्ती में चयन का आधार योग्यता या कथित फर्जीवाड़ा?
एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में सामने आए ये आरोप भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं. एक ओर लीक प्रश्नोत्तर के जरिए अभ्यर्थियों को फायदा पहुंचाने का आरोप है, तो दूसरी ओर डमी कैंडिडेट के जरिए परीक्षा दिलाने का मामला सामने आया है. एसओजी की जांच जारी है. अब निगाहें इस बात पर हैं कि पूछताछ में और कौन से तथ्य सामने आते हैं और भर्ती में कथित गड़बड़ियों से जुड़े नेटवर्क की कितनी परतें खुलती हैं.