SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

शाजापुर में सात फेरे हुए, लेकिन नहीं हुई विदाई! भिड़े घराती-बाराती, जमकर हुई मारपीट

मध्य प्रदेश के शाजापुर में शादी के बाद विदाई के दौरान नेग और कपड़ों के लेन-देन को लेकर दूल्हा-दुल्हन पक्ष के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई. विवाद के बाद दुल्हन पक्ष ने विदाई से इनकार कर दिया.

Written By Sneha Aggarwal
Published: Nov 21, 2026, 19:01 IST | Updated: Nov 21, 2026, 19:11 IST
Image Credit: 11 हजार रुपये के नेग पर शादी में बवाल
Join

शाजापुर में शुक्रवार को हुई एक शादी उस समय विवादों में घिर गई, जब विदाई के दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच लेन-देन की बात को लेकर विवाद हो गया. दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई. मारपीट के वीडियो भी सामने आए हैं. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दुल्हन पक्ष ने विदाई करने से इनकार कर दिया. 

दूल्हा अनुराग यादव निवासी उज्जैन दुल्हन योगिता को लेने के लिए शनिवार को भी अपने परिजनों के साथ शाजापुर में ही रुका रहा. वहीं, दुल्हन के चाचा भाजपा पार्षद सुनील पेंटर ने दूल्हा पक्ष के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज किया है.

शादी के बाद भी जारी रहा विवाद, नहीं हुई दुल्हन की विदाई 
शिकायत में मारपीट और गाली-गलौज सहित अन्य आरोप लगाए गए है. फिलहाल शनिवार को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ था. दूल्हा पक्ष दुल्हन को साथ ले जाने की बात कह रहा है, जबकि दुल्हन पक्ष की ओर से विदाई नहीं की गई. शादी के बाद शुरू हुआ यह विवाद शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है.

यह भी पढ़ेंः पंजाब की जेलों से चल रहे तस्करी नेटवर्क पर कसेगा शिकंजा! चंडीगढ़ में हाईलेवल बैठक, राजस्थान के IG ने उठाया बड़ा मुद्दा

7-8 महीने पहले तय हुआ था रिश्ता 
जानकारी के अनुसार, दूल्हा अनुराग यादव (23) पिता संतोष यादव निवासी उज्जैन और दुल्हन योगिता पिता कैलाश केम निवासी शाजापुर का रिश्ता करीब 7-8 महीने पहले तय हुआ था. शुक्रवार 20 नवंबर को शाजापुर के गैस गोडाउन रोड पर दोनों की शादी हुई. शादी की रस्में पूरी होने के बाद जब विदाई का समय आया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.

जूते छिपाने की रस्म में 11 हजार रुपए के नेग की मांग 
दूल्हा पक्ष का आरोप है कि विवाद की शुरुआत जूते छिपाने की रस्म के दौरान नेग मांगने को लेकर हुई. दूल्हन के चाचा भाजपा पार्षद के बेटे ने जुते छिपाई के नेग के लिए 11 हजार रुपये की मांग की जबकि दूल्हन के कहने पर दूल्हा पहले 500 रुपये और फिर 1100 रुपये देने के लिए तैयार हुआ. इसके बाद भी बात नहीं बनी और विवाद बढ़ गया.

कपड़ों के लेन-देन को लेकर विवाद होने का आरोप
वहीं, दुल्हन पक्ष का कहना है कि कपड़ों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ. दूल्हे पक्ष की और से 100 जोड़ कपड़े की मांग की. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट की स्थिति बन गई. दुल्हन पक्ष के लोगों ने विदाई करने से मना कर दिया. दूल्हा पक्ष का आरोप है कि उनसे 11 हजार रुपये और देने की बात कही गई और कहा गया कि पैसे दो और लड़की को ले जाओ.

उज्जैन में 1500 लोगों के भोजन की तैयारी
दूल्हा पक्ष के मुताबिक, शनिवार को उज्जैन में रिसेप्शन का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें करीब 1500 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है. इसके बावजूद दुल्हन को विदा नहीं किए जाने से वे परेशान हैं. उनका कहना है कि वे दुल्हन को अपने साथ ले जाने के लिए तैयार हैं, लेकिन लड़की पक्ष विदाई नहीं कर रहा है. दूल्हा पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि वे अपनी शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है.

दूल्हन पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने दूल्हन पक्ष की ओर से मामला दर्ज किया है. घटना 20 नवंबर की शाम करीब 5 से 5:30 बजे के बीच की बताई गई है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. 


Report- Manoj Jain

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

स्नेहा अग्रवाल ज़ी न्यूज़ में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हैं. हाइपर लोकल से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. डिजिटल मीडिया का करीब 5 साल का साल का अनुभव है. 5 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. यहां विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES