)
चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर में भगवान सांवरा सेठ के प्रति भक्तों की अनूठी आस्था देखने को मिली. दिल्ली के ज्वेलरी कारोबारी गिरी जेवर महल की ओर से भगवान को चांदी से बने दो शोरूम की प्रतिकृतियां भेंट की गईं. इन विशेष प्रतिकृतियों का कुल वजन 3 किलो 370 ग्राम है. मौजूदा बाजार भाव के अनुसार, इनकी कीमत करीब 7 लाख 7 हजार 700 रुपए आंकी गई है.
चांदी के शोरूम पर लिखे हैं प्रतिष्ठानों के नाम
मंदिर प्रशासन के अनुसार, कारोबारी की ओर से अर्पित की गई दोनों प्रतिकृतियां उनके प्रतिष्ठानों से जुड़ी हैं. इनमें से एक पर ‘गिरी जेवर महल काशी’ और दूसरी पर ‘गिरी जेवर अरिहंत’ लिखा हुआ है. चांदी से तैयार की गई इन प्रतिकृतियों को नए शोरूम की शुरुआत के अवसर पर भगवान सांवरा सेठ के चरणों में समर्पित किया गया.
यह भेंट कारोबारी की धार्मिक आस्था और वर्षों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है. भगवान सांवरा सेठ के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के लिए कारोबारी परिवार अपने नए प्रतिष्ठानों की शुरुआत को मंदिर में विशेष अर्पण से जोड़ता है.
नया शोरूम खुलते ही भगवान को अर्पित करते हैं प्रतिकृति
गिरी जेवर महल के कारोबारी परिवार की खास परंपरा है कि देश में जब भी कोई नया शोरूम शुरू किया जाता है, तो उसकी चांदी की प्रतिकृति तैयार करवाई जाती है. इसके बाद सबसे पहले उसे भगवान सांवरा सेठ के चरणों में अर्पित किया जाता है. इस बार भी नए शोरूम शुरू होने की खुशी में चांदी की दो प्रतिकृतियां मंदिर में भेंट की गईं.
कई वर्षों से निभा रहा है कारोबारी परिवार यह परंपरा
मंदिर के प्रशासनिक अधिकारी प्रथम राहुल धाकड़ ने बताया कि कारोबारी परिवार लंबे समय से भगवान सांवरा सेठ का भक्त है. परिवार कई वर्षों से इस परंपरा का नियमित रूप से पालन कर रहा है. नए शोरूम की शुरुआत के अवसर पर इस बार भी भगवान को विशेष भेंट अर्पित की गई.
मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर में देशभर से श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. यहां भगवान सांवरा सेठ के प्रति भक्तों की गहरी आस्था देखने को मिलती है. चांदी के दो शोरूम की यह भेंट भी कारोबारी परिवार की इसी श्रद्धा और परंपरा को दर्शाती है.