भरतपुर के उच्चैन में RLD का कार्यकर्ता सम्मेलन: पंचायत चुनाव की रणनीति पर मंथन, जोगिंदर अवाना बोले- तीसरी ताकत बनकर लड़ेंगे
Rajasthan Panchayat Election: भरतपुर के उच्चैन में RLD ने पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं. प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व विधायक जोगिंदर अवाना के फार्म हाउस पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई. अवाना ने कहा कि RLD पंचायत चुनाव में तीसरी ताकत के रूप में उतरेगी और साफ छवि वाले उम्मीदवारों को समर्थन देगी.
Rajasthan Panchayat Election: राजस्थान के भरतपुर में आरएलडी ने पंचायत चुनावों को लेकर अपनी सियासी तैयारियां तेज कर दी हैं. नदबई विधानसभा क्षेत्र के उच्चैन में आरएलडी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ. सम्मेलन में संगठन की मजबूती से लेकर आगामी पंचायत चुनावों की रणनीति पर मंथन किया गया. आरएलडी प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व विधायक जोगिंदर अवाना ने साफ कहा कि पार्टी पंचायत चुनाव में तीसरी ताकत के रूप में मैदान में उतरेगी.
आरएलडी का कार्यकर्ता सम्मेलन
नदबई विधानसभा के उच्चैन में आरएलडी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ. सम्मेलन का आयोजन आरएलडी प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व विधायक जोगिंदर अवाना के फार्म हाउस पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और लोगों ने हिस्सा लिया. सम्मेलन में पंचायत चुनावों की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के आपसी समन्वय और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर चर्चा की गई.
साफ-सुथरी और स्वच्छ छवि वाले उम्मीदवारों को समर्थन
पंचायतीराज चुनावों की तारीख का ऐलान हो चुका है. इस कार्यकर्ता सम्मेलन में तय किया गया है कि आरएलडी तीसरी ताकत के रूप में काम करेगी. साफ-सुथरी और स्वच्छ छवि वाले उम्मीदवारों को समर्थन दिया जाएगा. हमारे समर्थन वाले उम्मीदवार जब जीत जाएंगे, उसके बाद तय करेंगे कि किसके साथ जाना है.
पूर्व विधायक ने नदबई की जनता से पुराने रिश्ते का जिक्र किया
वहीं पूर्व विधायक जोगिंदर अवाना ने नदबई की जनता से अपने पुराने रिश्ते का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि नदबई की जनता ने उन्हें पहली बार सदन तक पहुंचाया और विधानसभा क्षेत्र की पूरी सरदारी उनके लिए सम्माननीय है.
नदबई विधानसभा की जनता ने मुझे पहली बार सदन में पहुंचाया था. नदबई की समस्त सरदारी मेरे लिए सम्मानीय है. हम सबको साथ लेकर आगामी चुनाव लड़ेंगे. चुनाव हारने के बाद भी तीन साल से आपके सुख-दुख में खड़ा हूं. किसान का बेटा हूं, किसी बड़े बाप का बेटा नहीं हूं. जब विधायक था तब भी आपके साथ रहा, आज भी हूं और आगे भी रहूंगा.
अपने विधायक कार्यकाल के दौरान विकास कार्यों को बताया ऐतिहासिक
जोगिंदर अवाना ने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताते हुए उच्चैन सहित नदबई विधानसभा क्षेत्र के विकास का दावा किया. उन्होंने कहा कि उच्चैन की दिशा और दशा बदलने का काम किया गया और नदबई में हर वर्ग के लिए विकास कार्य कराए गए.
वहीं पूर्व विधायक ने कहा कि मेरे विधायक कार्यकाल में जो काम हुए, वो ऐतिहासिक काम हुए हैं. उच्चैन की दिशा और दशा बदलने का काम किया. नदबई में हर वर्ग के लिए काम किया. आगामी चुनाव में दो वर्ष का समय है, आप सब कमर कस लो. आपका आशीर्वाद रहा तो फिर नदबई की जनता का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा.
कुल मिलाकर पंचायत चुनावों से पहले आरएलडी ने नदबई में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है. कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में तीसरी ताकत के तौर पर अपनी भूमिका तय करने का संदेश दिया गया.