App

राजस्थान के स्कूलों में बदला परीक्षा का शेड्यूल: 9वीं-12वीं के पेपर 25 नवंबर से, यहां देखें डेट शीट

Rajasthan News: राजस्थान में 9वीं से 12वीं कक्षा की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं अब 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक होंगी. पंचायत चुनाव के कारण परीक्षा कार्यक्रम बदला गया है. पहली से 8वीं तक की परीक्षाओं का टाइम टेबल अलग से जारी होगा.

राजस्थान के स्कूलों में बदला परीक्षा का शेड्यूल: 9वीं-12वीं के पेपर 25 नवंबर से, यहां देखें डेट शीट
Image Credit: RBSE 9-12 Class Half Yearly Exam Schedule

RBSE 9-12 Half Yearly Date Sheet: राजस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 9वीं से 12वीं कक्षा तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं अब 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक होंगी. राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत होने वाली इन परीक्षाओं का टाइम टेबल माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार ने जारी किया है. पहले ये परीक्षाएं 15 से 27 अक्टूबर के बीच होनी थीं, लेकिन पंचायत चुनाव के चलते परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है.

तय टाइम टेबल के अनुसार होंगी परीक्षाएं
आदेश के मुताबिक टाइम टेबल में जिन विषयों को शामिल किया गया है, उनकी परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी. वहीं, जिन विषयों के लिए टाइम टेबल में तारीख नहीं दी गई है, उनकी परीक्षा स्कूल अपने स्तर पर आयोजित करेंगे. स्कूल स्तर की परीक्षाएं और प्रायोगिक विषयों के एग्जाम टाइम टेबल में दिए गए अंतराल वाले दिनों में करवाए जाएंगे.

पंचायत चुनाव के कारण बदला परीक्षा कार्यक्रम
राज्यभर में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं पहले 15 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक होनी थीं. इसी दौरान पंचायत चुनाव होने के कारण शिक्षा विभाग को परीक्षा कार्यक्रम बदलना पड़ा. अब अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं दिसंबर तक चलेंगी. इसके बाद फरवरी में फाइनल एग्जाम होने की संभावना है.

RBSE 9-12 Class Half Yearly Exam Schedule

प्राइवेट स्कूलों में नहीं रखे जाएंगे पेपर
शिक्षा विभाग ने प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं. प्राइवेट स्कूलों में प्रश्न-पत्र रखने की अनुमति नहीं होगी. इन स्कूलों के पेपर संबंधित पीईईओ/यूसीईईओ के पास रखे जाएंगे. जरूरत पड़ने पर प्रश्न-पत्र पुलिस थाने में भी सुरक्षित रखे जा सकेंगे. इस संबंध में फैसला लेने का अधिकार जिला शिक्षा अधिकारी को दिया गया है.

परीक्षा केंद्रों पर फ्लाइंग टीम करेगी निरीक्षण
परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए फ्लाइंग टीमों का गठन किया जाएगा. संभागीय संयुक्त निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और डाइट प्राचार्य की ओर से ये टीमें बनाई जाएंगी. फ्लाइंग टीम परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेगी और परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी.

जिला स्तर पर सुरक्षा की रहेगी जिम्मेदारी
प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में की जाएगी. आदेश में प्रश्न-पत्र प्राप्त होने से पहले जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित करने और जरूरी फैसले लेने के निर्देश दिए गए हैं.

पहली से 8वीं तक की परीक्षा की तारीख अलग से
शिक्षा विभाग ने राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत 9वीं से 12वीं कक्षा तक का टाइम टेबल जारी कर दिया है. वहीं, पहली से 8वीं कक्षा तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए अभी तारीख जारी नहीं की गई है. पंचायत राज चुनावों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में इन कक्षाओं की परीक्षाएं भी तय समय पर नहीं हो सकती हैं. शिक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक राजेश गोस्वामी ने बताया कि पहली से 8वीं कक्षा तक की परीक्षाओं का टाइम टेबल अलग से जारी किया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More