रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया राजसमंद का द्वारकाधीश मंदिर, गोवर्धन पर उमड़ेगी भक्तों की भीड़
राजसमंद के कांकरोली स्थित श्री द्वारकाधीश मंदिर में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा. मंदिर को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया है. शाम 6 बजे अन्नकूट दर्शन और रात 8:15 बजे भव्य आरती के बाद गुंजा लूट का आयोजन होगा. वहीं, सीकर में भी महिलाओं ने घरों में गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर पूजा-अर्चना की.
दीपावली पर्व के उल्लास के बीच राजसमंद के कांकरोली स्थित पुष्टिमार्गीय तृतीय पीठ श्री द्वारकाधीश मंदिर में आज गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा. महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर आकर्षक विद्युत सजावट से जगमगा उठा है. मंदिर के शिखरों, दीवारों और प्रवेश द्वार पर बैंगनी, नीली, पीली और सफेद रोशनी श्रद्धालुओं का मन मोह रही है.
मंदिर मंडल के अनुसार, सोमवार को शाम 6 बजे अन्नकूट दर्शन होंगे. इसके पश्चात रात 8:15 बजे भव्य आरती की जाएगी, जिसके तुरंत बाद पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार 'गुंजा लूट' का आयोजन होगा. इससे पहले रविवार को दीपावली पर कान जगाई दर्शन के अवसर पर आसोटिया गौशाला से गोमाताएं मंदिर पहुंचीं, जिनका पूजन किया गया.
यह भी पढ़ेंः दिवाली पर दुल्हन की तरह सजा बाड़मेर का श्मशान घाट! पढ़ें अनोखी कहानी
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, 778 जवान तैनात
दीपावली, गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए हैं. एसपी हेमंत कलाल ने बताया कि जिले में शांति, कानून व्यवस्था और सुगम यातायात बनाए रखने के लिए 778 पुलिस अधिकारियों, जवानों और होमगार्ड्स की तैनाती की गई है. नाथद्वारा के प्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर और कांकरोली के श्री द्वारकाधीश मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष ड्रोन और पुलिस निगरानी रखी जा रही है.
श्रद्धालुओं के लिए पुलिस की एडवाइजरी
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर परिसर में बनाए गए निर्धारित प्रवेश और निकास मार्गों का ही उपयोग करें, कतारबद्ध होकर दर्शन करें और संकरे रास्तों व सीढ़ियों पर बेवजह खड़े न हों. एसपी ने जिलेवासियों को त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया है.
सीकर में महिलाओं ने की गोवर्धन पूजा
सीकर में भी दीपावली के दूसरे दिन अपने घरों में गाय के गोबर से भगवान गोवर्धन महाराज की आकृति बनाई गई. पारम्परिक परिधानों में सजधकर छोटे-छोटे समूह में पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालु महिलाओं ने गोवर्धन की सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर परिवार में खुशहाली की कामनाएं की. इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से गोवर्धन की परिक्रमा की.
यह भी पढ़ेंः खाटूश्यामजी में दिवाली की धूम: गुलाबी फूलों से सजे बाबा श्याम, 5100 दीपों से रोशन हुआ मंदिर
क्यों की जाती है गोवर्धन पूजा?
महिला शंकुतला देवी ने बताया कि बृजवासी जब कृष्ण भगवान की पूजा करते थे तो इंद्र भगवान ने गुस्सा होकर पूछा कि तुम लोग मेरी पूजा क्यों नहीं करते? तो इंद्र भगवान भी गुस्सा होकर तूफान और बरसात करने लगे, जिससे सभी बृजवासियों का पशुधन डूबने लगा. इसके बाद सारे बृजवासी कृष्ण भगवान के पास गए और उनसे मदद मांगी. इसके बाद कृष्ण भगवान ने अपनी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत को उठाकर सभी बृजवासियों को उसके नीचे शरण दी और कृष्ण भगवान ने सभी बृजवासियों की रक्षा की. उसी दिन के बाद से सभी गोवर्धन पूजा करने लगे.
Report- Shyam Sundra