SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राजस्थान में शादियों से होगी ₹1.49 लाख करोड़ की कमाई: 3.28 लाख शादियां, 30 सेक्टरों की चमकेगी किस्मत!

राजस्थान में 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी से शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है. 237 दिनों के इस सीजन में करीब 92 सावे और 3.28 लाख शादियों का अनुमान है. इससे प्रदेश में लगभग 1.49 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है. होटल, मैरिज गार्डन, ज्वेलरी, कपड़ा, कैटरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल के साथ 30 से ज्यादा सेक्टरों को फायदा मिलेगा.

Written By Ashish Chauhan
Published: Nov 17, 2026, 13:24 IST | Updated: Nov 17, 2026, 13:43 IST
Image Credit: राजस्थान में शादियों का महाकुंभ
Join

राजस्थान में शादियों का सीजन इस बार कारोबार के नए रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है. वैश्विक बाजार में उथल-पुथल के बीच प्रदेश के वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारियों को शादी के सीजन से बड़ी उम्मीदें हैं. 237 दिन के वेडिंग सीजन में करीब 92 सावे होंगे. वहीं, इस सीजन में करीब 3 लाख 28 हजार शादियों से 1 लाख 49 हजार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है. शादियों की रौनक से होटल, मैरिज गार्डन, ज्वेलरी, कपड़ा, कैटरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल समेत 30 से ज्यादा सेक्टरों को फायदा मिलने की उम्मीद है.

20 नवंबर को देवउठनी एकादशी से इस सीजन का पहला सावा शुरू होगा. इसके बाद शादियों का सिलसिला जुलाई तक चलेगा. वेडिंग इंडस्ट्री के अनुमानों के मुताबिक, सामान्य शादी पर 5 से 12 लाख रुपये तक खर्च हो रहा है, जबकि रॉयल शादियों का बजट करोड़ों रुपये तक पहुंच रहा है. बड़ी शादियों पर 5 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है.

वेन्यू और कैटरिंग पर सबसे ज्यादा खर्च 
शादी के कुल बजट का 40 से 50 प्रतिशत हिस्सा वेन्यू और कैटरिंग पर खर्च हो रहा है. ज्वेलरी और कपड़ों पर 20 से 25 प्रतिशत, जबकि डेकोरेशन और लाइटिंग पर 15 से 20 प्रतिशत खर्च किया जा रहा है. फोटोग्राफी, मनोरंजन, गिफ्टिंग और ट्रैवल जैसी सेवाओं की भी मांग बढ़ रही है. इससे छोटे कारोबारियों से लेकर बड़े होटल और इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों तक को फायदा मिल रहा है.

यह भी पढ़ेंः पिंक साफे में जहीर खान का 'रॉयल स्वैग', तो साड़ी में सागरिका ने लूटी महफिल, साले की शादी के इनसाइड Videos ने मचाया तहलका

इन सेक्टरों में हजारों करोड़ के कारोबार का अनुमान
शादी के सीजन में फोर व्हीलर सेक्टर में करीब 20 हजार करोड़ रुपये, गोल्ड, सिल्वर और ज्वेलरी कारोबार में 20 हजार करोड़ रुपये और बर्तन कारोबार में 10 हजार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है. कपड़े, कैटरिंग और शादी के सामान से करीब 8 हजार करोड़ रुपये, इलेक्ट्रॉनिक्स से 3500 करोड़ रुपये और ग्रॉसरी से 3 हजार करोड़ रुपये के कारोबार की संभावना है. वहीं, पूजन सामग्री के कारोबार का अनुमान करीब 1 हजार करोड़ रुपये है.

विवाह पंजीकरण में जयपुर प्रदेश में सबसे आगे
विवाह पंजीकरण के आंकड़ों में भी जयपुर प्रदेश में पहले स्थान पर है. 15 नवंबर तक राजस्थान में कुल 5 लाख 5 हजार 529 विवाह पंजीकृत हुए हैं. इनमें जयपुर में सबसे ज्यादा 42 हजार 894 विवाह दर्ज किए गए. जोधपुर में 22 हजार 691, सीकर में 22 हजार 189, बीकानेर में 19 हजार 103 और चूरू में 18 हजार 616 विवाह पंजीकृत हुए हैं. खैरथल-तिजारा में सबसे कम 4 हजार 507 विवाह दर्ज हुए.

पिछले साल इसी अवधि में प्रदेश में 4 लाख 90 हजार 182 विवाह पंजीकृत हुए थे. इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 5 लाख 5 हजार 529 हो गया है यानी एक साल में 15 हजार 347 विवाह पंजीकरण बढ़े हैं. वैश्विक बाजार की उथल-पुथल के बीच कारोबारियों को उम्मीद है कि शादियों का यह सीजन बाजार को नई गति देगा. वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े 30 से ज्यादा सेक्टरों में कारोबार बढ़ने के साथ रोजगार और कमाई के नए अवसर भी तैयार होंगे. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

आशीष चौहान
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES