)
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में फिर से नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदलने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक, 14 से 16 अक्टूबर के दौरान राज्य के कई जिलों में बादल गरजने, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. साथ ही कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी होने की संभावना है.
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान में 14 और 15 अक्टूबर को मौसम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है और पूर्वी राजस्थान के जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में 14 से 16 अक्टूबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है.
बीकानेर में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर, फलोदी और आसपास के जिलों में 14 और 15 अक्टूबर को मौसम बदल सकता है. इन इलाकों में बादल गरजने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की जा सकती है. इसके साथ ही बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने के भी आसार हैं.
16 अक्टूबर तक जयपुर और भरतपुर में बारिश के आसार
पूर्वी राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है. जयपुर और भरतपुर के जिलों में 14 से 16 अक्टूबर के दौरान बादल गरजने और तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. वहीं, 15 अक्टूबर को जयपुर के ग्रामीण इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान में 16 अक्टूबर से मौसम शुष्क रह सकता है. वहीं, पूर्वी राजस्थान में 17 अक्टूबर से मौसम के शुष्क होने के आसार हैं, जिससे पहले पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और बादल गरजने की गतिविधियां देखी जा सकती हैं.
मौसम विभाग ने दी किसानों को मौसम सलाह
बदलते मौसम को देखते हुए बीकानेर और शेखावाटी इलाकों के किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. पककर तैयार हो चुकी फसलों को खुले आसमान के नीचे रखने से बचें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें.