राजस्थान में बदलेगा मौसम: जोधपुर-बाड़मेर समेत कई इलाकों में बारिश की संभावना
राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदलेगा. जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर, नागौर और शेखावाटी सहित कई इलाकों में बादल छाने, मेघगर्जन और हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में बादल छाने, मेघगर्जन और हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा. इसके असर से आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है.
बीकानेर-जोधपुर संभाग में बारिश के आसार
14 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मौसम बदलने की संभावना है. इन क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. इसके साथ ही मेघगर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है.
14 नवंबर को बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, फलोदी और श्रीगंगानगर में तेज हवाओं और मेघगर्जन की संभावना जताई गई है. वहीं, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर के साथ अधिकांश जिलों के लिए कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.
यह भी पढ़ेंः Rajasthan Weather Update: राजस्थान में 14-15 नवंबर को बिगड़ेगा मौसम, इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
15 नवंबर को इन इलाकों में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश के कुछ और हिस्सों में देखने को मिल सकता है. इस दिन बीकानेर संभाग के साथ अजमेर और जयपुर संभाग के उत्तरी भागों और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, जोधपुर और हनुमानगढ़ के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हालांकि, प्रदेश के शेष अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
16 नवंबर से फिर साफ होगा मौसम, तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, 16 नवंबर से प्रदेश में एक बार फिर मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इसके बाद अगले 4 से 5 दिनों तक बारिश की गतिविधियां नहीं होने का अनुमान है. इस दौरान दिन और रात के तापमान में भी बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना जताई है. इससे प्रदेश में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है.
13 नवंबर को प्रदेश में शुष्क रहा मौसम
इससे पहले 13 नवंबर को राजस्थान में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया. जयपुर में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा. जोधपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री, जैसलमेर में 34.4 डिग्री और बीकानेर में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा.
14 और 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम बदलेगा, जबकि 16 नवंबर से फिर मौसम साफ रहने और तापमान में गिरावट आने का अनुमान है.