App

राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: 5 जिलों में बारिश और गिरे ओले, 15 अक्टूबर तक आंधी का अलर्ट जारी

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में बारिश हुई. लूणकरणसर और जैसलमेर में ओले भी गिरे. श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 6 डिग्री तक गिर गया. मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक पश्चिमी राजस्थान और शेखावाटी के कुछ इलाकों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है.

राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: 5 जिलों में बारिश और गिरे ओले, 15 अक्टूबर तक आंधी का अलर्ट जारी
Image Credit: राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है, जिससे मौसम बदल गया है. राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट देखी गई. बीते दिन यानी रविवार को बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. बीकानेर के लूणकरणसर और जैसलमेर के कुछ इलाकों में ओले भी गिरे. बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है. ऐसे में मौसम विभाग के अनुसार, 13 से 15 अक्टूबर तक पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में आंधी, बारिश और बिजली गिर सकती है.

बीकानेर-जैसलमेर में बारिश के साथ गिरे ओले
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बीकानेर में शनिवार रात से ही मौसम बदला हुआ देखा गया था. कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं. बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई. वहीं, जैसलमेर शहर और नहरी क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओले गिरे. अचानक मौसम बदलने से तापमान में गिरावट आई है.  

श्रीगंगानगर में 6 डिग्री गिरा तापमान
बारिश की वजह से प्रदेश के तापमान में गिरावट देखी गई. मौसम विभाग के अनुसार, 11 अक्टूबर को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से लगभग 6 डिग्री कम रहा. श्रीगंगानगर जिले के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. करणपुर में 20 मिलीमीटर, मिर्जेवाला में 14 मिलीमीटर, श्रीगंगानगर शहर में 18 मिलीमीटर, हिंदूमलकोट में 18.6 मिलीमीटर और केसरीसिंहपुर में 17 मिलीमीटर बारिश हुई. बारिश के बाद दिन में गर्मी का असर कम हुआ है.

15 अक्टूबर तक आंधी और बारिश के आसार 
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा और आसपास के क्षेत्र के ऊपर वायुमंडल में एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है. इसके साथ ही राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में ट्रफ लाइन सक्रिय है. इन मौसमी परिस्थितियों की वजह से अगले कुछ दिनों तक राज्य के कुछ इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है.  13 और 14 अक्टूबर को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बादल गरजने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है. 15 अक्टूबर तक पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है.  

किसानों को फसल बचाने की सलाह
बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह दी है. खुले में रखी फसलों, अनाज और कृषि उपज को बारिश से बचाने के लिए उचित इंतजाम करने को कहा गया है. अचानक बारिश होने से किसानों और व्यापारियों को नुकसान हो सकता है.

जयपुर में धूप, उदयपुर में बढ़ी रात की ठंडक
राजधानी जयपुर में फिलहाल मौसम शुष्क रहने के आसार हैं. 11 अक्टूबर को यहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दिन में धूप के कारण गर्मी बनी रह सकती है. वहीं, उदयपुर में रात के समय ठंडक बढ़ने लगी है. यहां न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास बताया गया है. दिन में गर्मी का असर अभी बना हुआ है, जबकि शाम और रात में मौसम ठंडा महसूस हो रहा है.

अगले कुछ दिनों में राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. पश्चिमी राजस्थान और शेखावाटी में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका है, जबकि जयपुर के साथ प्रदेश के अधिकांश अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More