App

राजस्थान में बदला मौसम: बादलों से सर्दी में हल्की राहत, फतेहपुर में पारा 6 डिग्री

राजस्थान के मौसम में हल्का बदलाव दर्ज किया गया. पूर्वी राजस्थान के जयपुर और भरतपुर संभाग में बादल छाने से तापमान बढ़ा और सुबह-शाम की ठंड से थोड़ी राहत भी मिली. जहां फतेहपुर 6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा, वहीं बाड़मेर में पारा 31.4 डिग्री रहा. मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है.

राजस्थान में बदला मौसम: बादलों से सर्दी में हल्की राहत, फतेहपुर में पारा 6 डिग्री
Image Credit: Rajasthan Mausam Samachar

राजस्थान के मौसम ने शनिवार को हल्की सी करवट ली और पूर्वी राजस्थान के जयपुर और भरतपुर संभाग में आसमान पर हल्के बादल छाने से पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसका सीधा असर सुबह और शाम की ठिठुरन पर पड़ा है. बादलों की मौजूदगी की वजह से लोगों को सुबह-शाम की सर्दी से मामूली राहत महसूस हुई.

पूर्वी जिलों में धुंध और बादल, पश्चिमी जिलों में तेज धूप
पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, टोंक, दौसा, अलवर, भरतपुर, करौली और धौलपुर में दिनभर हल्के बादलों के साथ धुंध का असर देखने को मिला है. इस वजह से इन इलाकों में सर्द हवाएं कमजोर पड़ीं. दूसरी ओर, बाड़मेर शनिवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा श्रीगंगानगर में दिन का पारा 30.3 डिग्री, जैसलमेर, पाली और जोधपुर में 30-30 डिग्री, बीकानेर के लूणकरणसर में 29.5 डिग्री और चूरू में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

सर्द हवाओं ने इन शहरों में बनाए रखी ठंडक
जहां एक तरफ कई हिस्सों में तापमान बढ़ा, वहीं श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर के क्षेत्रों में शनिवार को दिन के समय हल्की सर्द हवाएं चलती रहीं, जिससे मौसम में हल्की ठंडक बनी रही. इसी तरह चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, उदयपुर और फलोदी में भी ठंडी हवाओं के असर से दिन में हल्की सर्दी का अहसास हुआ.

फतेहपुर में सबसे ठंडी रात, सीकर और नागौर में भी गिरा पारा
रात के तापमान की बात करें तो शनिवार को फतेहपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. इसके बाद सीकर में 6.2 डिग्री और नागौर में 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. अन्य शहरों में माउंट आबू में 8.1, टोंक में 8.2, अलवर में 8.5, झुंझुनूं के पिलानी में 8.6 और चूरू व करौली में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा.

अगले एक हफ्ते कैसा रहेगा मौसम ?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले एक हफ्ते तक राजस्थान में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा. इस दौरान उत्तरी सर्द हवाओं से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं. उदयपुर और कोटा संभाग के इलाकों में रात की सर्दी में हल्की कमी आ सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के जिलों में दिन की धूप तेज होने के चलते तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More