राजस्थान में मौसम ने ली करवट: IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट, इस दिन से होगी बारिश
Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम अब धीरे-धीरे बदल रहा है. दिन के तापमान में गिरावट और रात में गुलाबी ठंडक बढ़ी है. 7 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 10 से 12 अक्टूबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ से बीकानेर व शेखावाटी में हल्की बारिश के आसार हैं.
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में अक्टूबर की शुरुआत के साथ मौसम में धीरे-धीरे बदलाव दिखने लगा है. पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा. पिलानी में सबसे अधिक 40.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि सिरोही में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा. कई जिलों में दिन के तापमान में गिरावट आई है, वहीं दक्षिणी राजस्थान में रात के समय हल्की गुलाबी ठंडक महसूस होने लगी है.
देखें जयपुर मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट
अगले 3-4 दिन मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग के अनुसार 7 अक्टूबर को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. अगले तीन से चार दिनों तक बारिश की गतिविधियां नहीं के बराबर रहेंगी. अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. आसमान साफ रहने के कारण दिन में तेज धूप का असर देखने को मिलेगा.
माउंट आबू में रात सबसे ठंडी
तापमान में गिरावट के साथ रात में ठंडक बढ़ी है. माउंट आबू में न्यूनतम तापमान करीब 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दक्षिणी जिलों में भी रात का तापमान नीचे आया है. उदयपुर में न्यूनतम तापमान 17.6, डूंगरपुर में 19.6, सिरोही में 18.9 और प्रतापगढ़ में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इससे रात और सुबह के समय हल्की ठंड का अहसास बढ़ने लगा है.
पश्चिमी राजस्थान में भी पारा गिरा
बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर में दिन के तापमान में करीब 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई. इन जिलों में पारा अब 40 डिग्री से नीचे आ गया है. जयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा. कोटा में दिन का तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहा. अजमेर में अधिकतम 35.7 और न्यूनतम 23.2 डिग्री दर्ज हुआ.
10 अक्टूबर से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है. इसके प्रभाव से 10 से 12 अक्टूबर के दौरान बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में बादल छा सकते हैं. इस दौरान कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि प्रदेश के बाकी अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. 10 अक्टूबर के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है.
जयपुर, उदयपुर और सीकर में ऐसा रहा मौसम
उदयपुर में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 1.4 डिग्री की गिरावट हुई. जोधपुर में अधिकतम 37.5 और न्यूनतम 23 डिग्री रहा. सीकर में अधिकतम तापमान 37.7 और न्यूनतम 21 डिग्री दर्ज किया गया. अलवर में दोपहर को तेज धूप रही, लेकिन शाम को हल्की ठंडक महसूस हुई. वहीं, जयपुर में दिनभर धूप के बाद शाम को मौसम में हल्की ठंडक देखने को मिली.
बारिश-आंधी में ऐसे रहें सुरक्षित
फिलहाल प्रदेश में कोई येलो, ऑरेंज या रेड अलर्ट जारी नहीं है. 10 से 12 अक्टूबर के दौरान जहां बादल, गरज-चमक या बारिश की संभावना हो, वहां मौसम खराब होने पर खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें. आंधी आने पर सुरक्षित जगह पर रहें. बिजली चमकने के दौरान घर के अंदर रहना सबसे सुरक्षित है. मौसम विभाग के ताजा अलर्ट पर नजर रखें और बारिश के समय अनावश्यक यात्रा से बचें.