)
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव आ गया है. चक्रवाती सिस्टम से बना डिप्रेशन कमजोर होकर अब वेल मार्क लो प्रेशर एरिया में बदल गया है. साथ पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और आंधी देखने को मिल रही है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.
28 सितंबर को बीकानेर, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
नमी के कारण बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती सिस्टम की सक्रियता शुरुआत में राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में अधिक रही. अब डिप्रेशन के कमजोर होकर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया में बदलने से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है. हालांकि वातावरण में मौजूद नमी की वजह से कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से भी कुछ इलाकों में मौसम का असर बढ़ा है. लो प्रेशर एरिया और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव एक साथ होने पर बादल बनने और बारिश की संभावना बढ़ गई है. ऐसे में मानसून की विदाई के बाद भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और आंधी देखने को मिल रही है.
श्रीगंगानगर में धूलभरी आंधी, दिन में छाया अंधेरा
सोमवार सुबह श्रीगंगानगर जिले के कई इलाकों में अचानक मौसम बदला. रायसिंहनगर, श्रीविजयनगर, रामसिंहपुर और सूरतगढ़ इलाकों में तेज धूलभरी आंधी चली. अंधड़ इतना तेज था कि दिन में ही कई इलाकों में अंधेरा छा गया. सड़कों पर धूल का गुबार उठने से वाहन चालकों को परेशानी हुई और कई जगह वाहनों की रफ्तार थम गई. आंधी के बीच कुछ इलाकों में रिमझिम बारिश भी हुई. वहीं, हनुमानगढ़ के पीलीबंगा में भी तेज हवाओं के साथ बादल छाए.
सीकर में झमाझम बारिश, श्रीगंगानगर-बीकानेर में ओले
प्रदेश में लगातार दूसरे दिन कई इलाकों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिला. रविवार को श्रीगंगानगर के रावला और बीकानेर के महाजन समेत कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई. सीकर, चूरू और झुंझुनूं में लगभग डेढ़ घंटे तक तेज बारिश दर्ज की गई. वहीं, अलवर के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई.
इन इलाकों में दर्ज हुई बारिश
बीते दिन प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. श्रीडूंगरगढ़ में 62 मिमी, बांदीकुई में 40 मिमी, हिंडौन में 36 मिमी, सीकर शहर में 35 मिमी, बीकानेर शहर में 30 मिमी, टोडाभीम में 26 मिमी और सीकर ग्रामीण में 26 मिमी बारिश हुई.
29 सितंबर के बाद मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग का कहना है कि 28 सितंबर को बीकानेर, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. 29 सितंबर को भी पूर्वी राजस्थान में छुटपुट हल्की बारिश होने की संभावना है. इसके बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले 5 से 6 दिनों तक मौसम शुष्क रह सकता है.