Rajasthan Weather Update: राजस्थान के इन इलाकों में महसूस होने लगी सर्दी, कहीं जमी ओस, कहीं छाया कोहरा
राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. झुंझुनूं में सुबह ओस और हल्के कोहरे से सर्दी का अहसास बढ़ा. IMD के अनुसार अगले 4-5 दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है.
राजस्थान में नवंबर के दूसरे पखवाड़े के साथ ही मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है. प्रदेश के कई इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस होने लगी है. ग्रामीण क्षेत्रों में हल्का कोहरा और खेतों, पेड़-पौधों तथा घरों की छतों पर ओस की बूंदें दिखाई देने लगी हैं. मौसम में आ रहे इस बदलाव के बीच लोगों को अब सर्दियों की शुरुआत का इंतजार है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 16 नवंबर से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. वहीं आगामी दिनों में तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है.
राजस्थान में बीते 24 घंटे कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के नागौर जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई. डीडवाना में सर्वाधिक 1.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज शुष्क बना रहा.
तापमान की बात करें तो चित्तौड़गढ़ में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं उपलब्ध दैनिक आंकड़ों के अनुसार फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा. तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सुबह और दोपहर के मौसम में अंतर महसूस किया जा रहा है.
यह भी पढे़ं- राजस्थान में सर्दी की एंट्री! नागौर में बूंदाबांदी के बाद बढ़ी ठिठुरन, बीकानेर में सीजन का पहला कोहरा
झुंझुनूं में सुबह दिखने लगा सर्दी का असर
झुंझुनूं जिले में मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है. रविवार सुबह ग्रामीण इलाकों में हल्का कोहरा नजर आया. खेतों, छतों, मुंडेरों और पेड़-पौधों पर ओस की बूंदें जमी दिखाई दीं. सुबह चलने वाली ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया.
मुंडेरों पर जमी ओस सूर्य की किरणें पड़ने के बाद मोतियों की तरह चमकती नजर आई. स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक पिछले दो-तीन दिनों से रात के तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है. दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहता है, लेकिन सुबह और शाम की ठंडक लगातार बढ़ रही है.
बच्चों और सुबह काम पर जाने वालों को महसूस होने लगी ठंड
मौसम में बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है. सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ रहा है. स्कूल जाने वाले बच्चों और सुबह काम पर जाने वाले मजदूरों को भी अब हल्की सर्दी महसूस होने लगी है. दोपहर में धूप निकलने के कारण फिलहाल दिन के समय मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है. ऐसे में सुबह और शाम के समय हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है.
किसानों के लिए राहत लेकर आई सुबह की ओस
ग्रामीण इलाकों में सुबह खेतों पर दिखाई देने वाली ओस की बूंदें किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं. किसानों के अनुसार सरसों और चने की फसल के लिए वातावरण में मौजूद नमी फायदेमंद हो सकती है. मौसम में बदलाव के साथ खेतों में सुबह की नमी का असर दिखाई देने लगा है.
16 नवंबर से अगले पांच दिन कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के 15 नवंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 16 नवंबर से आगामी 4-5 दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने के आसार हैं.
17, 18, 19, 20 और 21 नवंबर को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया गया है. यानी फिलहाल बारिश की गतिविधियों के बजाय तापमान में गिरावट और सुबह-शाम की ठंडक मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह बन सकती है.
16 नवंबर को किन जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी?
मौसम विभाग के 16 नवंबर के जिलेवार चेतावनी बुलेटिन के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के किसी भी जिले के लिए कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.
हालांकि 15 नवंबर के लिए अलवर, भरतपुर, डीग, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और सीकर में मेघगर्जन एवं वज्रपात की चेतावनी दर्ज थी. यह चेतावनी 16 नवंबर के लिए लागू नहीं है.