राजस्थान में 10-11 अक्टूबर को बारिश और आंधी का अलर्ट: 40 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, जानें किन जिलों में बदलेगा मौसम
Rajasthan Weather: राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा. राज्य में दिन में गर्मी तो रात में सर्दी का एहसास हो रहा है. प्रदेश में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया.
Rajasthan Weather: राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा. प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान पिलानी में दर्ज किया गया. वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में दर्ज हुआ. प्रदेश में अधिकतम तापमान पिलानी में 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. जबकि माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
10 से 11 अक्टूबर के बीच मौसम में होगा बदलाव
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम राजस्थान और आसपास के इलाकों में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम बनने की प्रबल संभावना है. इसके असर से 10 से 11 अक्टूबर के बीच बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनू और आस-पास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
इसके साथ ही आंधी और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 13 से 14 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आस-पास के जिलों में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. राज्य के जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में मौसम के शुष्क बने रहने की पूरी संभावना है.
दिन में गर्मी रात में सर्दी का एहसास
अक्टूबर महीने की शुरुआत में पश्चिमी राजस्थान के जिलों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है. जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानरे और आसपास के क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है. तो वहीं पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कई हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट से मौसम सुहावना महसूस हो रहा है. जो कि हल्की ठंड का अहसास करा रही है.
गर्मी से बचने की सलाह
अक्टूबर के महीने में भी लोगों को दोपहर की तेज गर्मी से बचने और सुबह-शाम बदलते तापमान के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. प्रदेश में मानसून की विदाई के साथ-साथ मौसम धीरे-धीरे शुष्क हो गया है. हालांकि दिन में गर्मी का असर अभी बरकरार है, जबकि रात और सुबह हल्की ठंडक अक्टूबर में बदलते मौसम का संकेत दे रही है.
सर्दी से बचने के उपाय
प्रदेश में जल्द ही सर्दी शुरू हो सकती है. ऐसे में सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले ठंड से बचाव की तैयारी कर लें. सर्दी शुरू होते ही सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनें और सिर, कान व पैरों को ढककर रखें. शरीर को गर्म रखने के लिए गुनगुना पानी पिए. इसके साथ ही पौष्टिक और गर्म भोजन लें. जिस कमरे में सोते हों उस कमरे को गर्म रखें, लेकिन बंद कमरे में अंगीठी या कोयला जलाने से बचें.