Udaipur News: राजस्थान में नशे के सौदागरों के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई जारी है. उदयपुर के कोटड़ा क्षेत्र में ANTF ने 10 बीघा जमीन पर सामान्य कृषि फसल की आड़ में की जा रही गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया. टीम ने मौके से गांजे के 7 हजार 577 पौधे उखाड़े और उन्हें जलाकर नष्ट कर दिया. नष्ट की गई फसल की कीमत करीब 12 करोड़ रुपए बताई गई है.
एक महीने तक खेत पर रखी नजर
ANTF ने कार्रवाई से पहले एक महीने तक खेत पर गोपनीय निगरानी रखी. निगरानी के दौरान गांजे की खेती होने की पुष्टि हुई. इसके बाद कार्रवाई की योजना तैयार की गई.
चार जिलों की टीमों ने की कार्रवाई
ऑपरेशन का नाम 'गजरगांज' रखा गया. अवैध खेती की पुष्टि होने के बाद भीलवाड़ा, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और जयपुर की ANTF टीमों ने कार्रवाई की. कार्रवाई में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और कोटड़ा थाना पुलिस को भी साथ लिया गया. टीमों ने मौके पर पहुंचकर गांजे के पौधों को उखाड़ा और जलाकर नष्ट कर दिया.
2,275 किलो गांजा तैयार होने की थी संभावना
जांच के अनुसार खेत में खड़ी फसल तैयार होने पर 2 हजार 275 किलो गांजा तैयार होने की संभावना थी. आशंका थी कि फसल तैयार होने के बाद इसे अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाना था. ANTF की कार्रवाई से संभावित खेप बाजार तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दी गई.
रात में फसल हटाने की थी आशंका
कार्रवाई से पहले ANTF को रात के समय खेत के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की आहट भी मिली थी. आशंका थी कि अवैध खेती से जुड़े लोग रातों-रात फसल काटकर हटाने की कोशिश कर सकते हैं. हालांकि ANTF की टीमें सतर्क थीं. फसल हटाने की कोशिश सफल नहीं हुई और इसके बाद सुनियोजित तरीके से खेती नष्ट कर दी गई.
पहले भी चल चुका है गांजार्जन ऑपरेशन
ANTF इससे पहले भी इलाके के आसपास गांजे की अवैध खेती के खिलाफ 'गांजार्जन ऑपरेशन' चला चुकी है. इसके बावजूद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों ने दोबारा अवैध खेती शुरू करने की कोशिश की. निगरानी और मजबूत आसूचना तंत्र के चलते ANTF को इस गतिविधि की जानकारी मिली और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया.
750 करोड़ के पार पहुंचा आंकड़ा
ANTF के गठन को एक साल पूरा होने के मौके पर नशे के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला तेज हुआ है. इस कार्रवाई के साथ ANTF की ओर से जब्त और नष्ट किए गए मादक पदार्थों के मूल्य का आंकड़ा 750 करोड़ रुपए के पार पहुंचने की बात सामने आई है. गठन के पहले ही साल नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है.
टीमों को सम्मानित किया जाएगा
ANTF IG विकास कुमार ने कार्रवाई में शामिल सभी टीमों की सराहना की है. कार्रवाई में ANTF की चार टीमों के साथ NCB और कोटड़ा थाना पुलिस की भी अहम भूमिका रही. विकास कुमार ने विशेष कार्यक्रम में कार्रवाई में शामिल टीमों को सम्मानित करने की बात कही है.
नशे की खेती पर नजर
कोटड़ा की कार्रवाई से साफ है कि राजस्थान में अवैध नशे की खेती करने वालों पर ANTF की निगरानी बनी हुई है. दूर-दराज के इलाकों में सामान्य कृषि गतिविधियों के बीच छिपाकर की जा रही खेती पर भी सूचना तंत्र के जरिए नजर रखी जा रही है. ANTF का कहना है कि ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा.