UPI चार्ज के खिलाफ व्यापारी एकजुट: 2 और 15 अक्टूबर को 'नो UPI डे', 10 को देशव्यापी धरना प्रदर्शन
Rajasthan News: UPI MDR को लेकर देशभर के व्यापारियों में विरोध तेज हो गया है. भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में 17 राज्यों के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. व्यापारियों ने 2 और 15 अक्टूबर को 'नो UPI डे' मनाने और 10 अक्टूबर को देशभर में धरना-प्रदर्शन करने का फैसला लिया है.
Rajasthan News: UPI MDR को लेकर देशभर के व्यापारियों में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं. भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (BUVM) की बैठक में व्यापारियों ने UPI लेनदेन पर प्रस्तावित MDR का विरोध करते हुए इसके खिलाफ देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की. बैठक में करीब 17 राज्यों से जुड़े व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.
व्यापारियों का कहना है कि UPI पर MDR (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) लागू होने से डिजिटल भुगतान करने और स्वीकार करने वाले कारोबारियों पर अतिरिक्त लागत का बोझ बढ़ सकता है. हालांकि, केंद्र सरकार के वित्तीय सेवा विभाग के अनुसार UPI के P2P लेनदेन और 96 फीसदी मर्चेंट लेनदेन पर MDR नहीं है.
UPI MDR के विरोध में 'नो UPI डे' का ऐलान
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में सर्वसम्मति से UPI MDR के विरोध में कई कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला लिया गया. व्यापारिक संगठनों ने 2 अक्टूबर को 'नो UPI डे' मनाने का आह्वान किया है. इस दौरान व्यापारियों से UPI के जरिए लेनदेन नहीं करने की अपील की जाएगी. इसके अलावा 15 अक्टूबर को भी 'नो UPI डे' के साथ विरोध-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है. व्यापारियों ने UPI MDR के मुद्दे को लेकर आंदोलन को देशभर में आगे बढ़ाने की बात कही है.
10 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन की तैयारी
बैठक में तय किया गया कि 10 अक्टूबर को देशभर में व्यापारिक संगठन अपने-अपने स्थान पर UPI MDR के विरोध में धरना-प्रदर्शन करेंगे. इसके साथ ही भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से ज्ञापन तैयार कर विभिन्न व्यापारिक संस्थाओं को भेजा जाएगा. व्यापारिक संगठनों से अपने-अपने क्षेत्र के सांसदों को भी ज्ञापन सौंपने की अपील की गई है.
प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी
व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल UPI MDR के मुद्दे पर प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने की तैयारी में है. संगठन की ओर से UPI लेनदेन पर MDR नहीं लगाने की मांग रखी जाएगी. बैठक में यह भी तय किया गया कि आगे की रणनीति तय करने के लिए दिल्ली में देशभर के व्यापारिक संगठनों की बैठक बुलाई जाएगी. इस बैठक में UPI MDR के विरोध में आंदोलन को आगे बढ़ाने की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी.
काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे व्यापारी
व्यापारियों ने आंदोलन के दौरान काली पट्टी बांधकर विरोध जारी रखने का भी निर्णय लिया है. संगठन का कहना है कि UPI MDR के खिलाफ देशभर के व्यापारिक संगठनों को एकजुट किया जाएगा. भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक की अध्यक्षता BUVM के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ महामंत्री मुकुंद मिश्रा और राष्ट्रीय महामंत्री अजीत कोठारी ने किया.