App

राजस्थान में अभी नहीं बदलेगा स्कूलों का टाइम: गर्मी के चलते बड़ा फैसला, जानें नया शेड्यूल

Rajasthan News: राजस्थान में गर्मी को देखते हुए सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव टाल दिया गया है. एक पारी वाले स्कूल 15 अक्टूबर तक सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेंगे. 16 अक्टूबर से नया शीतकालीन समय लागू होगा.

राजस्थान में अभी नहीं बदलेगा स्कूलों का टाइम: गर्मी के चलते बड़ा फैसला, जानें नया शेड्यूल
Image Credit: Rajasthan Government School

Rajasthan School Schedule: राजस्थान में सरकारी स्कूलों के समय में 1 अक्टूबर से होने वाला बदलाव फिलहाल टाल दिया गया है. अब एक पारी वाले स्कूल 15 अक्टूबर तक पहले से तय समय के अनुसार ही चलेंगे. इसके बाद 16 अक्टूबर से नया समय लागू होगा. गर्मी और उमस को देखते हुए शिक्षा विभाग ने यह फैसला लिया है.

15 अक्टूबर तक पुराना समय रहेगा लागू
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी नए आदेश के अनुसार 15 अक्टूबर तक प्रदेश के एक पारी वाले सरकारी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होंगे. यानी 1 अक्टूबर से छात्रों और शिक्षकों के स्कूल पहुंचने के समय में कोई बदलाव नहीं होगा. शिक्षक संगठनों ने भी गर्मी को देखते हुए फिलहाल स्कूल का समय नहीं बदलने की मांग की थी.

16 अक्टूबर से बदलेगा स्कूल का समय
विभाग के नए निर्देशों के अनुसार 16 अक्टूबर से सरकारी स्कूलों में शीतकालीन समय-सारिणी लागू होगी. इसके बाद एक पारी वाले स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे. यह व्यवस्था 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगी.

पहले 1 अक्टूबर से होना था बदलाव
शिविरा पंचांग के अनुसार सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव 1 अक्टूबर से होना था. इसके तहत एक पारी वाले स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे किया जाना था. लेकिन इस बार अक्टूबर की शुरुआत में भी प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है. इसी को देखते हुए समय बदलने की तारीख आगे बढ़ा दी गई है.

पिछले साल 1 अक्टूबर से बदला था समय
पिछले साल सरकारी स्कूलों का समय 1 अक्टूबर से बदला गया था. इससे पहले साल 2022, 2023 और 2024 में स्कूलों का समय 16 अक्टूबर से बदला था. इस बार भी 16 अक्टूबर से नया समय लागू किया जाएगा.

प्रदेश में बढ़ रहा तापमान
प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान बढ़ रहा है. पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा पहुंच रहा है. बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा. पिछले दिनों हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट भी आई है. वहीं फलोदी में मंगलवार को तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा. बाड़मेर और जैसलमेर मंगलवार को सबसे गर्म शहर रहे, जहां दिन का तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

अस्पतालों का समय 1 अक्टूबर से बदलेगा
राजस्थान में जहां सरकारी स्कूलों का समय बदलने की तारीख आगे बढ़ा दी गई है, वहीं सरकारी अस्पतालों का समय 1 अक्टूबर से ही बदल रहा है. स्कूलों के समय में बदलाव अब 16 अक्टूबर से लागू होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More