SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'भगवान राम इनका इलाज कर देंगे...' खाचरियावास की BJP को चेतावनी, जिला परिषद सदस्यों की 5 करोड़ तक बोली लगाने का दावा

कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए एक सदस्य के लिए 5 करोड़ तक की बोली लगाने का दावा किया. रामायण फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग करते हुए कहा- भगवान राम इनका इलाज कर देंगे.

Reported By Ashutosh Sharma Edited By Ansh Raj
Published: Nov 24, 2026, 16:24 IST | Updated: Nov 24, 2026, 16:26 IST
Image Credit: Pratap Singh Khachariyawas Statement (AI Image)
Join

Rajasthan Politics: राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद अब जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं. कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा पर खरीद-फरोख्त, पुलिस और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि कुछ जिलों में जिला परिषद के एक सदस्य के लिए 5 करोड़ रुपए तक की बोली लगाने की सूचना है. इसके अलावा रामायण फिल्म को टैक्स फ्री नहीं करने पर भी उन्होंने भाजपा सरकार को घेरा. खाचरियावास ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार रामायण फिल्म को टैक्स फ्री करे, नहीं तो भगवान राम इनका इलाज कर देंगे.

कंगना की फिल्म टैक्स फ्री तो रामायण क्यों नहीं?

प्रताप सिंह खाचरियावास ने रामायण फिल्म को टैक्स फ्री नहीं करने पर भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना रनौत की फिल्म को पूरे देश में टैक्स फ्री कर दिया गया और उन्हें विशेष प्रोटोकॉल भी दिया गया, लेकिन भगवान राम पर बनी फिल्म को टैक्स फ्री नहीं किया जा रहा है.

खाचरियावास ने कहा कि भगवान राम सबसे बड़ा चरित्र हैं, फिर उनकी फिल्म को टैक्स फ्री करने में भाजपा को क्या परेशानी है? उन्होंने मांग की कि सरकार रामायण फिल्म को तत्काल टैक्स फ्री करे और बच्चों को भी विशेष रूप से यह फिल्म दिखाई जाए. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ''नहीं तो बीजेपी ये सुन ले, भगवान राम इनका इलाज कर देंगे.''

जिला परिषद के एक सदस्य के लिए 5 करोड़ की बोली का दावा

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के 37 जिलों में जिला प्रमुख का चुनाव लड़ने और बहुमत नहीं होने के बावजूद उम्मीदवार उतारने के बयान पर खाचरियावास ने तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है, लेकिन पार्टी अपनी हार स्वीकार करने को तैयार नहीं है. खाचरियावास ने दावा किया कि भाजपा के वोट करीब 6 फीसदी कम हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रमुख और प्रधान बनाने के लिए भाजपा नोटों की पेटियां खोल रही है. कुछ जिलों में एक सदस्य के लिए 5 करोड़ रुपए तक की बोली लगाने की सूचना मिलने का भी उन्होंने दावा किया.

ये भी पढ़ें- धौलपुर में कांग्रेस के बहुमत पर BJP की नजर! कहीं अपनों की खींचतान से हाथ से न निकल जाए जिला प्रमुख की कुर्सी

जहां कांग्रेस के 40 और BJP के 3 सदस्य, वहां भी जोड़तोड़ का आरोप

खाचरियावास ने भरतपुर, चूरू और शेखावाटी के कई जिलों में कांग्रेस सदस्यों पर पुलिस और प्रशासन के जरिए दबाव बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर कांग्रेस के 40 और भाजपा के महज 3 सदस्य जीते हैं, वहां भी बेईमानी से बोर्ड बनाने की कोशिश की जा रही है. कांग्रेस के करीब 80 फीसदी सीटें जीतने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अपने जनादेश की रक्षा के लिए पूरी ताकत लगाएगी.

'गांव और शहरों में घुसने नहीं देंगे'

खाचरियावास ने भाजपा नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बेईमानी से बोर्ड बनाने की कोशिश की गई तो भाजपा नेताओं को गांव और शहरों में घुसने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिस, गुंडों या भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सदस्यों को डराने या जबरन उठाने की कोशिश की तो कांग्रेस कार्यकर्ता इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे. उन्होंने यहां तक कहा कि यदि कानून-व्यवस्था बिगड़ती है या कर्फ्यू लगाने की स्थिति बनती है तो इसके लिए सरकार और मदन राठौड़ जिम्मेदार होंगे.

टीएसपी के चार जिलों में BJP से गठबंधन नहीं

टीएसपी क्षेत्र के चार जिलों में गठबंधन के सवाल पर खाचरियावास ने साफ किया कि भाजपा के साथ किसी भी कीमत पर गठबंधन नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जिन दलों के साथ पहले से गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है, कांग्रेस उन्हीं के साथ आगे बढ़ेगी. पूरी प्रदेश कांग्रेस अलर्ट मोड पर है. गोविंद सिंह डोटासरा, टीकाराम जूली और अशोक गहलोत समेत सभी नेता सक्रिय हैं.

किरोड़ीलाल मीणा पर भी साधा निशाना

खाचरियावास ने किरोड़ीलाल मीणा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा का राज आते ही उनके मुद्दे बदल गए हैं. अब वह आईएएस अधिकारियों के खिलाफ पहले की तरह आवाज नहीं उठाते हैं. इसके साथ ही खाचरियावास ने भाजपा के मंत्रियों और विधायकों को बहरूपिया बताते हुए भी निशाना साधा.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

आशुतोष शर्मा वर्ष 2011 से मुख्यधारा की मीडिया में सक्रिय एक वरिष्ठ पत्रकार हैं. डेढ़ दशक से अधिक के अपने समृद्ध पत्रकारिता करियर में उन्होंने इंडिया न्यूज़,ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ नेशन जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों के साथ काम किया है. वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और राजधानी जयपुर से राज्य के महत्वपूर्ण विषयों को कवर कर रहे हैं.उनकी मुख्य विशेषज्ञता राजस्थान की राजनीति,प्रशासनिक फैसलों,चुनाव और जनहित के मुद्दों के साथ-साथ अपराध और कानून-व्यवस्था की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग में है. पुलिस मुख्यालय (PHQ), जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े बड़े व चर्चित मामलों की एक्सक्लूसिव कवरेज उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. ब्रेकअप न्यूज़,गहन राजनीतिक विश्लेषण और एक्सक्लूसिव क्राइम स्टोरीज़ के ज़रिए आशुतोष शर्मा ने राजस्थान मीडिया जगत में अपनी एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पहचान बनाई है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES