)
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए देश में विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने असम और राजस्थान में हुए, परिसीमन का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे कांग्रेस को नुकसान हुआ है.
गहलोत ने कहा परिसीमन एसआईआर की तरह ही बहुत बड़ा मुद्दा है. परिसीमन एसआईआर की तरह ही देश के लिए खतरनाक है. अगर ये परिसीमन कर लेते हैं तो 2029 में सत्ता में आने के बाद चीन, रूस और नॉर्थ कोरिया की तरह चुनाव होंगे. विपक्ष सिर्फ नाम का रह जाएगा.
गहलोत के इस बयान पर बीजेपी नेता सतीश पूनिया ने पलटवार किया है. पूनिया ने कहा कि परिसीमन कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि आबादी बढ़ने के साथ ये सामान्य तौर पर होता रहा है. उन्होंने गहलोत के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक पंचायत को जिला बना देने वाले गहलोत आज परिसीमन पर सवाल उठा रहे हैं. पूनिया ने कांग्रेस की लगातार चुनावी हार के लिए पार्टी को ही जिम्मेदार ठहराया. परिसीमन हमेशा से होता रहा है, ये सामान्य प्रक्रिया है. आबादी बढ़ती है तो परिसीमन होता है. अशोक गहलोत को राहुल गांधी से पूछना चाहिए कि वे बार-बार क्यों हारते हैं. कांग्रेस के कर्म ऐसे हैं कि जनता उन्हें जिताती नहीं है.
वहीं SIR को लेकर भी सतीश पूनिया ने कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि SIR नहीं होने से कांग्रेस को फायदा मिलता था, पूनिया ने कहा SIR में अनआइडेंटिफाइड और मृत लोगों के नाम काटे गए. कांग्रेस के पेट में दर्द इसलिए है, क्योंकि उनके काल्पनिक वोट बैंक पर चोट पड़ी है. फिलहाल परिसीमन और SIR को लेकर कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने हैं. गहलोत जहां इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बता रहे हैं, वहीं बीजेपी इसे सामान्य प्रक्रिया बताते हुए कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर रही है.
ये भी पढ़ें : पुलिस के हाथ नहीं आ रहे Naresh Meena! गिरफ्तारी के लिए आधा दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर दबिश, ताबड़तोड़ चल रही है छापेमारी