App

छठ महापर्व में 4 दिन बाकी, दिल्ली के झंगोला के मॉडल घाट पर इंतजाम नदारद; 1 लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल

उत्तर दिल्ली के झंगोला गांव स्थित यमुना के 9 नंबर ठोकर घाट पर छठ पूजा से चार दिन पहले भी तैयारियां नजर नहीं आ रही हैं, जबकि आयोजकों के मुताबिक यहां एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचते हैं.

छठ महापर्व में 4 दिन बाकी, दिल्ली के झंगोला के मॉडल घाट पर इंतजाम नदारद; 1 लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल
Image Credit: छठ महापर्व में 4 दिन बाकी, झंगोला के मॉडल घाट पर इंतजाम नदारद; 1 लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल

दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है. राजधानी में कई जगह मॉडल छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं.  मगर कुछ घाट ऐसे भी हैं, जहां तैयारियां अब तक नजर नहीं आ रही हैं. ऐसा ही एक घाट उत्तर दिल्ली के झंगोला गांव में यमुना नदी किनारे स्थित 9 नंबर ठोकर पर बनाया जाना है. यहां तैयारियों की स्थिति को लेकर आयोजकों की चिंता बढ़ गई है.

छठ महापर्व में अब महज चार दिन बाकी हैं, लेकिन झंगोला गांव के यमुना किनारे स्थित 9 नंबर ठोकर पर तैयारियों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. एक तरफ दिल्ली सरकार राजधानी में मॉडल छठ घाट बनाने की बात कह रही है तो दूसरी तरफ इस घाट पर अभी तक न तो कोई विशेष व्यवस्था दिखाई दे रही है और न ही संबंधित विभागों के अधिकारी धरातल पर काम करते नजर आ रहे हैं.

आयोजकों का दावा है कि इस घाट पर एक लाख से ज्यादा छठ व्रती और श्रद्धालु सूर्य उपासना के लिए पहुंचते हैं. हालांकि, यहां तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है. श्रद्धालुओं को करीब 10 किलोमीटर का सफर तय करके घाट तक पहुंचना पड़ता है. इस रास्ते में लगभग 3 किलोमीटर का इलाका जंगल से होकर गुजरता है. आयोजकों का आरोप है कि इस सुनसान रास्ते पर असामाजिक तत्वों की वजह से श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इस घाट पर इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है तो फिर सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर इंतजाम क्यों नहीं किए गए? आयोजकों का कहना है कि उन्हें अभी तक यह स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी गई है कि दिल्ली सरकार की तरफ से इस घाट को मॉडल घाट बनाया जा रहा है या नहीं.

छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा, रास्ते की व्यवस्था, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की आवश्यकता होती है. मगर महापर्व से चार दिन पहले तक तैयारियों की स्थिति देखकर आयोजकों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं.

अब सवाल दिल्ली सरकार और संबंधित विभागों से है कि क्या छठ महापर्व शुरू होने से पहले इस घाट पर सभी जरूरी इंतजाम पूरे हो पाएंगे? क्या एक लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा या फिर इस बार भी श्रद्धालुओं को अव्यवस्थाओं के बीच ही छठ पूजा करने को मजबूर होना पड़ेगा?


(दिल्ली से नसीम अहमद की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More