SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

एक ही गांव की तीन बेटियां... तीनों बनीं सरपंच! राजस्थान के इस छोटे से गांव ने रचा नया इतिहास

सीकर के छापर गांव की पूजा वर्मा, मनीषा देवी और सुनीता वर्मा ने पहली बार पंचायत चुनाव लड़कर तीन अलग-अलग ग्राम पंचायतों में सरपंच पद पर जीत हासिल की है.

Written By Ashok Singh Shekhawat
Published: Nov 05, 2026, 11:44 AM IST | Updated: Nov 05, 2026, 11:48 AM IST
Image Credit: राजस्थान की इन 3 बेटियों ने बदली गांव की राजनीति.
Join

राजस्थान के सीकर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सबका ध्यान खींचा है. नीमकाथाना पंचायत समिति के तहत आने वाली बांसड़ी ग्राम पंचायत के छोटे से छापर गांव की तीन बेटियों ने पंचायतीराज चुनाव में अपनी सफलता से नया उदाहरण पेश किया है. पूजा वर्मा, मनीषा देवी और सुनीता वर्मा ने पहली बार चुनाव लड़ा और तीनों ने सरपंच पद पर जीत हासिल की. खास बात यह है कि एक ही गांव की रहने वाली ये तीनों महिलाएं अब तीन अलग-अलग ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी संभालेंगी. उनकी इस जीत को ग्रामीण राजनीति में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है.

पहली बार चुनाव लड़ा और बन गईं सरपंच

छापर गांव की इन तीनों बेटियों ने अपने पहले ही चुनाव में मतदाताओं का भरोसा जीत लिया. तीनों निर्वाचित महिला प्रतिनिधि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग से आती हैं. अलग-अलग पंचायतों में चुनाव लड़कर उन्होंने अपनी राजनीतिक पहचान बनाई है.

पूजा वर्मा: 28 वर्षीय पूजा वर्मा बीए-बीएड शिक्षित हैं. उन्होंने भगेगा ग्राम पंचायत में सामान्य महिला सीट से चुनाव लड़ा था. अपने पहले ही चुनाव में उन्होंने 182 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की और सरपंच चुनी गईं.

मनीषा देवी: 34 वर्षीय मनीषा देवी ने रामपुरा थोई ग्राम पंचायत की एससी आरक्षित सीट से चुनाव लड़ा. दसवीं तक पढ़ाई करने वाली मनीषा ने पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर सरपंच पद पर जीत हासिल की.

सुनीता वर्मा: 37 वर्षीय सुनीता वर्मा एक साधारण किसान परिवार से आती हैं. उन्होंने बुर्जा की ढाणी ग्राम पंचायत की एससी महिला आरक्षित सीट से चुनाव लड़ा. सुनीता ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 398 वोटों से हराकर सरपंच पद हासिल किया. तीनों में उनकी जीत का अंतर सबसे अधिक रहा.

य़ह भी पढ़ें- Rajasthan Panchayat Chunav Live: राजस्थान पंचायत चुनाव का तीसरा चरण आज, जयपुर में सुबह 10 बजे तक 22.45% वोटिंग, आज ही आएंगे नतीजे

गांवों के विकास के लिए बनाई अलग-अलग योजनाएं

चुनाव जीतने के बाद तीनों महिला सरपंचों ने अपनी पंचायतों के विकास को लेकर प्राथमिकताएं तय कर ली हैं. उनकी योजनाओं में शिक्षा, डिजिटल सुविधाएं, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना शामिल है.

पूजा वर्मा अपनी पंचायत में आधुनिक लाइब्रेरी, युवाओं के लिए ओपन जिम और डिजिटल सुविधाएं विकसित करना चाहती हैं. उनका जोर गांव के युवाओं को पढ़ाई और बेहतर अवसरों से जोड़ने पर रहेगा.

वहीं, मनीषा देवी महिलाओं को शिक्षा और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में काम करना चाहती हैं. उनका उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने फैसले खुद ले सकें.

सुनीता वर्मा बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देना चाहती हैं. इसके लिए वह अपनी ग्राम पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी तैयार करवाने की योजना बना रही हैं, जिससे बच्चों को शिक्षा के बेहतर साधन मिल सकें.

एक गांव की तीन बेटियों ने पेश की मिसाल

छापर गांव की पूजा, मनीषा और सुनीता की सफलता ने यह दिखाया है कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए आगे आ रही हैं. पहली बार चुनाव लड़कर तीन अलग-अलग पंचायतों में सरपंच बनने वाली इन बेटियों से अब ग्रामीणों को विकास की नई उम्मीदें हैं.

 
 
Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अशोक सिंह शेखावत सीकर (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 23 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में सीकर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।विज्ञान, विधि (LL.B.), फार्मास्यूटिकल्स और पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त शेखावत जी ने अपने करियर की शुरुआत राजकीय अस्पताल, झुंझुनूं में 7 वर्षों तक बतौर फार्मासिस्ट की थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया क्षेत्र में कदम रखते हुए राजस्थान पत्रिका, इंडिया टुडे और ईटीवी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR, राजस्थान) से अधिस्वीकृत पत्रकार (संख्या: 1410) के रूप में उन्हें रक्षा व शहीद परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के लिए वे सीकर व झुंझुनूं जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी हो चुके हैं।
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES