SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राजस्थान पंचायत चुनाव अपडेट: जैसलमेर से सलूम्बर तक, निर्वाचन आयोग ने बदले चुनाव के समीकरण

Jaipur News: राजस्थान में पंचायत चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किया गया है. जैसलमेर की सभी पंचायत समितियां चौथे चरण में शामिल होंगी. बीकानेर और सलूंबर में भी पंचायत समितियों के चुनावी चरण बदले गए हैं. जिला परिषद सदस्यों के नामांकन की तारीखें भी तय की गई हैं.

Written By Deepak Goyal
Published: Oct 06, 2026, 05:20 PM IST | Updated: Oct 06, 2026, 05:37 PM IST
Image Credit: जैसलमेर की सभी पंचायत समितियों को अब चौथे चरण में शामिल किया गया.
Join

Jaipur News: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किया है. त्योहार और चुनाव की तारीखें एक-दूसरे से टकराने के बाद आयोग ने पंचायत चुनाव के पहले तीन चरणों के कार्यक्रम में संशोधन किया है. सबसे बड़ा बदलाव तीसरे चरण में किया गया है. अब धनतेरस के दिन आम मतदाताओं को मतदान के लिए कतार में नहीं लगना पड़ेगा. इसके साथ ही जैसलमेर, बीकानेर और सलूंबर जिलों में भी पंचायत समितियों के चुनावी चरणों में बदलाव किया गया है.

धनतेरस पर नहीं होगा आम मतदाताओं का मतदान
चुनाव कार्यक्रम सामने आने के बाद धनतेरस के आसपास मतदान की तारीख को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी. धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी, घरों में पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक गतिविधियां होती हैं. ऐसे में मतदान की तारीख को लेकर बदलाव की मांग भी सामने आ रही थी. अब राज्य निर्वाचन आयोग ने पहले तीन चरणों के कार्यक्रम को एक दिन पहले कर दिया है. इसका असर पोलिंग पार्टियों की रवानगी से लेकर मतदान और उपसरपंच के चुनाव तक की तारीखों पर पड़ा है.

तीसरे चरण में अब जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को मतदान होगा. इसके बाद 4 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए नामांकन होंगे और 5 नवंबर को मतदान कराया जाएगा. 6 नवंबर को वार्ड पंचों के जरिए उपसरपंच का चुनाव होगा. इस बदलाव के कारण धनतेरस के दिन आम मतदाता मतदान से मुक्त रहेंगे और त्योहार के कार्यक्रमों में शामिल हो सकेंगे.

तीसरे चरण की पोलिंग पार्टियां 2 नवंबर को रवाना होंगी
पहले तीसरे चरण की पोलिंग पार्टियों को 3 नवंबर को रवाना किया जाना था. संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब मतदान दल 2 नवंबर को ही मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे.

इसके अगले दिन यानी 3 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा. 4 नवंबर को पंच और सरपंच पद के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी. 5 नवंबर को इन पदों के लिए वोटिंग होगी. इसके बाद 6 नवंबर की सुबह उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा. चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारी इसके बाद दोपहर में घर लौट सकेंगे.

अब ऐसा रहेगा पंचायत चुनाव का कैलेंडर
राज्य निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में पोलिंग पार्टियां 21 अक्टूबर को रवाना होंगी. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 22 अक्टूबर, जबकि पंच-सरपंच के लिए 24 अक्टूबर को मतदान होगा. 23 अक्टूबर को पंच-सरपंच के नामांकन और 25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव होगा. दूसरे चरण में मतदान दल 27 अक्टूबर को रवाना होंगे. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 28 अक्टूबर, जबकि पंच-सरपंच के लिए 30 अक्टूबर को वोटिंग होगी. 29 अक्टूबर को नामांकन और 31 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव होगा.

तीसरे चरण में पोलिंग पार्टियां 2 नवंबर को रवाना होंगी. 3 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा. 4 नवंबर को पंच-सरपंच के नामांकन, 5 नवंबर को मतदान और 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा.

चौथे चरण में पुराने कार्यक्रम के अनुसार ही चुनाव होंगे. इस चरण में पोलिंग पार्टियां 13 नवंबर को रवाना होंगी, 14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान, 15 नवंबर को पंच-सरपंच के नामांकन, 16 नवंबर को पंच-सरपंच मतदान और 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा.

जैसलमेर की सभी पंचायत समितियां चौथे चरण में
चुनावी चरणों में बदलाव के तहत जैसलमेर जिले की सभी पंचायत समितियों को चौथे चरण में शामिल किया गया है. इनमें राजमथाई मुख्यालय फलसूंड, सांकड़ा, भणियाना, खुहड़ी, फतेहगढ़, रामगढ़, जैसलमेर, रामदेवरा मुख्यालय पोकरण, नाचना और मोहनगढ़ पंचायत समितियां शामिल हैं. जिला परिषद जैसलमेर के सदस्यों के नामांकन 31 अक्टूबर को चौथे चरण में होंगे.

बीकानेर में भी बदले पंचायत समितियों के चरण
बीकानेर जिले में भी पंचायत समितियों के चुनावी चरणों का पुनर्निर्धारण किया गया है. पहले चरण में खाजूवाला, पूगल, छत्तरगढ़ और रूणिया पंचायत समिति में चुनाव होंगे. दूसरे चरण में हदां, बीठनोक, बज्जू, कोलायत और बीकानेर पंचायत समिति में वोटिंग होगी. तीसरे चरण में डूंगरगढ़, रिड़ी और लूणकरणसर पंचायत समिति को रखा गया है. चौथे चरण में नोखा, पांचू और जसरासर पंचायत समितियों में मतदान होगा.

सलूंबर में भी चुनावी चरण बदले
सलूंबर जिले में तीसरे चरण में लसाड़िया, सेमारी, सलूंबर और गींगला पंचायत समितियों में मतदान होगा. वहीं चौथे चरण में झल्लारा, जयसमंद और सराडा पंचायत समितियों में वोटिंग कराई जाएगी. जिला परिषद सलूंबर के सदस्यों के नामांकन 19 अक्टूबर को तीसरे चरण में जारी होंगे.

दो दिन में दो बार करना होगा मतदान
इस बार पंचायत चुनाव में मतदाताओं को दो अलग-अलग दिन मतदान करना होगा. पहले जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्यों के लिए एक साथ मतदान होगा. यह मतदान ईवीएम के जरिए कराया जाएगा. इसके दो दिन बाद पंच और सरपंच पद के लिए मतदान होगा. पंच-सरपंच का चुनाव बैलेट पेपर से कराया जाएगा. इस तरह गांव की सरकार चुनने की प्रक्रिया में मतदाताओं को अलग-अलग पदों के लिए दो बार मतदान करना होगा.

चुनावकर्मियों को भी मिली राहत
चुनाव कार्यक्रम में बदलाव का असर सिर्फ मतदाताओं पर नहीं पड़ा है. तीसरे चरण में ड्यूटी करने वाले मतदान दल 6 नवंबर की सुबह उपसरपंच का चुनाव कराने के बाद दोपहर में घर लौट सकेंगे.

यानी चुनाव ड्यूटी में कई दिनों तक व्यस्त रहने वाले कर्मचारियों के लिए धनतेरस की सुबह ड्यूटी में बीतेगी, लेकिन इसके बाद वे अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकेंगे. वहीं गांवों में भी धनतेरस के दिन मतदान की कतार के बजाय खरीदारी, पूजा-पाठ और त्योहार की रौनक देखने को मिलेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES