राजस्थान पंचायत चुनाव: कांग्रेस की बड़ी जीत, BJP के स्टार नेताओं के गढ़ में भी हारी पार्टी
राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से लेकर कई मंत्रियों के गढ़ में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ अपनी सियासी प्रतिष्ठा बचाने में कामयाब रहे.
Rajasthan Panchayat Election Results 2026: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में नए समीकरण खड़े कर दिए हैं. कई जिलों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है. सचिन पायलट के गढ़ टोंक से लेकर राजसमंद और चित्तौड़गढ़ तक कांग्रेस का जलवा देखने को मिला है. वहीं चूरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे और बहू ने जीत दर्ज कर उनकी सियासी प्रतिष्ठा बचाई है. हालांकि, डीडवाना के मकराना में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा, जहां रालोपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है.
सचिन पायलट के गढ़ टोंक में कांग्रेस की आंधी
टोंक जिले में कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है. जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से कांग्रेस ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को सिर्फ 5 सीटें मिली हैं. जिले की आठ पंचायत समितियों में से सात में कांग्रेस को बहुमत हासिल हुआ है. खास बात यह है कि भाजपा किसी भी पंचायत समिति में बहुमत हासिल नहीं कर सकी. अब जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव पर सभी की नजरें टिकी हैं.
चूरू में राजेंद्र राठौड़ ने बचाई सियासी प्रतिष्ठा
चूरू जिला परिषद चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के परिवार को बड़ी सफलता मिली है. उनके बेटे पराक्रम राठौड़ ने 7,810 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि बहू कनिका राठौड़ ने 2,384 वोटों से चुनाव जीता. दूसरी तरफ कांग्रेस के दो विधायकों के परिवारों को हार का सामना करना पड़ा है. कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक बुडानिया चुनाव हार गईं. वहीं विधायक अनिल शर्मा के भाई को भी हार मिली है. इन नतीजों के बाद राजेंद्र राठौड़ अपनी सियासी प्रतिष्ठा बचाने में कामयाब रहे हैं.
जोधपुर में कांग्रेस का दबदबा, 23 में से 18 पंचायत समितियों में बहुमत; RLP को 5 सीटें
जोधपुर जिले में पंचायत राज चुनाव के नतीजों ने ग्रामीण राजनीति की तस्वीर बदल दी है. जिले की 23 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 18 पर बहुमत हासिल कर भाजपा को बड़ा झटका दिया है. वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 5 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की है. खास बात यह है कि भाजपा जिले की एक भी पंचायत समिति में बहुमत हासिल नहीं कर सकी.
कांग्रेस ने आगोलाई, बालेसर, बिलाड़ा, चाबा, चामू, धवा, हतुंडी, झंवर, कापरड़ा, केरू, लूणी, ओसियां, पीपाड़ शहर, सामराऊ, सेखाला, शेरगढ़, तिंवरी और उम्मेद नगर में जीत दर्ज की. वहीं आसोप, बावड़ी, भोपालगढ़, मंडोर और सालवा खुर्द में RLP को बहुमत मिला. इन नतीजों से कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, ओसियां विधायक भैराराम सियोल, शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ और बिलाड़ा विधायक अर्जुनराम गर्ग के सामने भी चुनौती खड़ी हो गई है.
दूसरी ओर, बालेसर के दो वार्डों में EVM खराब होने के कारण पुनर्मतदान की संभावना है. जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि दोनों मशीनों में खराबी की जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दी गई है. अब आयोग के फैसले का इंतजार है. जोधपुर में कांग्रेस की इस जीत को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह उनका गृह जिला है.
प्रतापगढ़ में भाजपा को झटका, कांग्रेस 11 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी; BAP ने भी दिखाई ताकत
प्रतापगढ़ जिले में जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने भाजपा के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राजस्व मंत्री हेमंत मीणा के गृह जिले और उनके विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली. जिला परिषद की कुल 25 सीटों में कांग्रेस ने 11 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जगह बनाई है. वहीं भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने 7-7 सीटों पर जीत दर्ज की.
भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 1 से देऊ, 3 से रामकन्या, 8 से हकरी कुमारी, 10 से कैलाशी कुमारी, 14 से रामचन्द्र, 17 से शैलेन्द्र कुमार और 23 से कल्पना विजयी रहे. कांग्रेस के खाते में वार्ड नंबर 2 से ओमप्रकाश, 4 से बहादुरमल, 5 से रमेश चन्द्र, 6 से समुडी मीणा, 7 से नाती, 19 से लीला बाई, 20 से लीला देवी कुमावत, 21 से दिनेश चन्द्र जाट, 22 से इन्द्रा देवी, 24 से सपना कुमारी मीणा और 25 से जगदीश चन्द्र की जीत आई. वहीं BAP ने वार्ड नंबर 9 से रेखा कुमारी मीणा, 11 से गीता, 12 से ममता, 13 से सुरता, 15 से राजेश कुमार मीणा, 16 से गोवर्धन लाल मीणा और 18 से रमेश चन्द्र मीणा को जीत दिलाई.
अब जिला प्रमुख के चुनाव पर सभी की नजरें टिकी हैं. कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि भाजपा और BAP के पास 7-7 सीटें हैं. ऐसे में जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए राजनीतिक समीकरण और समर्थन अहम भूमिका निभा सकते हैं.
बीकानेर में कांग्रेस की बड़ी जीत, जिला परिषद की 41 में से 30 सीटों पर कब्जा; भाजपा 8 पर सिमटी
बीकानेर जिले में पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने सियासी तस्वीर बदल दी है. जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है. जिला परिषद की कुल 41 सीटों में कांग्रेस ने 30 सीटों पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा बनाया है. वहीं भाजपा को महज 8 सीटें मिलीं. राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 2 और CPI ने 1 सीट पर कब्जा जमाया. कांग्रेस की इस बड़ी जीत के बाद अब जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर पार्टी में दावेदारी तेज हो गई है. निकिता डूडी और सरिता चौहान के नाम प्रमुख दावेदारों के तौर पर चर्चा में हैं.
पंचायत समितियों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन मजबूत
जिले की 15 पंचायत समितियों के नतीजों में भी कांग्रेस ने कई क्षेत्रों में भाजपा के सियासी समीकरण बिगाड़ दिए. कोलायत, श्रीडूंगरगढ़ और लूणकरणसर जैसे क्षेत्रों में भाजपा को झटका लगा. हदा, रिड़ी, जसरासर और बज्जू में भी पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा. हालांकि नोखा और बिठनोक के नतीजों से भाजपा को कुछ राहत जरूर मिली. इन परिणामों ने साफ कर दिया कि जिले में ग्रामीण स्तर पर कांग्रेस ने अपनी पकड़ मजबूत की है.
जिला प्रमुख की कुर्सी पर टिकी नजरें
जिला परिषद में कांग्रेस की 30 सीटों पर जीत के बाद जिला प्रमुख पद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं. निकिता डूडी और सरिता चौहान के नामों पर खास चर्चा है. पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने कांग्रेस की जीत पर खुशी जताई और जिला प्रमुख के नाम को लेकर कहा कि इसका फैसला पार्टी आलाकमान करेगा. वहीं पूर्व प्रधान और गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान ने जीत को बड़ी सफलता बताते हुए मतदाताओं का आभार जताया. उन्हें जिला प्रमुख पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है.
RLP भी बोर्ड बनाने की तैयारी में
चुनाव में RLP ने भी कई जगह अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. पार्टी नेता विजयपाल बेनीवाल ने कहा कि जिला प्रमुख हो या पंचायत समिति, जहां भी बोर्ड बनाने की संभावना होगी, वहां पार्टी की पहली प्राथमिकता अपना बोर्ड बनाने की रहेगी. ऐसे में अब जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में प्रधान के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है.
कुल मिलाकर बीकानेर में कांग्रेस ने जिला परिषद की 41 में से 30 सीटें जीतकर भाजपा पर बड़ी बढ़त बनाई है. अब सबकी नजर जिला प्रमुख के चुनाव और पंचायत समितियों में बोर्ड गठन पर है. कांग्रेस के लिए इस जीत को सत्ता में बदलना अहम होगा, वहीं भाजपा के सामने चुनावी नतीजों की समीक्षा कर अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की चुनौती रहेगी.
राजस्थान पंचायत चुनाव: कई जिलों में कांग्रेस का दबदबा, कहीं BAP ने चौंकाया तो कहीं भाजपा का सूपड़ा साफ
राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है. कई जिलों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है, वहीं दक्षिण राजस्थान में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है. बांसवाड़ा में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी तो डूंगरपुर में भाजपा और BAP बराबरी पर अटक गईं. दौसा में कांग्रेस ने जिला परिषद की 37 में से 35 सीटें जीतकर भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया. वहीं झुंझुनूं में भी कांग्रेस ने जिला परिषद की 41 में से 29 सीटों पर कब्जा जमाया है. इन नतीजों के बाद अब कई जिलों में जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी को लेकर राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं.
बांसवाड़ा में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी, BAP ने भी चौंकाया
बांसवाड़ा जिले में पंचायत चुनाव के नतीजों में कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया है. जिला परिषद की 43 सीटों में कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि BAP को 17 और भाजपा को महज 5 सीटें मिलीं. जिला परिषद में बहुमत के लिए 22 सीटों की जरूरत है. वहीं जिले की 280 पंचायत समिति सीटों के परिणामों में कांग्रेस ने 114, BAP ने 97 और भाजपा ने 62 सीटें जीतीं. 7 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे. कांग्रेस 6 से अधिक और BAP 5 से अधिक पंचायत समितियों में अपना प्रधान बनाने की स्थिति में है. खास बात यह है कि आनंदपुरी, छोटी सरवन और सज्जनगढ़ में भाजपा अपना खाता तक नहीं खोल सकी. इन नतीजों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन बामनिया, BAP सांसद राजकुमार रोत और विधायक जयकृष्ण पटेल की राजनीतिक सक्रियता भी चर्चा में रही.
डूंगरपुर में भाजपा-BAP बराबर, कांग्रेस बनी किंगमेकर
डूंगरपुर जिला परिषद की 37 सीटों के नतीजों में भाजपा और BAP दोनों को 14-14 सीटें मिली हैं. वहीं कांग्रेस ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की. किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने से अब जिला प्रमुख की कुर्सी का फैसला कांग्रेस के समर्थन पर निर्भर कर सकता है. पंचायत समितियों की बात करें तो 14 में से भाजपा ने सागवाड़ा, साबला, पाडवा और भंडारी में बहुमत हासिल किया. कांग्रेस को डूंगरपुर, दोवड़ा और गामड़ी अहाड़ा में जीत मिली, जबकि BAP ने गलियाकोट, चिखली और झोथरी में बहुमत हासिल किया. सीमलवाड़ा, पालदेवल, बिछीवाड़ा और आसपुर में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला. यहां निर्दलीय और अन्य दलों के समर्थन से बोर्ड गठन के समीकरण बनेंगे. चुनाव में कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा. भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वेलजी पाटीदार, पूर्व विधायक देवेंद्र कटारा और पूर्व जिला प्रमुख के पति बलवीर अहारी चुनाव हार गए. वहीं भाजपा की पूर्व विधायक अनिता कटारा और कांग्रेस के पूर्व विधायक पूंजीलाल परमार ने जीत दर्ज की.
दौसा में कांग्रेस की रिकॉर्ड जीत, 37 में से 35 सीटों पर कब्जा
दौसा जिले में भाजपा को पंचायत चुनाव में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है. जिला परिषद की कुल 37 सीटों में कांग्रेस ने 35 सीटें जीतकर बड़ी सफलता हासिल की, जबकि भाजपा महज 2 सीटों पर सिमट गई. जिले की 14 पंचायत समितियों में भी भाजपा को कहीं स्पष्ट बहुमत नहीं मिला. चुनाव में कई राजनीतिक परिवारों के सदस्यों को जीत और हार का सामना करना पड़ा. सिकराय से भाजपा विधायक विक्रम बंशीवाल की मां कौशल्या देवी चुनाव हार गईं. पूर्व विधायक नंदलाल बंशीवाल के बेटे रोहित बंशीवाल और IAS सुमेर सिंह की पत्नी पिंकी गुर्जर को भी हार मिली. भाजपा की पूर्व प्रदेश मंत्री नीलम गुर्जर भी चुनाव नहीं जीत सकीं. दूसरी ओर पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना और विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा ने जीत दर्ज की. कांग्रेस की इस बड़ी जीत पर पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि जनता ने भाजपा को रास्ता दिखा दिया है.
झुंझुनूं में कांग्रेस का दबदबा, रीटा चौधरी ने भाजपा पर साधा निशाना
झुंझुनूं जिले में भी कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है. जिला परिषद की 41 सीटों में से कांग्रेस ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 14 पंचायत समितियों में से 9 में पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला. दो अन्य पंचायत समितियों में कांग्रेस बहुमत से महज एक वोट दूर रही. नतीजों से उत्साहित कांग्रेस जिलाध्यक्ष और मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि भाजपा शेखावाटी में खत्म हो गई है. रीटा चौधरी ने भाजपा जिलाध्यक्ष और पूर्व सांसद पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने-अपने वार्ड तक सिमटकर रह गए. जिला प्रमुख के चेहरे को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी नेता मिलकर और एकमत से फैसला करेंगे. उन्होंने दावा किया कि झुंझुनूं में कांग्रेस की जबरदस्त लहर रही है और करीब 80 प्रतिशत पंचायत समितियों में पार्टी को सफलता मिली है.
सीकर में भी कांग्रेस की बड़ी जीत, भाजपा को झटका
सीकर जिला परिषद चुनाव के नतीजों में भी कांग्रेस ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को बड़ा झटका लगा है. नतीजों के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल रहा. मतगणना स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने जीत की खुशी जाहिर की.
कुल मिलाकर पंचायत चुनाव के नतीजों ने राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में नए समीकरण खड़े कर दिए हैं. दौसा, जोधपुर, बीकानेर, झुंझुनूं और सीकर जैसे जिलों में कांग्रेस का प्रदर्शन मजबूत रहा है, जबकि बांसवाड़ा और डूंगरपुर में BAP ने भी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई है. अब सबकी नजर जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में प्रधान के चुनाव पर है. इन चुनावों में राजनीतिक दलों के बीच समर्थन और गठबंधन के समीकरण तय करेंगे कि ग्रामीण सत्ता की कमान किसके हाथ में जाती है.
राजसमंद में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत, भाजपा को झटका
राजसमंद जिले में कांग्रेस ने जिला परिषद चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. कुल 29 सीटों में कांग्रेस ने 16 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा के खाते में 13 सीटें गई हैं. जिले की नौ पंचायत समितियों में से सात में कांग्रेस को बहुमत मिला है. एक पंचायत समिति में भाजपा बोर्ड बनाने की स्थिति में है, जबकि राजसमंद पंचायत समिति में निर्दलीय सदस्य अहम भूमिका निभाएंगे. चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह ने मतदाताओं का आभार जताया. उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा नेताओं के अहंकार को नकारते हुए कांग्रेस पर भरोसा जताया है.
चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस का दबदबा, भैंसरोड़गढ़ में 9 सीटों पर जीत
चित्तौड़गढ़ जिले की भैंसरोड़गढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. कुल 15 सीटों में से कांग्रेस ने 9 सीटें जीती हैं. भाजपा को 5 और रालोपा को एक सीट मिली है. बोराव वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी ने 1,693 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है. कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद अब पंचायत समिति के प्रधान पद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं.
अलवर में कांग्रेस उत्साहित, जिला प्रमुख बनाने का दावा
अलवर में पंचायत चुनाव के रुझानों के बाद कांग्रेस नेताओं में उत्साह देखने को मिला है. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह और आर्यन जुबेर खान ने चुनाव नतीजों को कांग्रेस के पक्ष में बताया है. कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में प्रधान बनाने का दावा किया है. जिले में जिला परिषद के 39 और पंचायत समितियों के 220 वार्डों के लिए चुनाव हुए हैं. मतगणना के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला.
झुंझुनूं में सुशीला सीगड़ा की जीत, पूर्व सांसद की बहू को हराया
झुंझुनूं में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं पूर्व प्रधान सुशीला सीगड़ा ने जिला परिषद के वार्ड नंबर 6 से जीत दर्ज की है. उन्होंने पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार की छोटी बहू अनामिका पनियां को हराया है.
वहीं सुशीला की छोटी बहन सविता सीगड़ा ने पंचायत समिति के वार्ड नंबर 6 से जीत हासिल की है. दोनों बहनों की जीत के बाद सुशीला सीगड़ा का नाम जिला प्रमुख की दौड़ में प्रमुखता से सामने आ रहा है. जीत के बाद सुशीला सीगड़ा ने भाजपा पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जनता ने उनके 20 साल के कार्यकाल और विकास कार्यों पर भरोसा जताया है. जिला प्रमुख बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सांसद और विधायक जो फैसला करेंगे, वह उन्हें स्वीकार होगा.
खैरथल-तिजारा में कांग्रेस भाजपा से 10 सीट आगे
खैरथल-तिजारा जिले की पंचायत समितियों में भी कांग्रेस ने भाजपा से बेहतर प्रदर्शन किया है. घोषित 109 सीटों में कांग्रेस ने 42 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा को 32 सीटें मिली हैं. यहां निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 सीटों पर जीत दर्ज की है. बसपा को 3 सीटें मिली हैं. हालांकि, ततारपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 13 में ईवीएम खराब होने के कारण परिणाम घोषित नहीं हो सका. वहीं जिले की चर्चित सीट वार्ड नंबर 24 पर कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है.
डीडवाना में कांग्रेस को झटका, मकराना में रालोपा का कब्जा
डीडवाना-कुचामन जिले की मकराना पंचायत समिति में कांग्रेस को करारी हार मिली है. कुल 17 सीटों में से रालोपा ने 10 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. भाजपा को 4, कांग्रेस को सिर्फ एक और निर्दलीयों को 2 सीटें मिली हैं. इसी तरह इटावा-बामनिया पंचायत समिति में भी रालोपा ने शानदार प्रदर्शन किया है. यहां 15 सीटों में से रालोपा ने 11 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा का खाता तक नहीं खुल सका.
लाडनूं में भाजपा का दबदबा, यूनुस खान का प्रयोग बेअसर
डीडवाना-कुचामन की लाडनूं पंचायत समिति में भाजपा ने 13 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में बढ़त बनाई है. कांग्रेस को 8, रालोपा को 5 और निर्दलीय प्रत्याशी को एक सीट मिली है. वहीं डीडवाना विधायक यूनुस खान का निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने का प्रयोग व्यापक असर नहीं दिखा सका.
अब जिला प्रमुख और प्रधान पदों पर टिकी नजरें
पंचायत चुनाव के इन नतीजों में कांग्रेस ने टोंक, राजसमंद और कई अन्य क्षेत्रों में मजबूत प्रदर्शन किया है. वहीं भाजपा को चूरू में राजेंद्र राठौड़ के परिवार की जीत और लाडनूं में अच्छे प्रदर्शन से राहत मिली है. दूसरी तरफ मकराना और इटावा-बामनिया में रालोपा ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को चुनौती दी है. अब चुनाव परिणाम सामने आने के बाद जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के पदों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने की संभावना है.