App

जयपुर नगर निगम चुनाव 2026: 24.33 लाख वोटर करेंगे 723 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला

Rajasthan Nikay Chunav: जयपुर नगर निगम चुनाव में 2,256 बूथों पर मतदान होगा. इनमें 652 क्रिटिकल बूथ हैं, जहां अतिरिक्त पुलिस जाब्ता रहेगा. 24.33 लाख मतदाता 150 वार्डों में 723 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा.

जयपुर नगर निगम चुनाव 2026: 24.33 लाख वोटर करेंगे 723 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला
Image Credit: Jaipur Nagar Nigam Nikay Chunav

Jaipur Nagar Nigam: जयपुर नगर निगम चुनाव के लिए मतदान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. शहर में कल होने वाली वोटिंग के दौरान प्रशासन का सबसे ज्यादा फोकस 652 क्रिटिकल बूथ पर रहेगा. नगर निगम क्षेत्र में कुल 2,256 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जिनमें करीब 28.9 फीसदी बूथ क्रिटिकल श्रेणी में हैं. इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था पर खास नजर रखी जाएगी. 150 वार्डों में मैदान में उतरे 723 प्रत्याशियों के सियासी भविष्य का फैसला 24 लाख 33 हजार 198 मतदाता करेंगे.

652 बूथों पर रहेगी खास नजर
प्रशासन ने नगर निगम क्षेत्र के 2,256 मतदान केंद्रों में से 652 को क्रिटिकल बूथ की श्रेणी में रखा है. यानी हर 10 में करीब 3 मतदान केंद्र ऐसे होंगे, जहां सामान्य बूथों की तुलना में ज्यादा निगरानी रहेगी. इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

11 घंटे तक वोटर करेगा फैसला
जयपुर नगर निगम के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगा. यानी मतदाताओं के पास वोट डालने के लिए कुल 11 घंटे का समय रहेगा. मतदान खत्म होते ही 723 प्रत्याशियों का सियासी भविष्य EVM में लॉक हो जाएगा. इसके बाद सभी की नजर चुनाव परिणाम पर रहेगी.

150 वार्डों में 723 प्रत्याशी मैदान में
नगर निगम के 150 वार्डों में चुनाव की प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सभी मतदान दल अपने-अपने बूथों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. मतदान शुरू होने से पहले निर्धारित चुनावी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और सुबह 7 बजे मतदाताओं के लिए EVM शुरू कर दी जाएगी.

24.33 लाख मतदाता करेंगे वोट
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर संदेश नायक के अनुसार जयपुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 24 लाख 33 हजार 198 मतदाता हैं. इनमें 12 लाख 61 हजार 424 पुरुष और 11 लाख 71 हजार 682 महिला मतदाता शामिल हैं. इसके अलावा 92 थर्ड जेंडर मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.

पुरुष मतदाताओं की संख्या ज्यादा
आंकड़ों के मुताबिक नगर निगम क्षेत्र में पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से ज्यादा है. पुरुष मतदाता महिलाओं के मुकाबले 89,742 अधिक हैं. अब इन सभी मतदाताओं के वोट से तय होगा कि नगर निगम के 150 वार्डों में किस प्रत्याशी को जीत मिलती है.

निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा सख्त
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जयपुर जिले की 18 नगरपालिकाओं और नगर परिषदों के चुनाव में मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया. अब नगर निगम क्षेत्र में भी लोगों से बढ़-चढ़कर वोट डालने की अपील की गई है. प्रशासन का कहना है कि मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं. खासकर 652 क्रिटिकल बूथ पर अतिरिक्त जाब्ते के साथ विशेष निगरानी रखी जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More