App

बिना मतदान के पार्षद बन गए 77 उम्मीदवार, जानिए BJP, कांग्रेस और निर्दलीयों का गणित

Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव में 77 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. इनमें भाजपा के 44, कांग्रेस के 16 और 17 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं. निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों में 37 महिलाएं हैं. सीकर की 22 वर्षीय कांग्रेस उम्मीदवार सोफिया सबसे कम उम्र की निर्विरोध पार्षद बनी हैं.

बिना मतदान के पार्षद बन गए 77 उम्मीदवार, जानिए BJP, कांग्रेस और निर्दलीयों का गणित
Image Credit: Rajasthan Nikay Chunav 2026

BJP Unopposed Candidates: राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव में 77 उम्मीदवारों ने बिना मतदान के ही जीत दर्ज कर ली है. निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक इन सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है. इनमें सत्तारूढ़ भाजपा के 44, कांग्रेस के 16 और 17 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं. निर्विरोध निर्वाचित 77 उम्मीदवारों में 37 महिलाएं हैं. राज्य में शहरी निकाय चुनाव दो चरणों में होने हैं. बाकी बची 232 सीटों के लिए 9 सितंबर और 11 सितंबर को मतदान होगा. राजधानी जयपुर में हालांकि किसी भी वार्ड में निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ है.


सीकर की 22 वर्षीय सोफिया सबसे युवा
निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवारों में सीकर जिले की रामगढ़ शेखावाटी नगर पालिका से कांग्रेस की 22 वर्षीय सोफिया सबसे कम उम्र की हैं. उनके अलावा नागौर जिले की बसानी नगर पालिका से कांग्रेस की मोना बानो 23 वर्ष की उम्र में निर्विरोध चुनी गई हैं. वहीं डीग जिले की पहाड़ी नगर पालिका से भाजपा की 24 वर्षीय पिंकी कुमारी भी बिना मुकाबले पार्षद निर्वाचित हुई हैं. इस तरह निर्विरोध जीत दर्ज करने वाले युवा उम्मीदवारों में महिलाओं की भी अच्छी संख्या है.


डीग में सबसे ज्यादा 10 निर्विरोध जीत
जिलेवार आंकड़ों की बात करें तो डीग में सबसे ज्यादा 10 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. इसके बाद चित्तौड़गढ़ में छह और सीकर में पांच उम्मीदवारों ने बिना मुकाबले जीत हासिल की है. अलवर, झुंझुनू, जोधपुर और खैरथल-तिजारा में चार-चार उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं. भरतपुर, बीकानेर, जयपुर ग्रामीण, धौलपुर और जालौर में तीन-तीन उम्मीदवारों को निर्विरोध जीत मिली है.


चित्तौड़गढ़ में BJP के सभी 6 उम्मीदवार निर्विरोध
निर्विरोध निर्वाचन के राजनीतिक आंकड़ों में भाजपा सबसे आगे है. चित्तौड़गढ़ की छह सीटों पर भाजपा के सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. जोधपुर जिले की बिलाड़ा नगर पालिका में भी भाजपा के चारों उम्मीदवार बिना मुकाबले जीत गए. जालौर, डूंगरपुर, झुंझुनू, पाली और राजसमंद में भी भाजपा उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत दर्ज की है. वहीं कांग्रेस के 16 निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवार बूंदी, दौसा, धौलपुर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, झालावाड़, झुंझुनू और कोटा समेत अलग-अलग क्षेत्रों से हैं.


डीग में निर्दलीयों का दबदबा
डीग जिले में निर्विरोध चुने गए 10 उम्मीदवारों में सात निर्दलीय हैं. इसके अलावा भरतपुर, धौलपुर, झुंझुनू और करौली समेत कई इलाकों में भी निर्दलीय उम्मीदवारों ने बिना मुकाबले जीत हासिल की है. कुल निर्विरोध सीटों में भाजपा से जुड़े उम्मीदवारों की हिस्सेदारी करीब 56.40 प्रतिशत रही. कांग्रेस की हिस्सेदारी 20.50 प्रतिशत और निर्दलीयों की 23.10 प्रतिशत है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More