राजस्थान में वोटिंग के बीच जगह-जगह हंगामा: कहीं जड़े थप्पड़, तो कहीं शराब, आटे के कट्टे और पैसे बांटने के आरोप
राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण में कई मतदान केंद्रों पर हंगामा और विवाद देखने को मिला. जयपुर में पुलिस पर बदसलूकी, अजमेर में आटे के कट्टे बांटने, कोटा में शराब की गाड़ियों और दौसा-डीग में फर्जी वोटिंग के आरोप लगे. धोरीमन्ना और हनुमानगढ़ में मारपीट हुई, जबकि पदमपुर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए.
Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान कई शहरों और कस्बों से हंगामे, विवाद और आरोप-प्रत्यारोप के मामले सामने आए. जयपुर में पुलिस पर मतदाताओं से बदसलूकी के आरोप लगे, जबकि अजमेर में आटे के कट्टे बांटने और कोटा में शराब से भरी गाड़ियों को लेकर विवाद हुआ. दौसा, डीग और टोंक में फर्जी मतदान के आरोपों ने माहौल गरमा दिया. वहीं, धोरीमन्ना और हनुमानगढ़ में मारपीट की घटनाएं सामने आईं. कई जगह भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जबकि कोटा में सड़क-नाली की समस्या को लेकर लोगों ने मतदान बहिष्कार का ऐलान किया.
पुलिस पर बदसलूकी का आरोप
जयपुर के वार्ड 136 स्थित RN अकेडमी, मोहल्ला गोरियान मतदान केंद्र के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई. यहां मतदाताओं के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया गया. घटना के बाद मौके पर माहौल गरमा गया. वहीं, जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस और पार्षद प्रत्याशी के परिजनों के बीच भी विवाद होने की सूचना है. मामले को लेकर मतदान केंद्र के बाहर कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही.
वार्ड-62 के बूथ नंबर-23 पर फर्जी मतदान का आरोप
जयपुर नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड-62 के जगतपुरा टीलावाला स्थित बूथ नंबर-23 पर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर हंगामा हो गया. मतदान प्रक्रिया पर तीन निर्दलीय प्रत्याशियों और कांग्रेस प्रत्याशी ने आपत्ति जताते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट को लिखित शिकायत दी है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करीब 150 शिफ्टेड वोटर्स के नाम पर फर्जी वोट डाले गए. प्रत्याशियों ने बूथ की मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है. आरोपों के बाद बूथ पर हंगामे की स्थिति बनी रही.
धरियावद निकाय चुनाव में BAP का दावा, पैसे बांटने का आरोप
धरियावद नगरपालिका के पहली बार हो रहे चुनाव में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने कई सीटों पर अपनी स्थिति मजबूत होने का दावा किया है. धरियावद विधायक व BAP नेता थावरचंद ने पार्टी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए आरोप लगाया कि मतदान से पहले रात में एक-एक वोट के लिए 15-15 हजार रुपये तक बांटे गए. उन्होंने कहा कि ठेकेदारों और धनाढ्य लोगों की ओर से पैसे का इस्तेमाल लोकतंत्र के लिए घातक है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
छोटीसादड़ी में दो जगह नाम को लेकर विवाद
प्रतापगढ़ की छोटीसादड़ी नगर पालिका चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 14 के मतदान केंद्र पर वोटर लिस्ट में दो जगह नाम होने को लेकर विवाद हो गया. दो मतदाताओं को मतदान से रोके जाने की सूचना पर कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया. प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच के बाद संबंधित दंपती को मतदान की अनुमति दी, जिसके बाद दोनों ने वोट डाला. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर मतदाताओं को मतदान से रोकने का आरोप लगाया, हालांकि आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है.
अजमेर के वार्ड 55 में आटे के कट्टे बांटने पर हंगामा
अजमेर में निकाय चुनाव के बीच वार्ड 55 में वाहन से आटे के कट्टे लाकर BPL परिवारों को बांटने को लेकर हंगामा हो गया. स्थानीय लोगों ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए अलवर गेट थाना पुलिस को सूचना दी और कांग्रेस प्रत्याशी पर वोट खरीदने का आरोप लगाया. वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे विरोधियों की साजिश बताया. मामले में पुलिस वाहन चालक कल्लू को पूछताछ के लिए थाने ले गई है और गाड़ी में रखे आटे के कट्टों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
कोटा के वार्ड 63 में शराब से भरी गाड़ियों को लेकर हंगामा
कोटा नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड नंबर 63 में शराब से भरी गाड़ियों को लेकर बड़ा बवाल सामने आया है. पत्रिका रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ी इलाके में स्थानीय लोगों ने तीन गाड़ियों को रोककर शराब होने का दावा किया, जिसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई. शुरुआत में 25 से 30 पेटी देसी और अंग्रेजी शराब होने की सूचना सामने आई थी. पकड़ी गई गाड़ियों में एक मारुति ब्रेजा को पूर्व उपमहापौर सुनीता व्यास के नाम से जुड़ा बताया गया, जबकि इस मामले को भाजपा प्रत्याशी भूपेंद्र प्रजापति से जोड़ते हुए भी आरोप लगाए गए हैं. हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
वार्ड-22 में फर्जी मतदान के आरोप से हंगामा
कोटा नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 22 के भाग संख्या 4 में फर्जी मतदान के आरोप के बाद मतदान केंद्र पर हंगामा हो गया. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एक मतदाता के पहुंचने से पहले ही उसकी वैकल्पिक आईडी से वोट डाल दिया गया. लोगों ने वोट रद्द करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. सूचना के बाद चुनाव अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे. हालांकि, Zee Rajasthan इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है.
एक हाथ में चप्पल और दूसरे में वोटर आईडी थामकर केंद्र पहुंचीं मतदाता
कोटा नगर निगम दक्षिण के वार्ड नंबर 4 रानपुर के गुर्जर मोहल्ले में बदहाल रास्तों के चलते मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा. रास्ते में पानी और कीचड़ भरा होने के कारण कई महिलाएं एक हाथ में चप्पल और दूसरे में वोटर आईडी लेकर मतदान करने पहुंचीं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि रास्ते की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ. महिलाओं ने कहा कि मुश्किलों के बावजूद उन्होंने अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल किया और प्रशासन से रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग की.
सड़क-नाली की समस्या पर मतदान बहिष्कार
कोटा नगर निगम चुनाव के बीच स्वराज एंक्लेव के लोगों ने सड़क और नाली की समस्याओं को लेकर मतदान बहिष्कार का ऐलान किया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्याओं के समाधान और लिखित आश्वासन मिलने तक वे वोट नहीं डालेंगे. प्रशासन ने लोगों को समझाने का प्रयास शुरू कर दिया है.
धोरीमन्ना में वोट मांगने को लेकर हंगामा, महिला ने थप्पड़ जड़ा
बाड़मेर के धोरीमन्ना नगरपालिका के वार्ड नंबर 5 में वोट मांगने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी माडूदेवी के रिश्तेदार को कांग्रेस प्रत्याशी इमरती देवी की रिश्तेदार महिला ने थप्पड़ जड़ दिया. घटना के बाद मौके पर हंगामा हो गया. दोनों पक्ष अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए घर-घर जाकर वोट की अपील करने पहुंचे थे. इसी दौरान विवाद हुआ और कांग्रेस प्रत्याशी की रिश्तेदार महिला ने भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार को थप्पड़ मार दिया.
टोंक के वार्ड 48 में पहले वोट डलने का आरोप
टोंक नगर परिषद के वार्ड 48 में एक महिला ने अपने नाम से पहले ही वोट डलने का आरोप लगाया है. महिला लाली देवी का दावा है कि जब वह मतदान केंद्र पहुंचीं तो उनका वोट पहले ही डाला जा चुका था. मामले की जानकारी मतदान अधिकारी महिला से ले रहे हैं. हालांकि, आरोप की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है.
मतदान के दौरान दो प्रत्याशियों में विवाद, हाथापाई के बाद तनाव
हनुमानगढ़ के सुरेशिया इलाके में बूथ संख्या 129-130 पर मतदान के दौरान दो प्रत्याशियों के बीच विवाद हो गया. एक प्रत्याशी ने दूसरे पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया, वहीं विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर ईंट से हमला किए जाने की सूचना है. हंगामे के बाद बूथ के गेट बंद कर दिए गए और कुछ देर मतदान प्रभावित होने की बात सामने आई. सूचना पर DSP मीनाक्षी और CI रामचंद्र कस्वा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. भाजपा नेता अमित साहू भी मौके पर पहुंचे और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए लोगों से इसके खिलाफ वोट करने की अपील की. फिलहाल पुलिस मौके पर तैनात है. वहीं, हनुमानगढ़ के वार्ड 59 सुरेशिया में हनुमान वर्मा नामक व्यक्ति का सिर ईंट मारकर फोड़ने का आरोप लगा है. आरोप निर्दलीय प्रत्याशी निरंजन नायक पर आरोप लगा है. हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति संभाली.
वार्ड 15 में जोनल मजिस्ट्रेट पर मीडिया से दुर्व्यवहार का आरोप
हनुमानगढ़ वार्ड 15 के मतदान केंद्र पर जोनल मजिस्ट्रेट दीपक भारोटिया पर मीडियाकर्मियों से दुर्व्यवहार और अपशब्द कहने के आरोप लगे हैं. सवाल पूछे जाने पर जोनल मजिस्ट्रेट मौके से चले गए. मामले पर अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी मीणा ने कहा कि मीडिया हो या आम आदमी, किसी के साथ भी दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए. उन्होंने जोनल मजिस्ट्रेट को हिदायत देने की बात कही.
कुम्हेर में फर्जी मतदान को लेकर दो पक्ष भिड़े
डीग के कुम्हेर कस्बे में निकाय चुनाव के दौरान फर्जी मतदान के आरोप को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज कर स्थिति को नियंत्रित किया. वोटर्स ने सब इंस्पेक्टर जितेंद्र पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया है, जिससे लोगों में आक्रोश है. फिलहाल पुलिस बल मौके पर मौजूद है और मामले को शांत कराने की कोशिश की जा रही है.
पदमपुर के वार्ड 9 में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प
श्रीगंगानगर के पदमपुर में वार्ड नंबर 9 के मतदान केंद्र पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. सूचना पर भारी पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा. पुलिस की मौजूदगी में करीब 20 मिनट तक गहमागहमी का माहौल बना रहा. वार्ड 9 की सीट भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए हॉट सीट मानी जा रही है.
मेड़ता रोड में EVM को लेकर सवाल, बूथ के बाहर जुटी भीड़
मेड़ता रोड नगर पालिका के बूथ नंबर 8 पर मतदान के दौरान EVM को लेकर सवाल उठे. भाजपा प्रत्याशी प्रतिनिधि बजरंग राजोरिया ने आरोप लगाया कि EVM बार-बार बंद हो रही है और कांग्रेस प्रत्याशी के चुनाव चिन्ह पर स्याही लगाने की शिकायत भी की. आरोप सामने आने के बाद बूथ के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने भीड़ को बूथ से करीब 200 मीटर की परिधि से बाहर किया. हालांकि, रिटर्निंग ऑफिसर ने मतदान प्रक्रिया को सामान्य और शांतिपूर्ण बताया.
दौसा में फर्जी मतदान के आरोप
दौसा में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान अलग-अलग मतदान केंद्रों से झड़प और हंगामे की खबरें सामने आ रही हैं. जिला प्रशासन को एक दिन पहले ही शहर के पांच बूथों को अति संवेदनशील बताते हुए अलर्ट किया गया था. इसके बावजूद जिला परिषद बूथ, पीजी कॉलेज समेत कई मतदान केंद्रों पर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर विवाद की स्थिति बनी. जिला परिषद बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी और दूसरे पक्ष के बीच झड़प से हंगामा हो गया. वहीं, पीजी कॉलेज मतदान केंद्र पर भी फर्जी मतदान के आरोप को लेकर लोगों ने विरोध जताया. सुबह भी फर्जी वोटिंग की शिकायत पर हंगामा हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने एक दर्जन से अधिक संदिग्ध फर्जी मतदाताओं को हिरासत में लिया. लगातार सामने आ रही शिकायतों से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है.
राजसमंद में कांग्रेस प्रत्याशी से मारपीट, मतदान केंद्र पर तनाव
राजसमंद नगर परिषद के वार्ड 16 में फर्जी मतदाता को लेकर हुए विवाद के बाद कांग्रेस प्रत्याशी हिम्मत कीर से कथित मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप भाजपा प्रत्याशी के बेटे और समर्थकों पर लगाया गया है. घटना के बाद मतदान केंद्र के पास तनाव की स्थिति बन गई. सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और अतिरिक्त बल तैनात किया. कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह समेत कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया.
हनुमानगढ़ वार्ड 27 में फर्जी मतदान का आरोप
हनुमानगढ़ के वार्ड 27 में तीन मतदाताओं के वोट पहले ही डाले जाने का आरोप लगाते हुए प्रत्याशियों ने विरोध प्रदर्शन किया. पवन मौर्य समेत कई उम्मीदवारों ने हंगामा किया. विवाद बढ़ने पर पुलिस से हल्की झड़प भी हुई। सूचना पर निर्दलीय विधायक समेत कई नेता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
श्रीगंगानगर वार्ड 23 में पैसे बांटने के आरोप, विवाद के बाद हंगामा
श्रीगंगानगर के वार्ड नंबर 23 में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक पर पैसे बांटने के आरोप को लेकर विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि पूर्व पार्षद मानावालिया के साथ वार्डवासियों की बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी. हालांकि, पैसे बांटने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और आरोपी पक्ष ने आरोपों से इनकार किया है. मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत कराया.