)
Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कई जिलों से टिकट बंटवारे की दिलचस्प तस्वीर सामने आ रही है. सीकर में कांग्रेस ने एक ही परिवार के कई सदस्यों को अलग-अलग वार्डों से मैदान में उतारा है. पार्टी ने पति-पत्नी और ससुर-बहू को टिकट दिया है. वहीं भाजपा ने पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी के 24 वर्षीय पोते यश जलधारी को वार्ड नंबर 11 से उम्मीदवार बनाया है. लक्ष्मणगढ़ में भी भाजपा ने पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश जोशी की पत्नी और बहू को अलग-अलग वार्डों से टिकट दिया है.
सीकर में पति-पत्नी दोनों मैदान में
सीकर नगर परिषद के सभी 65 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों की तस्वीर अब काफी हद तक साफ हो गई है. कांग्रेस ने वार्ड नंबर 15 से निवर्तमान सभापति जीवण खां को टिकट दिया है. वहीं उनकी पत्नी खतीजा बानो को वार्ड नंबर 16 से उम्मीदवार बनाया गया है. इसी तरह वार्ड नंबर 34 से अशोक चौधरी और वार्ड नंबर 40 से उनकी बहू किरण चौधरी को टिकट मिला है.
खतीजा बानो के टिकट पर क्या बोले जीवण खां?
जीवण खां ने परिवार को दो टिकट मिलने पर कहा कि उनकी पत्नी खतीजा बानो उनसे ज्यादा सीनियर हैं. उन्होंने बताया कि खतीजा ने उनसे पहले पार्षद का चुनाव लड़ा था. इसके बाद उन्होंने उपचुनाव जीता और लगातार दो बार पार्षद भी रहीं. जीवण खां के मुताबिक वार्ड के लोगों की मांग थी कि खतीजा बानो को इसी वार्ड से चुनाव लड़ाया जाए.
उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वार्ड की महिलाओं ने विधायक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से खतीजा को टिकट देने की मांग की थी. पार्टी ने वार्ड की मांग को देखते हुए उन्हें टिकट दिया. बगावत के सवाल पर जीवण खां ने कहा कि कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता उनके साथ हैं और दोनों ही अपने-अपने स्तर पर मजबूत हैं.
ससुर और बहू को भी मिला टिकट
कांग्रेस ने वार्ड नंबर 34 से पूर्व उपसभापति अशोक चौधरी को फिर से मैदान में उतारा है. वहीं वार्ड नंबर 40 से उनकी बहू किरण चौधरी को टिकट दिया गया है. अशोक चौधरी के मुताबिक पिछली बार वह एक वार्ड से पार्षद थे, जबकि उनके बेटे ने दूसरे वार्ड से चुनाव जीता था. अब महिला वार्ड होने के कारण उनकी बहू को उम्मीदवार बनाया गया है.
अशोक चौधरी ने बताया कि पिछली बार उनके बेटे ने 1314 वोटों से जीत दर्ज की थी, जबकि उन्होंने 594 वोटों से चुनाव जीता था. उन्होंने टिकट को वार्ड के लोगों की मांग और मतदाताओं के समर्थन का नतीजा बताया. परिवारवाद के सवाल पर उन्होंने कहा कि वार्ड में काम करने वाले व्यक्ति को ही टिकट मिलता है.
किरण बोलीं- वार्ड महिला के लिए आरक्षित हुआ
वार्ड नंबर 40 से कांग्रेस प्रत्याशी किरण चौधरी ने कहा कि उनके पति अनिल चौधरी पहले इसी वार्ड से पार्षद रह चुके हैं. इस बार वार्ड महिला के लिए आरक्षित होने के कारण पार्टी ने उन्हें टिकट दिया है. उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 34 और 40 में उनके परिवार की ओर से विकास के कई काम करवाए गए हैं.
भाजपा ने 24 साल के यश पर लगाया दांव
भाजपा ने सीकर के वार्ड नंबर 11 से 24 वर्षीय यश जलधारी को टिकट दिया है. यश पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी के पोते हैं. उनके दादा ने 2023 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. यश को टिकट मिलने के बाद वार्ड में भाजपा की युवा राजनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
लक्ष्मणगढ़ में भी परिवार को टिकट
लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका में भाजपा ने पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश जोशी के परिवार पर भी भरोसा जताया है. पार्टी ने उनकी पत्नी सरोज देवी को वार्ड नंबर 34 से और पुत्रवधू शीतल जोशी को वार्ड नंबर 29 से उम्मीदवार बनाया है. इस तरह नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के बाद सीकर जिले में परिवार के कई सदस्यों को टिकट मिलने का मामला चुनावी चर्चा का बड़ा विषय बन गया है.