App

जयपुर-जोधपुर-कोटा में क्यों टले मेयर चुनाव: जानिए क्या है चुनाव आयोग का नया आदेश?

Rajasthan News: राजस्थान में जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम समेत सुकेत नगरपालिका में महापौर और अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव स्थगित हो गए हैं. EVM खराबी और अटके नतीजों के चलते 22 सितंबर की वोटिंग टली. पहले री-पोल और बाकी परिणाम होंगे, फिर नई तारीख आएगी.

जयपुर-जोधपुर-कोटा में क्यों टले मेयर चुनाव: जानिए क्या है चुनाव आयोग का नया आदेश?
Image Credit: Rajasthan Nikay Chunav Mayor Election Postponed

Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान के चार निकायों में महापौर-सभापति और उपमहापौर-उपसभापति के चुनाव फिलहाल टाल दिए गए हैं. जयपुर, जोधपुर, कोटा नगर निगम और सुकेत नगरपालिका के कुछ वार्डों के नतीजे अभी अटके हुए हैं. EVM में तकनीकी खराबी के चलते इन जगहों पर पुनर्मतदान होना है. ऐसे में 22 सितंबर को प्रस्तावित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों का चुनाव अब आगामी आदेश तक स्थगित रहेगा.

4 निकायों में चुनाव स्थगित
राज्य निर्वाचन आयोग ने इन चारों निकायों में अध्यक्षीय और उपाध्यक्षीय पदों के चुनाव स्थगित करने का आदेश जारी किया है. पहले 15 सितंबर को चुनाव की लोक सूचना जारी होनी थी और 22 सितंबर को मतदान प्रस्तावित था. लेकिन सभी वार्डों के परिणाम घोषित नहीं होने के कारण तय तारीख पर चुनाव कराना संभव नहीं है. अब आयोग बाद में नई तारीख का अलग से आदेश जारी करेगा.

पहले पार्षदों के नतीजे जरूरी
नगर निगम चुनाव में जनता पहले पार्षदों को चुनती है. इसके बाद चुने गए पार्षद मिलकर महापौर और उपमहापौर का चुनाव करते हैं. इसलिए जब तक सभी वार्डों के परिणाम नहीं आ जाते, तब तक महापौर और उपमहापौर का चुनाव नहीं कराया जा सकता. जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम हैं, इसलिए यहां महापौर-उपमहापौर का चुनाव होना है.

जयपुर के 5 बूथों पर री-पोल
जयपुर नगर निगम के चार वार्डों के पांच मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग होगी. राज्य निर्वाचन आयोग ने इसके लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है. 16 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक इन बूथों पर मतदान कराया जाएगा. इसके बाद 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती होगी.

इन वार्डों में फिर डाले जाएंगे वोट
जयपुर में वार्ड नंबर 9 के बूथ नंबर 111, वार्ड 18 के बूथ नंबर 235 और वार्ड 25 के बूथ नंबर 343 पर पुनर्मतदान होगा. इसके अलावा वार्ड 34 के बूथ नंबर 477 और 484 पर भी दोबारा वोट डाले जाएंगे. इन सभी जगहों पर EVM में तकनीकी खराबी के कारण वोटों का परिणाम नहीं मिल सका था.

जोधपुर, कोटा और सुकेत में भी री-पोल
सिर्फ जयपुर ही नहीं, जोधपुर, कोटा और सुकेत में भी कुछ बूथों पर पुनर्मतदान कराया जाएगा. जोधपुर नगर निगम के वार्ड 50 के बूथ नंबर 338 और वार्ड 87 के बूथ नंबर 99 पर वोटिंग होगी. कोटा नगर निगम के वार्ड 44 के बूथ नंबर 448 और वार्ड 11 के बूथ नंबर 576 पर भी दोबारा मतदान होगा.

16 सितंबर को वोटिंग, 17 को काउंटिंग
सुकेत नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 के बूथ नंबर 5 पर भी री-पोल होगा. जयपुर समेत इन सभी जगहों पर 16 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे. इसके बाद 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी. इन अटके हुए नतीजों के आने के बाद ही आयोग अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव की नई तारीख घोषित करेगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो