App

राजस्थान निकाय चुनाव 2026: कहीं फटे कपड़े, तो कहीं बंटे पैसे ! जानें कहां-कहां हुआ घमासान

राजस्थान निकाय चुनाव 2026 में कई जगह विवाद और हंगामे सामने आए. डीडवाना, बाड़मेर, रेनवाल, प्रतापगढ़, नाथद्वारा, भींडर और भिवाड़ी में फर्जी मतदान, EVM वीडियो, पैसे बांटने और कार्यकर्ताओं के विवाद के आरोप लगे. वहीं धौलपुर में गर्मी और अव्यवस्थाओं से मतदाता परेशान रहे, जबकि चित्तौड़गढ़ में EVM खराबी की शिकायत सामने आई.

राजस्थान निकाय चुनाव 2026: कहीं फटे कपड़े, तो कहीं बंटे पैसे ! जानें कहां-कहां हुआ घमासान
Image Credit: राजस्थान निकाय चुनाव 2026

Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के मतदान के दौरान कई जिलों से विवाद, हंगामे और अव्यवस्थाओं की खबरें सामने आई हैं. डीडवाना में विधायक यूनुस खान के साथ धक्का-मुक्की और वोटर आईडी छीनने के आरोप लगे, जबकि बाड़मेर के वार्ड 13 में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए. किशनगढ़ रेनवाल में EVM का वीडियो बनाने को लेकर विवाद हुआ तो प्रतापगढ़ में फर्जी मतदान के आरोपों पर दो पक्षों के बीच झड़प की स्थिति बन गई. 

नाथद्वारा में बूथ के पास पैसे बांटने के आरोप ने माहौल गरमा दिया. वहीं, भींडर में पोलिंग बूथ के अंदर जाने को लेकर विवाद, भिवाड़ी में फर्जी वोटिंग की शिकायत और चित्तौड़गढ़ में EVM खराबी के आरोप सामने आए. धौलपुर में तेज धूप के बीच छाया और पानी की व्यवस्था नहीं होने से मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा. इन घटनाओं के बीच पुलिस और प्रशासन ने मोर्चा संभालते हुए कई जगह अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया और मतदान जारी रखा.

राजस्थान निकाय चुनाव 2026

डीडवाना में विधायक यूनुस खान के साथ धक्का-मुक्की
डीडवाना में मतदान करने पहुंचे विधायक यूनुस खान के साथ धक्का-मुक्की का मामला सामने आया. विधायक अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे थे, इसी दौरान बाहर से आई भीड़ ने उनके साथ धक्का-मुक्की की. आरोप है कि विपक्षी उम्मीदवार के समर्थकों ने विधायक के रिश्तेदारों के वोटर आईडी कार्ड छीनने की कोशिश की. घटना की सूचना पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और दो लोगों को हिरासत में लिया. विधायक यूनुस खान ने आरोप लगाया कि तीसरी बार वोट डालने के दौरान उन पर हमला किया गया. उन्होंने कहा कि जब तक एसपी मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक वह मतदान नहीं करेंगे.

बाड़मेर में भिड़ें भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता
बाड़मेर में निकाय चुनाव के बीच वार्ड संख्या 13 में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब भाजपा और कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. दोनों पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से आरोप लगाया गया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी को परेशान किया जा रहा है और चुनाव प्रचार और राजनीतिक गतिविधियों से रोकने की कोशिश की जा रही है. आरोपों के बाद मौके पर मौजूद दोनों पक्षों के बीच बहस और तनाव की स्थिति बनी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए दोनों पक्षों से बातचीत की और माहौल को शांत कराने का प्रयास किया. निकाय चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 13 में सामने आए इस घटनाक्रम ने चुनावी माहौल को गरमा दिया है. फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है.  चुनावी माहौल को देखते हुए वार्ड में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके.  

राजस्थान निकाय चुनाव 2026

रेनवाल (जयपुर) में भी विवाद 
किशनगढ़ रेनवाल नगर पालिका चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 23 के बूथ पर EVM से वोट डालने का वीडियो बनाने को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि प्रतिबंध के बावजूद एक व्यक्ति ने मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल से मतदान प्रक्रिया और EVM का वीडियो शूट किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद BJP और कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने हो गए और मौके पर हंगामा शुरू हो गया. सूचना मिलने पर रिटर्निंग अधिकारी सर्वेश शर्मा भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को वहां से खदेड़ा. रिटर्निंग अधिकारी ने मतदान कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया. पुलिस-प्रशासन की माकूल व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया जारी रही.

प्रतापगढ़ में फर्जी मतदान को लेकर भिड़ें दो पक्ष
प्रतापगढ़ नगर परिषद के वार्ड नंबर 2 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में फर्जी मतदान की सूचना के बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए. निर्दलीय समेत अन्य दलों के प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना आईडी प्रूफ और बिना किराया चिट्ठी के लोगों से मतदान कराया जा रहा है. आरोप है कि गांव के मतदाताओं के नाम वार्ड नंबर 2 की मतदाता सूची में जुड़वाकर फर्जी तरीके से वोट डलवाए गए. फर्जी मतदान की सूचना मिलते ही मतदान केंद्र पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और झड़प की स्थिति बन गई. विवाद के बाद मतदान केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और आरोप-प्रत्यारोप के चलते मतदान केंद्र पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही.

राजस्थान निकाय चुनाव 2026

धौलपुर में तेज धूप और भीषण गर्मी से परेशान मतदाता
धौलपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या 22 में मतदान के दौरान अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिल रहा है. तेज धूप और भीषण गर्मी में मतदाता पसीना-पसीना हो रहे हैं और परेशान हो रहे हैं. मतदाताओं की एक ही शिकायत है कि पोलिंग बूथ पर छाया की कोई व्यवस्था नहीं की गई है. मतदाता कड़कड़ाती धूप में घंटों खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं. लाइन में लगे बुजुर्ग, महिला और युवा मतदाता धूप से बचने के लिए रुमाल और दुपट्टे से मुंह ढकते नजर आए. इतना ही नहीं, बूथ पर पीने के पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं होने से लोगों में आक्रोश है. गर्मी के कारण कई मतदाताओं को चक्कर आने जैसी शिकायत भी सामने आई है. मतदाताओं का कहना है कि प्रशासन को कम से कम टेंट और पानी की व्यवस्था करनी चाहिए थी. अव्यवस्था के कारण मतदान प्रक्रिया भी धीमी पड़ गई है, लेकिन इसके बावजूद लोग लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.

नाथद्वारा में मतदान केंद्र के पास पैसे बांटने का मामला 
राजसमंद के नाथद्वारा में वार्ड संख्या 2 के मतदान केंद्र के पास पैसे बांटने के आरोप को लेकर माहौल गरमा गया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बूथ के पास मतदाताओं को पैसे बांटने का आरोप लगाया. सूचना मिलने पर पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे से सभी लोगों को बाहर कर दिया. पैसे बांटने के आरोपों के बाद मौके पर काफी गहमागहमी देखने को मिली. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की निगरानी में मतदान प्रक्रिया जारी रही.

राजस्थान निकाय चुनाव 2026

चित्तौड़गढ़ में EVM मशीनों में खराबी और पुलिस हस्तक्षेप की शिकायतें 
चित्तौड़गढ़ नगर परिषद चुनाव में पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने वार्ड नंबर 14 में लाइन में लगकर मतदान किया. मतदान के बाद जाड़ावत ने कई मतदान केंद्रों पर EVM मशीनों में खराबी और पुलिस हस्तक्षेप की शिकायतें सामने आने का दावा किया. उन्होंने कहा कि कई जगह मशीनें एक से सवा घंटे तक चालू नहीं हो पाईं. जाड़ावत ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर पुलिस बिना वजह आधार कार्ड चेक कर रही है, जिससे मतदान का माहौल प्रभावित हो रहा है. उन्होंने प्रशासन पर भाजपा के दबाव में अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष मतदान की अपील की. साथ ही कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रशासन को बिना किसी दबाव के निष्पक्ष चुनाव कराना चाहिए.

उदयपुर में अधिकारी और जनप्रतिनिधि के बीच जमकर बहस
उदयपुर जिले के भींडर नगर पालिका चुनाव 2026 के दौरान बूथ संख्या 4 और 7 पर अभिकर्ताओं और प्रत्याशियों के पोलिंग बूथ के अंदर जाने को लेकर विवाद हो गया. इसी दौरान वल्लभनगर की पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत भी पोलिंग बूथ पर पहुंचीं. बूथ के अंदर सभी दलों के पोलिंग अभिकर्ताओं की मौजूदगी को लेकर अधिकारी और जनप्रतिनिधि के बीच जमकर बहस हुई. सूचना पर एरिया मजिस्ट्रेट कृष्ण पाल सिंह मौके पर पहुंचे और सभी पक्षों से समझाइश की. इसके बाद एडिशनल एसपी मनजीत सिंह के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी मौके पर पहुंचा और स्थिति को शांत कराया. पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में फिलहाल मतदान प्रक्रिया जारी है.

राजस्थान निकाय चुनाव 2026

भिवाड़ी में फर्जी मतदान को लेकर मचा हड़कंप
भिवाड़ी नगर पालिका चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 12 में फर्जी मतदान की शिकायत सामने आने से हड़कंप मच गया. दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों ने एक मतदाता को कथित तौर पर फर्जी वोट डालते हुए पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. इसके बाद पुलिस मौके पर मौजूद मतदाताओं से पूछताछ कर उनकी पहचान और मतदान से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद मतदान केंद्र पर माहौल गरमा गया और पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More