App

टिकट की लिस्ट का इंतजार, फिर भी 46 ने भर दिया पर्चा! निकाय चुनाव से पहले जयपुर में बढ़ी बेचैनी

Rajasthan News: जयपुर नगर निगम चुनाव में दूसरे दिन 81 प्रत्याशियों ने 86 नामांकन दाखिल किए. 46 दावेदारों ने कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा. 95 वार्ड खाली रहे. सोमवार को अंतिम दिन टिकट, बगावत और निर्दलीय उम्मीदवारों की तस्वीर साफ होगी.

टिकट की लिस्ट का इंतजार, फिर भी 46 ने भर दिया पर्चा! निकाय चुनाव से पहले जयपुर में बढ़ी बेचैनी
Image Credit: Jaipur Nikay Chunav Nomination

Jaipur News: जयपुर नगर निगम चुनाव में पार्टियों की टिकट सूची का इंतजार खत्म नहीं हुआ है. लेकिन दावेदारों की बेचैनी अब नामांकन पत्रों में दिखाई देने लगी है. भाजपा और कांग्रेस ने अभी अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की, इसके बावजूद 46 दावेदारों ने पार्टी प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल कर दिया. इनमें कांग्रेस के 34 और भाजपा के 12 दावेदार हैं. नामांकन के दूसरे दिन शनिवार को 150 वार्डों में से सिर्फ 55 वार्डों में नामांकन हुआ. कुल 81 प्रत्याशियों ने 86 नामांकन पत्र दाखिल किए. यानी 95 वार्ड ऐसे रहे जहां एक भी दावेदार नामांकन केंद्र तक नहीं पहुंचा.

दूसरे दिन नामांकन में आई तेजी
पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन जरूर तेजी आई, लेकिन बड़ी संख्या में वार्डों का खाली रहना बताता है कि ज्यादातर दावेदार अभी पार्टी की हरी झंडी का इंतजार कर रहे हैं. अब असली तस्वीर सोमवार को सामने आएगी. सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण प्रत्याशियों के पास सिर्फ 4 घंटे 30 मिनट होंगे.

सोमवार को सामने आएगी असली तस्वीर
रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को पार्टी की सूची आने और टिकट पाने वाले दावेदारों के साथ टिकट से वंचित दावेदारों के भी मैदान में उतरने की संभावना है. ऐसे में नामांकन केंद्रों पर भीड़, बगावत और निर्दलीय उम्मीदवारों का गणित एक साथ सामने आ सकता है.

कांग्रेस के 34 और भाजपा के 12 दावेदारों ने भरा फॉर्म
आज दूसरे दिन दाखिल नामांकन में कांग्रेस के 34 और भाजपा के 12 दावेदारों ने पार्टी प्रत्याशी के तौर पर फॉर्म भरा. राजनीतिक तौर पर यह आंकड़ा महत्वपूर्ण है. क्योंकि दोनों प्रमुख दलों ने अभी आधिकारिक सूची जारी नहीं की है. ऐसे में सोमवार को पार्टी सूची जारी होने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि इनमें से कितनों को अधिकृत टिकट मिलता है और कितनों की दावेदारी बदलती है.

वार्ड-1 और 47 में सबसे ज्यादा नामांकन
आज वार्ड-1 और वार्ड-47 में सबसे ज्यादा नामांकन हुए. दोनों वार्डों में पांच-पांच नामांकन दाखिल किए गए. वार्ड-1 में पांच अलग-अलग उम्मीदवारों ने पांच फॉर्म भरे, जबकि वार्ड-47 में चार उम्मीदवारों ने पांच नामांकन दाखिल किए.

वार्ड-11 और 140 में चार-चार नामांकन
वार्ड-11 और 140 में चार-चार नामांकन हुए. वार्ड-39, 67 और 101 में तीन-तीन नामांकन दाखिल हुए. वार्ड-39 में तीन फॉर्म दो उम्मीदवारों ने भरे, जबकि वार्ड-67 और 101 में तीन-तीन उम्मीदवार मैदान में उतरे.

सोमवार के 4 घंटे 30 मिनट पर नजर
अब नजर सोमवार पर है. अब सोमवार के महज 4 घंटे 30 मिनट इस चुनाव का पहला बड़ा राजनीतिक टेस्ट होंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More