SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

‘आश्रम 4’ के लिए जयपुर पहुंचे बॉबी देओल: शिव विलास में कुश्ती और फाइट सीन की होगी शूटिंग

Rajasthan News: बॉबी देओल ‘आश्रम 4’ की शूटिंग के लिए जयपुर पहुंच गए हैं. 23 सितंबर से बाबा निराला के अहम सीन फिल्माए जाएंगे. कूकस के शिव विलास में आश्रम का सेट तैयार है, जहां कुश्ती और फाइट सीक्वेंस भी शूट होंगे.

Written By SAGAR CHAUDHARY
Published: Sep 22, 2026, 10:02 PM IST | Updated: Sep 22, 2026, 10:04 PM IST
Image Credit: Bobby Deol
Join

Bobby Deol: बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल मंगलवार शाम एयर इंडिया की फ्लाइट से जयपुर पहुंचे. वे चर्चित वेब सीरीज ‘एक बदनाम... आश्रम’ के चौथे सीजन की शूटिंग के लिए जयपुर आए हैं. शहर में 23 सितंबर से उनके किरदार बाबा निराला के कई अहम सीन शूट किए जाएंगे. सीरीज की टीम पिछले कुछ दिनों से जयपुर और आसपास की अलग-अलग जगहों पर शूटिंग कर रही है.

कूकस के शिव विलास होटल में बना आश्रम का सेट
कूकस स्थित लग्जरी होटल शिव विलास को ‘आश्रम 4’ के लिए बाबा निराला के भव्य आश्रम में बदला गया है. यहां आश्रम के साथ हॉस्टल का सेट भी तैयार किया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयपुर में सीरीज की शूटिंग अगस्त के आखिरी सप्ताह से शुरू हुई थी.

शिव विलास में तैयार हुआ बाबा निराला का दरबार
सीरीज की कहानी का बड़ा हिस्सा बाबा निराला के आश्रम और वहां की दुनिया के आसपास घूमता है. इसी वजह से कूकस के शिव विलास परिसर में आश्रम का पूरा सेट तैयार किया गया है. यहां बाबा निराला का दरबार, आश्रम परिसर और हॉस्टल से जुड़े सीन फिल्माए जा रहे हैं. इसके अलावा कूकस में लोहागढ़ रिसॉर्ट के आसपास भी शूटिंग के लिए लोकेशन तैयार की गई है. कहानी की जरूरत को देखते हुए कुछ जगहों पर जेल और पुलिस स्टेशन के सेट भी बनाए गए हैं.

जयपुर के लोकल कलाकारों को भी मिला मौका
‘आश्रम 4’ की शूटिंग में जयपुर और आसपास के स्थानीय कलाकार भी नजर आएंगे. इससे पहले इन कलाकारों के ऑडिशन लिए गए थे. कई लोकल कलाकारों को बाबा निराला के अनुयायियों और शिष्यों की भूमिका के लिए चुना गया है.

मिट्टी में कुश्ती और फाइट सीन करेंगे बॉबी देओल
बॉबी देओल के जयपुर पहुंचने के साथ ही शूटिंग का अगला बड़ा दौर शुरू होगा. आने वाले दिनों में उनके कई महत्वपूर्ण सीन शूट किए जाएंगे. इनमें मिट्टी में कुश्ती करने और फाइट सीक्वेंस से जुड़े दृश्य भी शामिल बताए जा रहे हैं. बाबा निराला के इन सीन के लिए जयपुर और आसपास की लोकेशन का इस्तेमाल किया जाएगा.

प्रकाश झा कर रहे हैं सीरीज का निर्देशन
‘आश्रम 4’ का निर्देशन प्रकाश झा कर रहे हैं. सीरीज में बॉबी देओल के अलावा चंदन रॉय सान्याल, अदिति पोहनकर, अक्षय ओबेरॉय, सचिन श्रॉफ, दर्शन कुमार, त्रिधा चौधरी और अनुप्रिया गोयनका जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. चौथे सीजन में कुछ नए कलाकारों की एंट्री की जानकारी भी सामने आई है.

क्या है ‘आश्रम’ की कहानी?
‘आश्रम’ की कहानी बाबा निराला नाम के एक प्रभावशाली स्वयंभू धर्मगुरु के इर्द-गिर्द घूमती है. बड़ी संख्या में लोग उसके आश्रम में आस्था और उम्मीद लेकर पहुंचते हैं. बाबा निराला अपनी धार्मिक छवि, प्रभाव और बड़ी संख्या में अनुयायियों के जरिए एक मजबूत साम्राज्य खड़ा करता है.

लेकिन इस चमकदार दुनिया के पीछे शोषण, अपराध, सत्ता और लोगों के विश्वास के गलत इस्तेमाल की कहानी सामने आती है. सीरीज में उन लोगों की कहानी भी दिखाई गई है, जो बाबा निराला के खिलाफ खड़े होते हैं या उसके प्रभाव से बाहर निकलने की कोशिश करते हैं.

कहानी में आस्था और अंधविश्वास के साथ सत्ता, प्रभाव, अपराध और उसके खिलाफ संघर्ष को अपराध-नाटक के अंदाज में दिखाया गया है. सीरीज का पहला सीजन 2020 में आया था और इसके बाद कहानी लगातार आगे बढ़ती गई.

बाबा निराला के रोल ने बदली बॉबी देओल की दूसरी पारी
‘आश्रम’ में बाबा निराला का किरदार बॉबी देओल के करियर के लिए काफी अहम साबित हुआ. इस भूमिका में उनके नकारात्मक और प्रभावशाली अभिनय की काफी चर्चा हुई. सीरीज की सफलता के बाद उन्हें कई बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं मिलीं. अब ‘आश्रम 4’ में बॉबी देओल एक बार फिर बाबा निराला के किरदार में वापसी कर रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES