SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राजस्थान में अन्नकूट महोत्सव की धूम, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 56 भोग से सजे भगवान द्वारकाधीश

राजस्थान में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की धूम रही. झालरापाटन में भगवान द्वारकाधीश को 56 भोग लगाया गया, जबकि टोंक और रींगस में भी धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालु शामिल हुए.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 10, 2026, 05:15 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 06:52 PM IST
Image Credit: राजस्थान के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई.
Join

राजस्थान में पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व के तहत गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की धूम देखने को मिल रही है. जयपुर की गुलाबीनगरी में दीपोत्सव के बाद मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. ठाकुर श्री गोविंद देवजी मंदिर में भगवान का पंचामृत अभिषेक कर प्राचीन सुनहरी पोशाक में विशेष शृंगार किया गया. इस अवसर पर 20 से 25 प्रकार की सब्जियों, चावल, 25 तरह के कच्चे भोग व्यंजनों और छप्पन भोग की विशेष झांकी सजाई गई. करीब 80 से 90 किलो सब्जियों सहित कुल 350 किलो सामग्री का भोग अर्पित किया गया. 

मंदिर के पश्चिम द्वार पर गोवर्धन पूजा और गौ-बछड़ा पूजन भी हुआ. वहीं, मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में भगवान गणेश को नवीन पोशाक पहनाकर विशेष शृंगार किया गया. गणपति के सामने नवीन अन्न से तैयार मीठे और नमकीन पकवानों की थालियां सजाई गईं. दोनों मंदिरों में पहले भगवान को भोग लगाया गया और फिर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया. भक्तों ने दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

 कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना की. कहीं महिलाओं ने गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पारंपरिक तरीके से पूजा की तो कहीं मंदिरों में भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए. मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव और प्रसादी वितरण के आयोजन भी हुए.

गोवर्धन पूजा में दिखी सदियों पुरानी परंपरा
आधुनिकता के दौर में भी ग्रामीण इलाकों में गोवर्धन पूजा की पुरानी परंपराएं जीवंत नजर आईं. ग्रामीणों ने गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा की. इस दौरान गाय और बछड़ों का पूजन कर पशुधन की समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की गई.

गोवर्धन पूजा का पर्व धार्मिक आस्था के साथ कृषि संस्कृति और पशुधन के महत्व से भी जुड़ा है. यह परंपरा प्रकृति, पर्यावरण और खेती में पशुओं की भूमिका का संदेश देती है.

टोंक के तारण गांव में महिलाओं ने गाए लोकगीत
टोंक जिले के तारण गांव में गोवर्धन पूजा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाई गई. सुबह से ही गांव में उत्सव का माहौल रहा. महिलाओं ने गोबर से गोवर्धन महाराज की आकर्षक आकृति बनाई और उसे पारंपरिक तरीके से सजाया.

यह भी पढ़ें- बूंदी में गोवर्धन पूजा पर 12 साल के बच्चे की मौत: स्टील के गिलास में फटा सुतली बम, मासूम के सीने में धंस गए गिलास के टुकड़े

इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गोवर्धन महाराज की परिक्रमा की गई. महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस दौरान पारंपरिक लोकगीत भी गाए गए. पूरे आयोजन में ग्रामीण संस्कृति और धार्मिक आस्था की झलक देखने को मिली.

झालरापाटन में द्वारकाधीश को लगाया 56 भोग
झालावाड़ जिले के झालरापाटन स्थित भगवान द्वारकाधीश मंदिर में भी गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन हुआ. मंदिर परिसर में गोबर के उपलों से गोवर्धन पर्वत बनाया गया. महिला श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.

इसके बाद देवस्थान विभाग की ओर से देर शाम छप्पन भोग अन्नकूट का आयोजन किया गया. भगवान द्वारकाधीश को शुद्ध देसी घी से तैयार 56 तरह के व्यंजनों का भोग लगाया गया. दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे. आयोजन के दौरान प्रसादी वितरण भी किया गया. श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में बैठकर प्रसादी ग्रहण की.

कल्याण राय मंदिर में भजन संध्या
झालरापाटन के प्राचीन श्री कल्याण राय मंदिर में भी छप्पन भोग का आयोजन किया गया. भगवान के दर्शन और भोग देखने के लिए शहर के श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. इस मौके पर मंदिर परिसर में भजन संध्या भी हुई. भगवान कृष्ण के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए.

रींगस के मंदिरों में अन्नकूट की तैयारियां
सीकर जिले के रींगस शहर में भी अन्नकूट महोत्सव को लेकर उत्साह है. प्राचीन श्याम मंदिर, गोपीनाथ राजा मंदिर और अयोध्या दास मंदिर सहित कई मंदिरों में तैयारियां चल रही हैं.

परंपरा के अनुसार अन्नकूट में मूंग, मोठ, चावल और बाजरे सहित नए मोटे अनाज का इस्तेमाल किया जाएगा. भगवान को अन्नकूट के साथ मूली और कढ़ी का विशेष भोग भी अर्पित किया जाएगा. मंदिरों में विशेष शृंगार, पूजा और भोग की तैयारियां की जा रही हैं. भगवान को भोग लगाने के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद बांटा जाएगा. इस आयोजन से रींगस में भी भक्ति और उत्सव का माहौल बना हुआ है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES