)
धौलपुर कोतवाली थाना क्षेत्र की बजरंग कॉलोनी में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. युवक का शव उसके घर के ऊपर बने कमरे के बाहर पड़ा मिला. उसके सिर में गोली लगी थी. परिजनों ने रामलखन समेत 5-6 लोगों पर घर में घुसकर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना की सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और FSL टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. फिलहाल पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सुबह 5 बजे घर में घुसकर गोली मारने का आरोप
मृतक की पहचान मुकेश (22) पुत्र रामेश्वर निवासी बजरंग कॉलोनी के रूप में हुई है. वह 12वीं पास था. मृतक के भाई राहुल ने आरोप लगाया कि सुबह करीब 5 बजे रामलखन अपने 5-6 साथियों के साथ घर में घुसा. उस समय मुकेश ऊपर बने कमरे में सो रहा था. आरोप है कि आरोपियों ने उसके सिर में गोली मार दी. इसके बाद मुकेश का शव कमरे के बाहर पड़ा मिला.
पूर्व किराएदार से चल रहा था विवाद
राहुल के मुताबिक, रामलखन करीब दो साल पहले उनके मकान में किराए पर रहता था. करीब तीन महीने पहले उसने मकान खाली कर दिया था और अपने भांजे अंकित के घर रहने चला गया था. रामलखन को शक था कि मुकेश उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत करता है. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था.
पत्नी चार महीने से मायके में रह रही थी
परिजनों के मुताबिक, मुकेश की पत्नी कमलेश पिछले चार महीने से उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद स्थित अपने मायके में रह रही है. राहुल ने बताया कि कमलेश के भाई को दूध के कारोबार में घाटा हुआ था. इसके बाद कमलेश ने अपने करीब 15 तोला सोने के गहने भाई को दे दिए थे. आरोप है कि भाई ने गहने बेच दिए, जिसको लेकर मुकेश और कमलेश के बीच विवाद हो गया था. इसके बाद से ही कमलेश अपने मायके में रह रही थी.
अवैध बंदूक के मामले में जेल जा चुका था मुकेश
पुलिस के अनुसार, मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है. उसे 15 अक्टूबर को अवैध बंदूक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. वह त्योहार से कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था. उसके खिलाफ पहले बजरी तस्करी का मामला भी दर्ज था.
पुलिस ने शुरू की जांच, सभी पहलुओं को खंगाल रही
कोतवाली थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. FSL टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब हत्या के आरोपों और विवाद से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है. फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी गई है.