)
टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया की बिल्डिंग में आग लग गई. इस घटना में उनका परिवार बाल-बाल बचा. एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट शेयर कर घटना के बारे में लिख. इस घटना को याद करते हुए एक्ट्रेस ने बताया किया कि जब आग लगी तो वह, विवेक, उनके बच्चे, परिवार के सदस्य और कर्मचारी घर पर थे और समय रहते बाहर निकलने में कामयाब रहे. हालांकि, इस घटना में सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई.
बता दें कि यह घटना दिवाली और विवेक के जन्मदिन से एक रात पहले हुई. परिवार तो सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन उनकी इमारत के सिक्योरिटी गार्ड की इस आग में जान चली गई. मंगलवार को दिव्यांका ने इंस्टाग्राम पर आग के वीडियो शेयर किए और धनपत अंकल के निधन पर दुख जताते हुए एक भावुक नोट लिखा. उन्होंने याद किया कि जब वे अपने बेटों को घर लाए थे, तो उनका स्वागत करने और उन्हें आशीर्वाद देने वालों में धनपत अंकल सबसे पहले लोगों में से थे. उन्होंने लिखा, 'कुछ नुकसान अपने पीछे एक ऐसी खामोशी छोड़ जाते हैं, जो कभी दूर नहीं होती.'
दिव्यांका त्रिपाठी ने बताया कि घटना वाली शाम परिवार का बाहर जाने का प्लान था, लेकिन किसी न किसी वजह से इसमें देरी होती रही. इस वजह से जब आग लगी तब वे घर पर ही थीं और समय रहते खतरे को भांप गईं. उन्होंने लिखा, 'जब यह हादसा हुआ, तब हम घर पर ही थे. इससे हमें समय रहते खतरे का पता चल गया और हम अपने बच्चों, परिवार और स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल पाए.'
शुरुआत में दिव्यांका और विवेक को लगा कि वे बस एक डरावनी याद और कुछ भौतिक नुकसान के साथ बच गए हैं. हालांकि, बाद में उन्हें पता चला कि इस घटना में धनपत की मौत हो गई थी.
उन्होंने बताया, 'विवेक और मेरे लिए इस खबर को स्वीकार करना बहुत मुश्किल था. हम एक दोस्त के घर चले गए थे, लेकिन फिर भी यही उम्मीद और प्रार्थना कर रहे थे कि काश यह सच न हो.' दिव्यांका ने बताया कि दिवाली के दिन इमारत में धीरे-धीरे बिजली बहाल हो गई, जबकि सुरक्षा जांच के बाद अगले दिन गैस सप्लाई और लिफ्ट भी चालू हो गईं. हालांकि, जरूरी सेवाओं के बहाल होने से भी वहां रहने वालों का दुख कम नहीं हुआ. उन्होंने लिखा, 'उस दिवाली आग ने हमारे घरों की रोशनी तो फीकी कर दी, लेकिन एक अनमोल जान के चले जाने से हमारे दिलों में ऐसा अंधेरा छा गया है, जिसे कोई भी रोशनी दूर नहीं कर सकती.'
धनपत को श्रद्धांजलि देते हुए दिव्यांका त्रिपाठी ने याद किया कि कैसे उन्होंने और विवेक दहिया ने कल्पना की थी कि धनपत उनके बच्चों को बड़ा होते देखेंगे और उनके साथ अनगिनत पल बिताएंगे. उन्होंने लिखा, 'धनपत अंकल, आप कभी भी सिर्फ हमारी बिल्डिंग के गार्ड नहीं थे. आप हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा थे, एक ऐसे इंसान जिस पर हम भरोसा करते थे, और जिसे हमने अपने बच्चों के भविष्य का हिस्सा माना था.'
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि जब उनके बेटे बड़े हो जाएंगे, तो वह उन्हें उस नेक इंसान के बारे में बताएंगी, जिसने अपना आशीर्वाद देकर उनका घर में स्वागत किया था. उन्होंने अपनी बात इस सीख के साथ खत्म की कि किसी की मौजूदगी को कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए. उन्होंने लिखा, 'हम आपको बहुत याद करेंगे. और जब हमारे बच्चे थोड़े बड़े हो जाएंगे, तो हम उन्हें उस नेक इंसान के बारे में बताएंगे जिसने अपना आशीर्वाद देकर उनका घर में स्वागत किया था, जो हमारे रोजमर्रा के जीवन का एक अहम हिस्सा थे, और यह भी बताएंगे कि हमें कभी भी किसी की मौजूदगी को हल्के में नहीं लेना चाहिए.'
जुलाई 2016 में शादी के लगभग दस साल बाद मई 2026 में दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के जुड़वां बेटे हुए. हाल ही में 'पति, पत्नी और पंगा 2' में नजर आने के दौरान इस कपल ने बताया कि उन्होंने अपने बेटों का नाम 'दैविक' और 'वैद्विक' रखा है. इससे पहले वे अपने जुड़वां बेटों को T1 और T2 कहकर बुलाते थे. यह कपल पहली बार टीवी शो 'ये है मोहब्बतें' के सेट पर मिला था और 8 जुलाई 2016 को भोपाल में इनकी शादी हुई थी.