App

आखिर क्यों उड़ी पड़ी है मंडावा के लोगों की नींद: गांव पहुंचकर पुलिस को करनी पड़ी समझाइश

Rajasthan News: झुंझुनूं के ढाका का बास गांव में 50 लाख रुपए से ज्यादा की चोरी के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है. पुलिस अब तक चोरों का सुराग नहीं लगा पाई है. ग्रामीणों ने 3 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है.

आखिर क्यों उड़ी पड़ी है मंडावा के लोगों की नींद: गांव पहुंचकर पुलिस को करनी पड़ी समझाइश
Image Credit: Jhunjhunu Theft Villagers Protest

Jhunjhunu News: झुंझुनूं जिले के मंडावा क्षेत्र के निकटवर्ती ढाका का बास गांव में हुई 50 लाख रुपए से अधिक की बड़ी चोरी के मामले में मंडावा पुलिस गांव पहुंची और ग्रामीणों से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया. आपको बता दें कि ढाका का बास गांव में एक ही रात में दो घरों को चोरों ने निशाना बनाया था. बदमाश दोनों घरों से लाखों रुपए की नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए थे.

एक ही रात में दो घरों में चोरी
वारदात को बेहद शातिराना तरीके से अंजाम दिया गया था. बताया गया कि घर के सदस्य अंदर सो रहे थे और चोरों ने परिजनों के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए थे. इसके बाद मकान की खिड़की तोड़कर बदमाश अंदर दाखिल हुए और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए.

FSL और MOB टीम ने जुटाए थे साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद मंडावा थानाधिकारी CI चंद्रभान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे. वहीं FSL और MOB टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे. पुलिस की ओर से मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमें गठित करने और तकनीकी व गोपनीय सूचना के आधार पर जांच की बात कही गई थी.

अब तक पुलिस के हाथ खाली
लेकिन अब तक इस मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं. इतनी बड़ी चोरी की वारदात के बावजूद अभी तक पुलिस को चोरों का एक भी ठोस सुराग नहीं मिल पाया है. आरोपियों की गिरफ्तारी भी नहीं हो सकी है. इसी को लेकर ढाका का बास गांव में ग्रामीणों का आक्रोश देखने को मिला.

ग्रामीणों और महिलाओं ने जताई नाराजगी
मंडावा पुलिस गांव पहुंची तो ग्रामीणों और महिलाओं ने पुलिस के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी वारदात के बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं लगना चिंता का विषय है. चोरी की घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. महिलाओं ने कहा कि दिन-रात न केवल महिलाओं और पुरुषों को, बल्कि बच्चों को भी चोरों का डर सताता है. पूरा गांव सहमा हुआ है.

पुलिस ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा
वहीं मंडावा पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच जारी है और चोरों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.

तीन दिन का दिया समय
इधर ग्रामीणों ने पुलिस को तीन दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन में चोरी का खुलासा नहीं हुआ और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो मंडावा थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और थाने का घेराव भी किया जाएगा. ग्रामीणों ने यह भी कहा है कि अगर इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिला कलेक्टर से मुलाकात कर कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन करेंगे.

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है, लेकिन 50 लाख रुपए से अधिक की चोरी के मामले में अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है. अब ग्रामीणों की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई और मामले के खुलासे पर है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More